झारखंड के लाखों कर्मचारियों को बड़ी सौगात! महंगाई भत्ता बढ़ा, 745 आरोग्य मंदिरों में खुलेंगे अबुआ दवाखाना
Jharkhand Cabinet Decisions:झारखंड कैबिनेट ने सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के महंगाई भत्ते में 2 से 9 प्रतिशत की बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। ...और पढ़ें

झारखंड कैबिनेट की बैठक की अध्यक्षता करते मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और साथ में मंत्री दीपिका पांडेय। (फोटो साैजन्य)
HighLights
सरकारी कर्मियों, पेंशनभोगियों का महंगाई भत्ता 2-9% बढ़ा।
745 आरोग्य मंदिरों में अबुआ दवाखाना स्थापित होगा।
मादक पदार्थ सूचना देने वालों को इनाम मिलेगा।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड कैबिनेट की बैठक में सरकारी कर्मियों और पेंशन भोगियो को महंगाई भत्ता बढ़ाकर देने का निर्णय लिया गया है। बुधवार को कैबिनेट की बैठक में झारखंड सरकार के कर्मियों और पेंशन भोगियों के महंगाई भत्ता में राज्य सरकार ने दो से नौ प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी है। इन्हें एक जनवरी 2026 के प्रभाव से बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता मिलेगा।
वहीं, राज्य के 745 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में अबुआ दवाखाना स्थापित करने का निर्णय लिया गया है। एक ही दवाखाना में एलोपैथी, होमियोपैथी, आयुर्वेदिक, यूनानी व सिद्धा पद्धति की दवाएं मिलेंगी। मंत्रिमंडल की बैठक में कुल 39 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
कैबिनेट की बैठक के बाद प्रधान सचिव वंदना डाडेल ने जानकारी दी कि एक जनवरी 2016 से पुनरीक्षित वेतनमान लेनेवाले राज्य कर्मियों, पेंशन भोगियों व पारिवारिक पेंशन पाने वालों के महंगाई भत्ता (डीए) 58 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत कर दिया गया है।
वहीं, अपुनरीक्षित वेतनमान वालों का 257 प्रतिशत से बढ़ाकर डीएं 262 प्रतिशत किया गया है, जबकि पंचम वेतनमान वालों का डीए 474 प्रतिशत से बढ़ाकर 483 प्रतिशत किया गया है। राज्य कैबिनेट ने मादक पदार्थों के उत्पादन, तस्करी की सूचना देनेवालों के लिए इनाम की भी घोषणा की है।
खबरें और भी
इनके साथ ही मुखबिरों व पुलिस कर्मियों को भी लाभ दिया जाएगा। अलग-अलग मादक पदार्थों के लिए इनाम की राशि तय कर दी गई है और यह राशि तीन हजार से लेकर दो लाख रुपये तक होगी।
अबुआ दवाखाना में योग प्रशिक्षकों को तीन हजार रुपये मिलेंगे
कैबिनेट ने निर्णय लिया है कि सभी आरोग्य मंदिरों में अबुआ दवाखाना खुलेगा। इसके लिए आधारभूत संरचना तैयार करने पर सरकार पांच लाख रुपये खर्च करेगी। इसके साथ ही आयुष्मान आरोग्य मंदिर में कार्यरत योग प्रशिक्षक को तीन हजार रुपये मासिक मानदेय देने का निर्णय लिया गया है। यहां एक ही छत के नीचे एलोपैथी, होमियोपैथी, आयुर्वेदिक, यूनानी व सिद्धा पद्धति की दवाएं उपलब्ध रहेंगी।
झारखंड भवन के कमरे हुए महंगे
राज्य सरकार ने झारखंड भवन दिल्ली में कमरों के बुकिंग की दर में बढ़ोतरी कर दी है। सरकारी कार्य के लिए आरक्षण शुल्क अब 20 रुपये की जगह 100 रुपये लगेगा। निजी के लिए दो सौ रुपये की जगह पहले तीन दिन 750 रुपये लगेगा, चार से छह दिन के लिए एक हजार रुपये और और सात दिन या उससे अधिक पर प्रतिदिन दो हजार रुपये देने होंगे।
वहीं, निजी व्यक्ति के लिए या वीआईपी की सिफारिश पर आने वालों के लिए पहले तीन दिन तीन हजार रुपये, चौथे से छठे दिन के लिए चार हजार रुपये और सात दिन या उससे अधिक पर प्रतिदिन पांच हजार रुपये देने होंगे।
कलाकारों के मासिक पेंशन में छूट
राज्य में गंभीर रूप से बीमार और दिव्यांग कलाकारों के लिए मासिक पेंशन योजना में छूट दी गई है। पूर्व में 60 साल की उम्र आवश्यक थी, जिसे खत्म कर दिया गया है।
60 वर्ष से अधिक उम्र के वृद्ध कलाकारों, गंभीर रूप से बीमार और दिव्यांग कलाकारों को हर महीने 4000 रुपये मासिक पेंशन दिया जाएगा। यह लाभ उन्हें ही मिल सकेगा जिनकी सभी स्त्रोतों से मासिक आय 8000 रुपये से कम है।
पेट्रोल, डीजल और शराब के खुदरा विक्रेताओं को रिटर्न भरने में राहत
राज्य के पेट्रोल, डीजल और शराब के खुदरा विक्रेताओं को रिटर्न भरने में राहत दी गई है। राज्य के अंदर पेट्रोल, डीजल और शराब (मदिरा) बेचने वाले खुदरा विक्रेताओं को पहले ही खरीद के समय वैट का भुगतान करना होता है। ऐसे में अब उन्हें त्रैमासिक रिपोर्ट और मासिक रिपोर्ट दाखिल करने से छूट दी गई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।