विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रांची में प्याज के भाव आसमान पर, नया प्याज आते ही गिरेंगे दाम; दो सप्ताह करें इंतजार

Published: Mon, 24 Aug 2026 09:04 AM (IST)

रांची में प्याज की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, थोक में 35-42 रुपये और खुदरा में 45-50 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। नई फसल की आवक में देरी के कारण यह तेजी है, लेकिन दो सप्ताह में दक्षिण भारत से नई फसल आने पर दाम गिरने की उम्मीद है।

दक्षिण भारत से नई फसल आने के बाद मंडियों में बढ़ेगी आवक।

दक्षिण भारत से नई फसल आने के बाद मंडियों में बढ़ेगी आवक।

HighLights

  1. रांची में प्याज 45-50 रुपये प्रति किलो तक पहुंचा।

  2. दक्षिण भारत से नई फसल की आवक में देरी से दाम बढ़े।

  3. दो सप्ताह में नई फसल आने पर कीमतों में गिरावट की उम्मीद।

जागरण संवाददात, रांची। राजधानी के बाजार में प्याज की कीमत में पिछले कुछ दिनों से लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। वर्तमान में पंडरा थोक मंडी में प्याज 35 से 42 रुपये किलो तक बिक रहा है, जबकि खुदरा बाजार में इसकी कीमत 45 से 50 रुपये किलो पहुंच गई है। कारोबारियों का कहना है कि कीमतों में यह तेजी फिलहाल नई फसल की आवक में देरी के कारण है।

वहीं पंडरा आलू-प्याज व्यवसायी संघ के सचिव रोहित कुमार ने बताया कि सामान्य तौर पर सावन की शुरुआत तक दक्षिण भारत की मंडियों से प्याज की नई फसल रांची पहुंचने लगती थी। इस वर्ष नई फसल की आवक में देरी हुई है। इसके कारण बाजार में उपलब्ध प्याज पर दबाव बढ़ा और कीमतों में तेजी देखने को मिली।

दो सप्ताह बाद राहत की उम्मीद

कारोबारियों के अनुसार दक्षिण भारत से प्याज की नई फसल अगले दो सप्ताह के भीतर मंडियों में पहुंच सकती है। नई फसल की आवक शुरू होते ही बाजार में प्याज की उपलब्धता बढ़ेगी और कीमतों में कमी आने की उम्मीद है।

ऐसे में उपभोक्ताओं को फिलहाल करीब दो सप्ताह इंतजार करना पड़ सकता है। वहीं प्याज की कीमतों में तेजी 13 और 14 अगस्त से देखने को मिली। 14 अगस्त को पंडरा थोक मंडी में प्याज 28 से 30 रुपये किलो बिक रहा था।

कुछ ही दिनों में इसकी कीमत बढ़कर 42 रुपये किलो तक पहुंच गई। रांची में फिलहाल प्याज की आपूर्ति मुख्य रूप से मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र से हो रही है।

रोज पहुंच रहे 10 से 12 ट्रक

संघ के सदस्यों ने बताया कि रांची की मंडियों में प्रतिदिन करीब 10 से 12 ट्रक प्याज पहुंच रहे हैं। सावन के कारण आवक में मामूली कमी जरूर रही, लेकिन इसका खास असर थोक बाजार पर नहीं पड़ा है। वहीं पंडरा मंडी में सफेद आलू 7 से 8 रुपये, लाल आलू 10 से 12 रुपये और एलटी आलू 11 से 14 रुपये किलो बिक रहा है। वहीं लहसुन की कीमत 60 से 170 रुपये किलो और अदरक 130 से 140 रुपये किलो है। 

यह भी पढ़ें- झारखंड में थोक उपभोक्ताओं के लिए चीनी स्टॉक सीमा तय, त्योहारी सीजन में बढ़ सकती है मिठाइयों की कीमत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।