Trending

    loading ads...
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कांके डैम के पास मुठभेड़: रांची में जमीन कारोबारी की हत्या करने वाले शूटर के दोनों पैरों में पुलिस ने मारी गोली

    By Prince kumarEdited By: Chandan Sharma
    Updated: Wed, 22 Apr 2026 05:57 PM (IST)

    रांची के सुखदेव नगर में पुलिस मुठभेड़ के बाद कुख्यात अपराधी सत्यम पाठक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पैरों में गोली लगने के बाद उसे रिम्स में भर्ती कराय ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    पंडरा हत्याकांड के आरोपियों से कांके में पुलिस की मुठभेड़। (फोटो: जागरण)

    जागरण संवाददाता, रांची। सुखदेव नगर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे पुलिस और कुख्यात अपराधी सत्यम पाठक के बीच मुठभेड़ हुई। डैम के समीप हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने जवाबी फायरिंग करते हुए सत्यम पाठक को दोनों पैरों में गोली मार दी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर रिम्स में भर्ती कराया गया।

    चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत खतरे से बाहर है, लेकिन इलाज पूरा होते ही उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया जाएगा। सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि सत्यम पाठक ने ही भार्गव सिंह को गोली मारी थी। मास्टरमाइंड विजय टेटे की तलाश जारी है।

    प्रारंभिक पूछताछ में पाठक ने इस घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली है। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद सत्यम घटनास्थल से भागकर ओटीसी मैदान होते हुए डैम साइड पहुंचा, जहां उसने हथियार और गोलियां छिपा दीं और फरार होने की योजना बनाने लगा।

    पुलिस को बुधवार तड़के करीब चार बजे सूचना मिली कि सत्यम विकास नेवरी इलाके में बस पकड़ने के लिए मौजूद है। इस सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उसे गिरफ्तार कर थाने ले आई। पूछताछ के दौरान उसने डैम साइड पर हथियार छिपाने की जानकारी दी।

    जब पुलिस उसे बरामदगी के लिए वहां लेकर गई, तभी सत्यम एक पुलिसकर्मी का हथियार छीनकर भागने की कोशिश की। भागते हुए सत्यम ने पुलिस पर दो राउंड फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने पांच राउंड गोलियां चलाईं। इसी दौरान सत्यम दोनों पैरों में गोली लगी।

    वह मौके पर ही काबू में आ गया। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी राकेश रंजन सहित कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने एक पिस्टल, एक देशी कट्टा, आठ जिंदा गोलियां, एक खोखा और एक मोबाइल बरामद किया है।

    सीसीटीवी के फुटेज खंगालने पर शूटर सत्यम की हुई पहचान

    जमीन कारोबारी भार्गव सिंह की हत्या के बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिससे सत्यम की संलिप्तता की पुष्टि हुई। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने रास्ते में कपड़े बदले, टोपी पहनी और चेहरे पर मास्क लगाकर अपनी पहचान छिपाने की कोशिश की थी।

    इस मामले में पुलिस ने विजय हेंड्री टेटे को मंगलवार को ही गिरफ्तार कर कर लिया था। पुलिस अब सत्यम के स्वस्थ होने का इंतजार कर रही है ताकि उससे और गहन पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और साजिश का पर्दाफाश किया जा सके।

    पूर्व पार्षद की हत्या के मामले में जेल गया था सत्यम पाठक

    पुलिस रिकार्ड के अनुसार, सत्यम पाठक कोई नया अपराधी नहीं है। वर्ष 2024 में धुर्वा क्षेत्र में पूर्व पार्षद वेद प्रकाश की गोली मारकर हत्या के मामले में भी वह आरोपित रहा है। उस मामले में वह जेल गया था, लेकिन जमानत पर बाहर आने के बाद उसने दोबारा हत्या जैसी संगीन घटना को अंजाम दिया।

    सत्यम पाठक पंडरा थाना क्षेत्र के लकड़ीटाल का निवासी है और लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहा है। सत्यम पाठक के द्वारा पहले गोली चलाई गई थी। इसके बाद पुलिस के द्वारा गोली चलाई गई। पुलिस के द्वारा पांच राउंड फायरिंग की गई जिसमें सत्यम को दो गोली लगी। सत्यम पूरी तरह से ठीक हो जाएग तो उसे जेल भेज दिया जाएगा।

    -पारस राणा, सिटी एसपी, रांची

    kanke enconter

    कांके डैम के पास मुठभेड़ में पहुंची रांची पुलिस की टीम। (फोटो: जागरण)

    यह भी पढ़ें- रांची के हनुमान मंदिर में युवक को मारी गोली, सुरक्षा पर उठे सवाल; मौके पर पहुंचे केंद्रीय मंत्री संजय सेठ

    यह भी पढ़ें- रांची के मंदिर में हत्या के बाद पत्नी संग घूमने निकला आरोपी, मोबाइल लोकेशन से बुटी मोड़ पर धराया