Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Jharkhand news: बिजनेस रिफार्म एक्शन प्लान सर्वे में झारखंड को टॉप अचीवर अवार्ड, सीएम ने कहा-राज्य में औद्योगिक निवेश बढ़ाने को सरकार प्रतिबद्ध

    By Pradeep Singh Edited By: Kanchan Singh
    Updated: Wed, 12 Nov 2025 10:32 PM (IST)

    झारखंड को बिजनेस रिफार्म एक्शन प्लान सर्वे में टॉप अचीवर का अवार्ड मिला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार औद्योगिक निवेश बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। यह पुरस्कार व्यापार और उद्योग को बढ़ावा देने के प्रयासों का परिणाम है। सरकार निवेश आकर्षित करने और आर्थिक विकास को गति देने के लिए काम कर रही है। निवेशकों के लिए अनुकूल माहौल बनाने के लिए कई योजनाएं शुरू की गई हैं।

    Hero Image

    बीआरएपी में झारखंड को टॉप अचीवर अवार्ड मिला है।

    राज्य ब्यूरो, रांची। बिजनेस रिफार्म एक्शन प्लान सर्वे (बीआरएपी) में झारखंड को टॉप अचीवर अवार्ड मिला है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की दूरदर्शी सोच, कुशल नेतृत्व और सार्थक प्रयासों से राज्य आज हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय-डीपीआइआइटी द्वारा यह अवार्ड प्रदान किया जाता है। उद्योग सचिव अरवा राजकमल, उद्योग निदेशक विशाल सागर एवं प्रबंध निदेशक, जियाडा वरुण रंजन ने अवार्ड प्राप्त करने के बाद बुधवार को झारखंड मंत्रालय में मुख्यमंत्री से मुलाकात की।

    उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि झारखंड को यह सम्मान बिजनेस एंट्री, कंस्ट्रक्शन परमिट, लेबर रेगुलेशन और सर्विस सेक्टर में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मिला है। मुख्यमंत्री ने इस सम्मान के लिए अधिकारियों को बधाई दी और कहा कि ये उपलब्धि पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है। ऐसे सम्मान से और बेहतर करने की हमें प्रेरणा मिलती है। सरकार राज्य में औद्योगिक निवेश बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

    विकास में नित्य नई ऊंचाइयों को हासिल कर रहा हमारा झारखंड

    मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी के समन्वित प्रयास का नतीजा है कि झारखंड विकास के मामले में नित्य नई ऊंचाइयों को छू रहा है। इस कड़ी में जो भी जरूरी कदम उठाने होंगे, सरकार उससे पीछे नहीं हटेगी।

    राज्य हित में हमारी सरकार लगातार योजनाएं बना रही है। इन योजनाओं को बेहतर क्रियान्वयन हो, इसमें हर अधिकारी की अहम भूमिका है। सभी के प्रयासों से हम एक नया और विकसित झारखंड बनाने में निश्चित तौर पर कामयाब होंगे।

    क्या है बिजनेस रिफार्म्स एक्शन प्लान अवार्ड

    केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय- डीपीआइआइटी के इज ऑफ डूइंग बिजनेस के तहत बिजनेस रिफार्म्स एक्शन प्लान का उद्देश्य प्रमुख नियामक और शासन संकेतकों पर राज्यों के प्रदर्शन का मूल्यांकन करना है।

    इसके जरिए राज्यों में प्रतिस्पर्धी और सुधार-उन्मुख कारोबारी माहौल को बढ़ावा देना है। झारखंड को यह सम्मान प्राप्त होना औद्योगिक निवेश के प्रति राज्य की मजबूत प्रतिबद्धता, नीतिगत नवाचार, डिजिटल और संस्थागत दक्षता को दर्शाता है।

    झारखंड आज पारदर्शिता, जवाबदेही और व्यापार करने में सहूलियत को बढ़ावा देने वाली पहलों के माध्यम से देश के सबसे प्रगतिशील और निवेश अनुकूल राज्य के रूप में स्थापित हो रहा है।