विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड में जमीन-मकान की रजिस्ट्री कराना हुआ महंगा, सरकार ने लगाया 10% एक्स्ट्रा सरचार्ज

By Amit SinghEdited By: Rajat Mourya
Published: Fri, 27 Nov 2026 07:24 AM (IST)

झारखंड के शहरी क्षेत्रों में जमीन, मकान और फ्लैट की रजिस्ट्री अब महंगी हो गई है। राज्य सरकार ने संपत्ति के हस्तांतरण पर स्टांप और निबंधन शुल्क की कुल राशि पर 10 प्रतिशत अतिरिक्त सरचार्ज लगाने का फैसला किया है, जिससे प्रभावी खर्च 7.7 प्रतिशत हो गया है।

झारखंड में जमीन-मकान की रजिस्ट्री कराना अब पड़ेगा महंगा (AI Generated Image)

झारखंड में जमीन-मकान की रजिस्ट्री कराना अब पड़ेगा महंगा (AI Generated Image)

HighLights

  1. शहरी क्षेत्रों में संपत्ति रजिस्ट्री पर 10% अतिरिक्त सरचार्ज।

  2. स्टांप और निबंधन शुल्क पर प्रभावी खर्च 7.7% हुआ।

  3. हर एक लाख पर 700 रुपये अतिरिक्त देने होंगे।

जागरण संवाददाता, रांची। झारखंड के शहरी क्षेत्रों में जमीन, मकान और फ्लैट की रजिस्ट्री (Jharkhand Property Registry Cost) कराना अब महंगा हो गया है। राज्य सरकार ने संपत्ति के हस्तांतरण पर स्टांप शुल्क और निबंधन शुल्क की कुल राशि पर 10 प्रतिशत अतिरिक्त सरचार्ज लगाने का फैसला किया है।

नगर विकास एवं आवास विभाग की ओर से झारखंड नगरपालिका भूमि/भवन स्थानांतरण अधिभार नियमावली-2026 अधिसूचित कर दी गई है। यह नई व्यवस्था 23 नवंबर से प्रभावी हो गई है। इसके बाद शहरी क्षेत्रों में संपत्ति की रजिस्ट्री कराने वालों को पहले की तुलना में अधिक राशि खर्च करनी होगी।

नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार के हस्ताक्षर से 20 नवंबर को अधिसूचना जारी की गई थी। इसका प्रकाशन 23 नवंबर को झारखंड गजट में किया गया। नई नियमावली राज्य के सभी नगर निगम, नगर परिषद, नगर पंचायत और अधिसूचित औद्योगिक नगरी क्षेत्रों में लागू होगी।

एक लाख की रजिस्ट्री पर 700 रुपये अतिरिक्त:

नई व्यवस्था के तहत संपत्ति के बाजार मूल्य पर सीधे 10 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क नहीं लगेगा, बल्कि स्टांप और निबंधन शुल्क की कुल राशि पर 10 प्रतिशत अधिभार देना होगा।

वर्तमान में चार प्रतिशत स्टांप शुल्क और तीन प्रतिशत निबंधन शुल्क के हिसाब से कुल सात प्रतिशत शुल्क लगता है। इस पर 10 प्रतिशत अतिरिक्त अधिभार जुड़ने से प्रभावी खर्च 7.7 प्रतिशत हो जाएगा।

इसका असर संपत्ति की कीमत के साथ बढ़ता जाएगा। उदाहरण के तौर पर पांच लाख रुपये की संपत्ति की रजिस्ट्री पर पहले 35 हजार रुपये खर्च होते थे, अब 3500 रुपये अतिरिक्त देने होंगे।

इसी तरह 10 लाख की संपत्ति पर सात हजार, 20 लाख पर 14 हजार, 50 लाख पर 35 हजार और एक करोड़ रुपये की संपत्ति पर 70 हजार रुपये अतिरिक्त खर्च होंगे।

ऑनलाइन होगी सरचार्ज की वसूली:

नई नियमावली के तहत अधिभार की गणना और वसूली ऑनलाइन होगी। इसके लिए राज्य शहरी विकास अभिकरण (सुडा) भुगतान संग्रह की प्रक्रिया तैयार करेगा। नगर निकायों को अलग बैंक खाते खोलने होंगे।

अधिभार की राशि सीधे संबंधित नगर निकाय या औद्योगिक नगरी के खाते में जमा होगी। इसकी वसूली की जिम्मेदारी निबंधन पदाधिकारियों की होगी।

खास बात यह है कि यदि किसी कारण से संपत्ति का निबंधन नहीं होता है तो वसूली गई अधिभार राशि वापस कर दी जाएगी। वहीं, स्टांप या निबंधन शुल्क माफ होने की स्थिति में अधिभार भी स्वतः समाप्त हो जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।