विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छोटा भाई कुएं में गिरा तो बचाने कूद गया बड़ा, सिमडेगा में डूबने से दोनों सगे भाइयों की मौत

Published: Fri, 18 Sep 2026 02:15 PM (IST)

सिमडेगा के कसडेगा बस्ती में एक दर्दनाक हादसे में कुएं में डूबने से एक ही परिवार के दो बच्चों की ...और पढ़ें

HighLights

  1. सिमडेगा के कसडेगा बस्ती में कुएं में डूबे दो भाई।

  2. छोटे भाई को बचाने में बड़े भाई ने भी जान गंवाई।

जागरण संवाददाता, सिमडेगा। कुरडेग थाना क्षेत्र के कसडेगा बस्ती में शुक्रवार को दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के दो बच्चों की कुएं में डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान विष्णु कौंध (8) और तुलसी कौंध (10) के रूप में हुई है। दोनों सगे भाई थे। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है, वहीं स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मिली जानकारी के अनुसार दोनों भाई शुक्रवार को घर के पास स्थित कुएं में नहाने गए थे। इसी दौरान छोटा भाई विष्णु अचानक कुएं में गिर गया। कुएं में पानी अत्यधिक होने के कारण वह डूबने लगा। छोटे भाई को डूबता देख बड़ा भाई तुलसी उसे बचाने के लिए कुएं में कूद गया। दोनों भाइयों ने बाहर निकलने का प्रयास किया, लेकिन पानी अधिक होने के कारण वे सफल नहीं हो सके और दोनों की डूबने से मौत हो गई।

इस घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों बच्चों को कुएं से बाहर निकालने का प्रयास किया। हादसे की सूचना मिलते ही स्वजनों में चीख पुकार मच गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। दोनों बच्चों के पिता पेशे से मजदूर हैं, जो मजदूरी कर अपना और परिवार का भरण पोषण करते हैं।

एक ही परिवार के दो बच्चों की मौत से कसडेगा बस्ती में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना कुरडेग पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों के शवों को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

पुलिस ने घटना के संबंध में परिजनों और ग्रामीणों से जानकारी ली तथा आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। हादसे ने परिवार को गहरा सदमा दिया है। दोनों बच्चों की एक साथ मौत से गांव में भी गम का माहौल बना हुआ है। 

यह भी पढ़ें- प्रार्थना के बाद स्कूल की चारदीवारी फांदकर निकला छात्र, चतरा में कुएं में डूबने से 14 वर्षीय राकेश की मौत