रांची के हनुमान मंदिर में युवक को मारी गोली, सुरक्षा पर उठे सवाल; मौके पर पहुंचे केंद्रीय मंत्री संजय सेठ
रांची के ओटीसी मैदान के पास बजरंगबली मंदिर में पूजा करने आए भागर्व सिंह को अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल भागर्व को पारस अस्पताल र ...और पढ़ें
जागरण संवाददाता, रांची। ओटीसी मैदान के पास मंगलवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अज्ञात अपराधियों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
घटना बजरंगबली मंदिर के समीप हुई, जहां घायल युवक पूजा करने पहुंचा था। घायल की पहचान बैंक कालोनी निवासी भागर्व सिंह के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि वह हर मंगलवार मंदिर में पूजा करने आता था। इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने उस पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक पर सवार तीन अपराधी मौके पर पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी।
गोली लगते ही इलाके में भगदड़ मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना के बाद आरोपी कुछ ही सेकंड में फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पंडरा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
घायल भागर्व सिंह को पहले सिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए पारस अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

वारदात के पीछे हो सकता है जमीन विवाद
प्राथमिक जांच और घायल के बयान के अनुसार, इस हमले के पीछे जमीन विवाद की आशंका जताई जा रही है। भागर्व सिंह ने आरोप लगाया है कि विजय टेटे नामक व्यक्ति से उसका जमीन को लेकर विवाद चल रहा था और उसे पहले भी धमकी दी गई थी।
मौके रांची सांसद व केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ भी पहुंचे। उन्होंने परिजनों और पुलिस से घटना की जानकारी ली। दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने को कहा।
सूत्रों के मुताबिक, दोनों के बीच रतु इलाके की जमीन को लेकर लंबे समय से तनातनी थी। आशंका है कि इसी विवाद के चलते सुनियोजित तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया गया है।
इलाके में घटना के बाद ओटीसी मैदान और आसपास का इलाका कुछ समय के लिए पूरी तरह सन्न रहा। राजधानी रांची में जमीन विवाद पर पहले भी गोलीबारी हो चुकी है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।