PM Modi Jharkhand Visit: प्रधानमंत्री मोदी के मंच पर चंपई सोरेन की चमक, हिमंत बोले- अबकी बार कोल्हान करेगा नेतृत्व
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जमशेदपुर दौरे पर चंपई सोरेन की चमक देखने को मिली। पीएम मोदी ने झामुमो पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि ये लोग सिर्फ वोट लेने के लिए आदिवासियों के नाम पर राजनीति करते हैं इसीलिए आज गरीब आदिवासी पूछ रहा है कि चंपई सोरेन आदिवासी नहीं थे क्या। वहीं असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि इस बार कोल्हान ही नेतृत्व करेगा।
राज्य ब्यूरो, रांची। जमशेदपुर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारतीय जनता पार्टी की परिवर्तन यात्रा को संबोधित करने पहुंचे तो रास्ते में पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के साथ उनके होर्डिंग भरे पड़े थे। पीएम मोदी के आने से पहले जो वक्ता भाषण दे रहे थे, वे चंपई सोरेन को कोल्हान टाइगर ही कह रहे थे।
चंपई सोरेन भी भाजपा के रंग में पूरी तरह रंगे थे। उनके भाषण में बांग्लादेशी घुसपैठ से संताल आदिवासी समाज की जनसंंख्या कम होने का मुद्दा अहम रहा। भाषण समाप्त करते समय चंपई सोरेन जयश्री राम कहना नहीं भूले।
पीएम ने पूछा- चंपई को किस अपराध में सीएम पद से हटाया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत बारिश के बावजूद लोगों से मिले प्यार से की। इस दौरान पीएम मोदी चंपई सोरेन का नाम लेकर झामुमो पर तीखा प्रहार किया।
पीएम ने कहा कि वोट लेने के लिए ये लोग (झामुमो नेता) आदिवासियों के नाम पर राजनीति करते हैं, इनमें आदिवासी समाज के लिए कोई सम्मान नहीं है। इनके लिए सिर्फ सियासी फायदा ही सबसे ऊपर हैं।
पीएम ने कहा कि आज गरीब आदिवासी पूछ रहा है कि चंपई सोरेन आदिवासी नहीं थे क्या। चंपई सोरेन को आखिर किस अपराध में मुख्यमंत्री पद से हटाया गया। मंच पर आते और जाते हुए प्रधानमंत्री गर्मजोशी से चंपई सोरेन से मिले।
कोल्हान करेगा झारखंड का नेतृत्व: हिमंत सरमा
इससे पहले असम के मुख्यमंत्री जब अपना भाषण दे रहे थे, तो उन्होंने लोगों से पूछा कि इसबार 14 में से कितनी सीटें मिलेंगी। भीड़ का जवाब मिला सभी 14 सीटें भाजपा जीतेगी।
इसके बाद हिमंत अपने पीछे बैठे चंपई सोरेन की तरफ मुखातिब हुए और कहा कि चंपई दा लोग तो सभी 14 सीटों जिता रहे हैं। इसका मतलब है कि इसबार कोल्हान ही नेतृत्व करेगा। खास बात यह है कि जब हिमंत बिस्वा सरमा यह बोल रहे थे तब प्रधानमंत्री मंच के करीब पहुंच चुके थे।
शिवराज ने बताया झामुमो का मतलब
केंद्रीय कृषि मंत्री और झारखंड के चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि झामुमो का मतलब है जुर्म माफिया, मर्डर माफिया और मनी माफिया।
उन्होंने कहा कि इसबार विधानसभा चुनाव में भाजपा की सरकार बनाने के लिए जमशेदपुर को लोगों ने काफी उत्साह दिखाया है।
यह भी पढ़ें: PM Modi Jharkhand Visit: हेमंत की भाभी और चंपई सोरेन के लिए PM का छलका दर्द, भरी सभा में JMM को दिया बड़ा संदेश