रांची में अब 4 इंच बोरिंग के लिए भी लेना होगा NOC, रात में निगरानी करेंगी इनफोर्समेंट टीम
रांची नगर निगम ने भू-गर्भ जल स्तर बचाने के लिए बोरिंग के नियमों को सख्त किया है। अब 4 इंच की बोरिंग के लिए भी एनओसी अनिवार्य है और अवैध बोरिंग पर कड़ी ...और पढ़ें

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
4 इंच बोरिंग के लिए निगम से एनओसी अनिवार्य।
अवैध 6 इंच बोरिंग पर होगी कड़ी कार्रवाई।
रात्रि इन्फोर्समेंट टीमें करेंगी विशेष निगरानी।
जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी में लगातार गिरते भू-गर्भ जल स्तर और अनियंत्रित जल दोहन पर रोक लगाने के लिए रांची नगर निगम ने सख्ती शुरू कर दी है।
अब बिना अनुमति कराई जाने वाली बोरिंग पर कार्रवाई होगी। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि 6 इंच की बोरिंग बिना अनुमति संचालित पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी, वहीं 4 इंच की बोरिंग के लिए भी नगर निगम से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) लेना अनिवार्य कर दिया गया है।
शुक्रवार को अपर नगर आयुक्त संजय कुमार की अध्यक्षता में जलापूर्ति शाखा के अधिकारियों और रिग मशीन (बोरिंग) संचालकों के साथ आयोजित बैठक में शहर में बढ़ती अवैध बोरिंग गतिविधियों पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई।
बैठक में बताया गया कि वर्तमान में शहर में केवल 207 रिग मशीनों का निबंधन वैध है। इसके बावजूद कई स्थानों पर बिना अनुमति बोरिंग कराने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं, जिससे भू-गर्भ जल स्तर पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
रात में चलेगी निगरानी, अवैध बोरिंग पर होगी कार्रवाई
अपर नगर आयुक्त ने अवैध बोरिंग गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए निगम की रात्रि इन्फोर्समेंट टीमों को विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि रात के समय संचालित होने वाली अवैध बोरिंग गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई होगी।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि शहर में अवैध रूप से बोरिंग कार्य से संबंधित विज्ञापन, पोस्टर, बैनर या अन्य प्रचार-प्रसार सामग्री लगाए जाने पर संबंधित व्यक्ति या संस्था के खिलाफ जुर्माना लगाया जाएगा। निगम का मानना है कि अवैध बोरिंग को बढ़ावा देने वाले प्रचार माध्यमों पर रोक लगाना भी जरूरी है।
रेन वाटर हार्वेस्टिंग अपनाने की अपील
बैठक के दौरान भू-गर्भ जल स्तर में लगातार हो रही गिरावट पर भी चर्चा की गई। अपर नगर आयुक्त ने नागरिकों से जल का विवेकपूर्ण उपयोग करने और अनावश्यक दोहन से बचने की अपील की।
खबरें और भी
उन्होंने कहा कि वर्षा जल संचयन यानी रेन वाटर हार्वेस्टिंग को अपनाकर भू-गर्भ जल स्तर को बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
बैठक में सहायक नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक, सहायक अभियंता, जलापूर्ति शाखा के पदाधिकारी तथा अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।
निगम अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में अवैध बोरिंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।