विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रांची में बिहार के पूर्व एमएलसी के बॉटलिंग प्लांट का लाइसेंस रद, अवैध शराब मिलने पर डीसी का बड़ा एक्शन

Updated: Sat, 22 Aug 2026 11:55 AM (IST)

रांची उपायुक्त ने पूर्व राजद एमएलसी सुबोध कुमार राय के तरंगनी लीकर्स बॉटलिंग प्लांट का लाइसेंस रद्द कर दिया है। यह कार्रवाई 1 जुलाई की छापेमारी में अवैध शराब मिलने और उत्पाद नियमों के उल्लंघन के बाद की गई।

एक जुलाई को छापेमारी में मिली थी अवैध शराब, 18 अगस्त को रद हुआ लाइसेंस।

एक जुलाई को छापेमारी में मिली थी अवैध शराब, 18 अगस्त को रद हुआ लाइसेंस।

HighLights

  1. रांची उपायुक्त ने तरंगनी लीकर्स बॉटलिंग प्लांट का लाइसेंस रद्द किया।

  2. यह प्लांट बिहार के पूर्व राजद एमएलसी सुबोध कुमार राय का है।

  3. अवैध शराब मिलने के बाद उत्पाद नियमों का उल्लंघन पाया गया।

राज्य ब्यूरो, रांची। रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने ओरमांझी थाना क्षेत्र के उकरीद स्थित बाॅटलिंग प्लांट मेसर्स तरंगनी लीकर्स प्राइवेट लिमिटेड का लाइसेंस 18 अगस्त को रद कर दिया है। यह प्लांट बिहार के राजद के पूर्व एमएलसी सुबोध कुमार राय का है।

उपायुक्त ने यह आदेश आरोपितों से प्राप्त स्पष्टीकरण की समीक्षा के बाद जारी किया है। उन्होंने अपने आदेश में लिखा है कि परिस्थितिजन्य साक्ष्य से यह खुलासा हुआ है कि मेसर्स तरंगनी लीकर्स प्राइवेट लिमिटेड के लाइसेंसी परिसर से बरामद अवैध व्हिस्की का निर्माण हुआ है।

उत्पाद कर की अवहेलना कर इसकी बिक्री करने के इरादे से खाली बोतल के गोदाम में छुपाकर रखा गया था। यह गंभीर अनियमितता है। प्रथम दृष्ट्या यह प्रतीत हुआ है कि लाइसेंसधारी ने नियमों व शर्तों का उल्लंघन किया है।

उनके स्पष्टीकरण को अस्वीकारते हुए उत्पाद अधिनियम के तहत डीसी ने तरंगनी लीकर्स प्राइवेट लिमिटेड के लाइसेंस को रद (विखंडित) किया है। उपायुक्त ने आदेश में एक जुलाई की छापेमारी का भी जिक्र किया है।

उन्होंने अपने आदेश में लिखा है कि उक्त प्लांट में औचक निरीक्षण के दौरान गैर पंजीकृत ब्रांड के खाली बोतल गोदाम व गोदाम के मुख्य द्वार के सामने लगे टाटा 710 ट्रक (बीआर01जीके2862) में भी अवैध शराब, बीयर की बरामदगी हुई थी।

इनमें 218 पेटी आफ्टर डार्क ब्लू रेयर ग्रेन व्हिस्की, सात पेटी 8पीएम प्रीमियम ब्लैक सुपीरियर व्हिस्की, 22 पेटी रायलसन गोल्ड व्हिस्की, 56 पेटी रायलसन गोल्ड व्हिस्की व 70 पेटी किंगफिशर स्ट्रांग प्रीमियम बीयर की बरामदगी हुई थी।

बता दें कि पहले भी रांची पुलिस की रिमांड पर बिहार के पूर्व एमएलसी सुबोध राय को लिया जा चुका है। जांच से बचने के लिए शराब की बोतलों पर सस्ते फर्जी लेबल लगाने का आरोप भी है।

यह भी पढ़ें- रांची के सीलबंद शराब फैक्ट्री से सारे सबूत गायब, अनियमितता उजागर होने के बावजूद संचालित होता रहा प्लांट

यह भी पढ़ें- उत्पाद दारोगा ने रांची के थाने में बिहार के पूर्व एमएलसी के विरुद्ध दर्ज कराई साक्ष्य मिटाने व चोरी की प्राथमिकी

यह भी पढ़ें- पुलिस रिमांड पर बिहार के पूर्व MLC सुबोध राय; जांच से बचने के लिए शराब की बोतलों पर लगाता था सस्ते फर्जी लेबल