Trending

    loading ads...
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पेपर लीक पर झारखंड पुलिस का 'फुलप्रूफ' प्लान, DGP तदाशा मिश्रा ने NEET और JSSC परीक्षाओं के लिए जारी किए कड़े निर्देश

    Updated: Wed, 22 Apr 2026 09:00 PM (IST)

    डीजीपी तदाशा मिश्रा ने आगामी नीट, जेईई, सीयूईटी और जेएसएससी परीक्षाओं के सुचारु संचालन और कदाचार मुक्त आयोजन के लिए उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। उन्हो ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    झारखंड में नीट, जेईई, जेएसएससी परीक्षाओं के लिए डीजीपी ने कड़े सुरक्षा निर्देश दिए।

    राज्य ब्यूरो, रांची। पुलिस मुख्यालय में बुधवार को डीजीपी तदाशा मिश्रा ने राज्य में केंद्र व राज्य स्तर पर आयोजित होने वाली विभिन्न परीक्षाओं के मद्देनजर सभी जिलों के एसएसपी-एसपी, रेंज डीआइजी, जोनल आइजी के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग से उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की।

    आने वाले दिनों में नीट, जेईई, सीयूईटी, झारखंड राज्य कर्मचारी चयन आयोग से जुड़ी परीक्षाएं होनी हैं। इन परीक्षाओं को कदाचार मुक्त कराने से लेकर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने तक के लिए उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया।

    पूर्व में कथित पेपर लीक से जुड़े मामले सामने आ चुके हैं। जेएसएससी-सीजीएल, उत्पाद सिपाही परीक्षा के दौरान कथित पेपर लीक मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस को बड़ी कार्रवाई भी करनी पड़ी है। पूर्व की घटनाओं से सीख लेते हुए इस बार पहले ही डीजीपी ने अधिकारियों को सतर्क किया है कि भविष्य में किसी तरह की कोई परेशानी न हो।

    डीजीपी ने तीन मई को होने जा रही नीट (यूजी) 2026 परीक्षा के सफल संचालन के लिए आवश्यक तैयारियों की भी समीक्षा की और परीक्षा प्रबंधन को सुदृढ़ बनाने के लिए जिला स्तर पर समन्वय समिति का गठन करने व स्वच्छ रूप से परीक्षा संचालन करवाने का भी सभी एसपी को निर्देश दिया।

    परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त बल की करें प्रतिनियुक्ति, प्रश्नपत्रों का हो सुरक्षित परिवहन

    डीजीपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करें। पुलिस की निगरानी में स्ट्रांग रूम से परीक्षा केंद्रों तक प्रश्नपत्रों का सुरक्षित परिवहन कराएं। सभी जिलों में परीक्षा केंद्र पर परीक्षा के पूर्व निरीक्षण करने के लिए एक नोडल पदाधिकारी को प्रतिनियुक्त करें।

    परीक्षा के पूर्व जिले के होटल, लाज, धर्मशाला व हास्टलों की जांच करें। इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर विशेष निगरानी रखें। परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित साइबर कैफे व संदिग्ध गतिविधियों वाले स्थानों पर कड़ी निगरानी रखें।

    बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन व भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विधि व्यवस्था बनाएं, संदिग्ध व्यक्तियों पर भी नजर बनाए रखें। इसके अलावा सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शुरू होने से पूर्व नोडल अधिकारी परीक्षा केंद्रों, हाल एवं कमरों की जांच करें।

    इसके साथ ही अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करें, ताकि किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में पहुंचने में कठिनाई न हो।

    बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

    पुलिस मुख्यालय में आयोजित बैठक में डीजीपी के साथ एडीजी सीआइडी मनोज कौशिक, आइजी विशेष शाखा प्रभात कुमार, आइजी प्रोविजन पटेल मयूर कन्हैयालाल, एसपी अभियान दीपक कुमार शर्मा मौजूद थे। वहीं, वीडियो कांफ्रेंसिंग से सभी जोनल आइजी, रेंज डीआइजी, एसएसपी व एसपी जुड़े थे।