रांची रेल मंडल की यात्रियों को सौगात, 17 करोड़ से बदलेगी 3 स्टेशनों की सूरत; बनेंगे हाई लेवल प्लेटफॉर्म
रांची मंडल में टांगरबंसली, गौतमधारा और रांची स्टेशन के प्लेटफॉर्म 1बी पर हाई लेवल प्लेटफॉर्म का निर्माण तेजी से जारी है। ...और पढ़ें

एआई द्वारा जेनरेट की गई इमेज। (जागरण)
HighLights
टांगरबंसली, गौतमधारा, रांची स्टेशन पर हाई लेवल प्लेटफॉर्म निर्माण।
17 करोड़ की लागत से आधुनिक यात्री सुविधाएं मिलेंगी।
बुजुर्गों, दिव्यांगों के लिए यात्रा होगी अधिक सुरक्षित।
जागरण संवाददाता, रांची। रांची मंडल यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आधारभूत संरचना के विकास और उन्नयन के कार्यों को लगातार आगे बढ़ा रहा है।
इसी क्रम में मंडल के टांगरबंसली, गौतमधारा तथा रांची स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या-1 बी पर उच्च स्तरीय (हाई लेवल) प्लेटफार्म निर्माण कार्य तीव्र गति से कराया जा रहा है।
रेलवे द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, टांगरबंसली स्टेशन पर 360 मीटर लंबा एवं 8 मीटर चौड़ा, गौतमधारा स्टेशन पर 450 मीटर लंबा एवं 8 मीटर चौड़ा तथा रांची स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या-1बी पर 465 मीटर लंबा एवं औसतन 8.5 मीटर चौड़ा हाई लेवल प्लेटफार्म विकसित किया जा रहा है।
यात्रियों की सुविधा और आराम को ध्यान में रखते हुए इन प्लेटफार्मों पर कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इनमें प्लेटफार्म शेड, बैठने की समुचित व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल के लिए वाटर बूथ, सुरक्षित एवं सुगम आवागमन के लिए चेकर टाइल्स तथा स्टेशन नाम बोर्ड की स्थापना शामिल है।
17 करोड़ की लागत का अनुमान
रेलवे अधिकारियों के अनुसार इन तीनों परियोजनाओं पर लगभग 17 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। वर्तमान में निर्माण कार्य तेजी से जारी है और निर्धारित समय-सीमा के भीतर इसे पूरा करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
हाई लेवल प्लेटफार्म बनने से यात्रियों को ट्रेनों में चढ़ने और उतरने में काफी सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और दिव्यांगजनों के लिए यात्रा अधिक सुरक्षित, सहज और आरामदायक होगी।
यात्रियों की सुरक्षा पहली प्राथमिकता
परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद संबंधित स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं में उल्लेखनीय वृद्धि होने के साथ यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव प्राप्त होगा।
रांची मंडल प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा एवं संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार के यात्री-केंद्रित विकास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा।
यह भी पढ़ें- झारखंड रेलवे को सौगात: कोडरमा-रांची और गिरिडीह-धनबाद नई रेल लाइन के लिए फंड आवंटित