रांची सिविल कोर्ट में 10 अगस्त से न्यायिक कार्य बहाल, हाई कोर्ट बार चुनाव की सरगर्मी तेज; 21 को मतदान
रांची सिविल कोर्ट में अधिवक्ता 10 अगस्त से न्यायिक कार्य फिर से शुरू करेंगे, जबकि एसडीओ-एक्जिक्यूटिव कोर्ट का बहिष्कार जारी रहेगा। वहीं झारखंड हाई कोर ...और पढ़ें

इंटरनेट मीडिया और वकीलों से मिलकर मांग रहे समर्थन।
HighLights
रांची सिविल कोर्ट में 10 अगस्त से न्यायिक कार्य शुरू।
एसडीओ-एक्जिक्यूटिव कोर्ट का बहिष्कार अगले निर्णय तक जारी।
हाई कोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन चुनाव 21 अगस्त को होगा।
राज्य ब्यूरो, रांची। रांची जिला बार एसोसिएशन के अधिवक्ता 10 अगस्त से सिविल कोर्ट में न्यायिक कार्य में पूर्व की भांति शामिल होंगे। एडहाक कमेटी के सदस्य एसपी अग्रवाल और संजय कुमार विद्रोही ने शनिवार को संयुक्त रूप से घोषणा की है। सभी अधिवक्ताओं से नियमित न्यायिक कार्य में भाग लेने की अपील की गई है।
सूचना के अनुसार सोमवार से पुराने और नए बार भवन, दोनों तरफ के काउंटर भी पूर्व की तरह खोल दिए जाएंगे और नियमित रूप से काम करेंगे। सिविल कोर्ट में न्यायिक कार्य शुरू करने और दोनों तरफ के काउंटर खोलने के संबंध में पूर्व की आमसभा-एसोसिएशन द्वारा लिए गए निर्णय के अतिरिक्त अन्य सभी निर्णय यथावत प्रभावी रहेगा।
विशेष रूप से एसडीओ-एक्जिक्यूटिव कोर्ट सहित अन्य संबंधित न्यायालयों और कार्यालयों में अनिश्चितकालीन न्यायिक कार्य बहिष्कार का जो निर्णय पूर्व में लिया गया था, वह अगले निर्णय तक जारी रहेगा। एडहाक कमेटी ने सभी अधिवक्ताओं से एसोसिएशन द्वारा लिए गए निर्णयों का पूर्ण अनुपालन करते हुए एकता और अनुशासन बनाए रखने का आग्रह किया है।
एडवोकेट एसोसिएशन चुनाव में वकीलों की जोर आजमाइश शुरू
हाई कोर्ट के एडवोकेट एसोसिएशन के चुनाव की घोषणा होने के बाद वकीलों ने जोर आजमाइश शुरू कर दी है। अपने पक्ष में वोट करने के लिए कई वकील इंटरनेट मीडिया का सहारा ले रहें हैं और लोगों से मिलकर अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। एसोसिएशन का चुनाव 21 अगस्त को सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक होगा।
खबरें और भी
मतगणना 22 अगस्त को सुबह 10:30 बजे से शुरू होगी और अंतिम परिणाम आने तक जारी रहेगी। नामांकन पत्र 12 अगस्त से 14 अगस्त तक दोपहर तीन बजे तक जारी किए जाएंगे, जबकि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 14 अगस्त पांच बजे तक है।
नामांकन पत्रों की जांच 17 अगस्त को होगी तथा वैध नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 18 अगस्त दोपहर 3:30 बजे तक रखी गई है। अभ्यर्थियों की अंतिम सूची 18 अगस्त शाम पांच बजे प्रकाशित की जाएगी।
चुनाव पदों का विवरण एवं अनिवार्यता
- अध्यक्ष : 1 पद, न्यूनतम 15 वर्ष की सदस्यता एवं नियमित प्रैक्टिस
- उपाध्यक्ष : 1 पद, न्यूनतम 10 वर्ष की सदस्यता एवं नियमित प्रैक्टिस
- महासचिव : 1 पद, न्यूनतम 10 वर्ष की सदस्यता एवं नियमित प्रैक्टिस
- कोषाध्यक्ष : 1 पद, न्यूनतम 5 वर्ष की सदस्यता एवं नियमित प्रैक्टिस
- सचिव, प्रशासन : 2 पद, न्यूनतम 5 वर्ष की सदस्यता
- सचिव, पुस्तकालय: 1 पद, न्यूनतम 5 वर्ष की सदस्यता
- कार्यकारिणी समिति : 9 पद, न्यूनतम 2 वर्ष की सदस्यता
इस बार महिलाओं को मिलेगा आरक्षण
सभी पदाधिकारियों का अनारक्षित हैं। हालांकि, लगभग 30 प्रतिशत सीटें महिला अधिवक्ताओं के लिए आरक्षित की गई हैं। इसके तहत सचिव, प्रशासन का एक पद महिला सदस्य के लिए आरक्षित किया गया है तथा कार्यकारिणी समिति के नौ पदों में से चार पद महिला अधिवक्ताओं के लिए आरक्षित हैं।
उम्मीदवारी के लिए नामांकन शुल्क
- अध्यक्ष : 5,500 रुपये
- उपाध्यक्ष : 4,500 रुपये
- महासचिव : 4,000 रुपये
- कोषाध्यक्ष : 3,500 रुपये
- सचिव (प्रशासन एवं पुस्तकालय) : 3,500 रुपये (प्रत्येक
- कार्यकारिणी समिति सदस्य : 1,500 रुपये
नामांकन पत्र की राशि 1,000 रुपये तथा कार्यकारिणी समिति के लिए 500 रुपये निर्धारित की गई है। जमा की गई नामांकन राशि वापस नहीं की जाएगी। उम्मीदवारों को दिसंबर, 2025 तक का संघ का पूर्ण सदस्यता शुल्क जमा करना अनिवार्य है और उन पर कोई पुस्तकालय बकाया नहीं होना चाहिए। नामांकन पत्र एसोसिएशन के कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं।