Trending

    loading ads...
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    झारखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 17 जिलों के उपायुक्त बदले, पांच डीडीसी बने डीसी

    Updated: Sat, 18 Apr 2026 02:18 AM (IST)

    झारखंड सरकार ने बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई आईएएस अधिकारियों का तबादला किया है। अधिसूचना के अनुसार, 17 जिलों के उपायुक्तों को बदला गया ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    झारखंड में कई जिलों के उपायुक्त के तबादले की अधिसूचना जारी हुई है।

    राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड सरकार ने शुक्रवार को बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए आइएएस अधिकारियों का स्थानांतरण आदेश जारी किया है।

    कार्मिक विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार विभिन्न मंत्रालयों, निदेशालयों, आयोग व सोसायटी में महत्वपूर्ण पदों पर स्थापित पांच अधिकारियों को जिलों में उपायुक्त के पद पर स्थानांतरित किया गया है।

    वहीं, दर्जनभर जिलों के उपायुक्तों का एक जिले से दूसरे जिले में स्थानांतरण किया गया है, जबकि पांच डीडीसी को बड़ी जिम्मेदारी देते हुए डीसी के पद पर नियुक्त किया गया है।

    जारी अधिसूचना के अनुसार पदस्थापन की प्रतीक्षा कर रहे संदीप कुमार मीणा को लोहरदगा का डीसी नियुक्त किया गया है। 

    मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग के विशेष सचिव राजीव रंजन को पूर्वी सिंहभूम का उपायुक्त बनाया गया है। राजीव रंजन के पास अबतक मुख्यमंत्री सचिवालय के विशेष सचिव का भी प्रभार था।

    वहीं, झारखंड लोक सेवा आयोग के सचिव संदीप कुमार को लातेहार का उपायुक्त बनाया गया है, जबकि लातेहार में डीसी रहे उत्कर्ष गुप्ता को अब कोडरमा का उपायुक्त बनाया गया है।

    इसी तरह जेएसएलपीएस के सीईओ अनन्य मित्तल गढ़वा के उपायुक्त बनाए गए हैं। निबंधन महानिरीक्षक मेघा भारद्वाज को पाकुड़ का तथा उत्पाद आयुक्त लोकेश मिश्रा को गोड्डा का उपायुक्त बनाया गया है।

    दिलीप प्रताप सिंह शेखावत को लोहरदगा से हटाकर पलामू का उपायुक्त बनाया गया। वहीं, रांची के डीडीसी सौरभ कुमार भुवानिया अब खूंटी के डीसी बना दिए गए हैं।

    इसी तरह खूंटी के डीडीसी आलोक कुमार को जामताड़ा का उपायुक्त बनाया गया है। 

    हजारीबाग के डीसी शशि प्रकाश सिंह को स्थानांतरित कर देवघर का उपायुक्त बनाया गया है। वहीं, साहिबगंज के उपायुक्त हेमंत सती अब हजारीबाग के डीसी होंगे।

    इसी तरह पाकुड़ के डीसी मनीष कुमार को स्थानांतरित कर पश्चिमी सिंहभूम का उपायुक्त बनाया गया है। वहीं, कोडरमा के डीसी रहे ऋतुराज को स्थानांतरित कर रामगढ़ का उपायुक्त नियुक्त किया गया है।

    रवि आनंद को जामताड़ा से स्थानांतरित कर चतरा का उपायुक्त बनाया गया। गोड्डा के डीडीसी दीपक कुमार दुबे को साहिबगंज का उपायुक्त नियुक्त किया गया।

    वहीं, गुमला के डीडीसी दिलेश्वर महतो को बड़ी जिम्मेदारी देते हुए गुमला का डीसी बनाया गया है।

    पूर्वी सिंहभूम के डीसी रहे कर्ण सत्यार्थी और खूंटी की डीसी रहीं आर रानिटा, गढ़वा के डीसी रहे दिनेश यादव, पश्चिमी सिंहभूम के डीसी रहे चंदन कुमार कार्मिक में योगदान देंगे।

    पलामू के डीसी रहीं समीरा एस की भी कहीं पदस्थापना नहीं की गई है, इन अधिकारियों को कार्मिक विभाग में योगदान देने को कहा गया है।