Trending

    क्या हेलमेट लगाने से सच में बाल झड़ते हैं? डर्मेटोलॉजिस्ट की ये सलाह जरूर पढ़ें

    Updated: Tue, 03 Mar 2026 02:07 PM (IST)

    हेलमेट पहनने से बाल झड़ने की समस्या 'ट्रैक्शन एलोपेसिया' के कारण हो सकती है, जो लगातार खिंचाव और रगड़ से होती है। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    हेलमेट की वजह से तो नहीं झड़ रहे बाल? (Image Source: AI-Generated) 

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। सड़क पर हमारी सुरक्षा के लिए हेलमेट पहनना बेहद जरूरी है, लेकिन क्या आपने कभी गौर किया है कि रोजाना बाइक या स्कूटी चलाने वालों के बाल तेजी से झड़ने लगते हैं? कई लोगों के मन में यह सवाल आता है कि क्या इसके पीछे उनका हेलमेट जिम्मेदार है?

    गुरुग्राम के मैरिंगो एशिया हॉस्पिटल्स की सीनियर डर्मेटोलॉजिस्ट, डॉ. प्रियंका हेमराजानी के अनुसार, इसका मुख्य कारण Traction Alopecia हो सकता है। यह हेयर फॉल का एक ऐसा टाइप है, जो बालों की जड़ों पर लगातार पड़ने वाले खिंचाव और रगड़ के कारण होता है।

    Friction induced hair thinning

    (Image Source: AI-Generated) 

    बाल क्यों झड़ते हैं?

    जब कोई हेलमेट सिर पर बहुत ज्यादा टाइट होता है, तो वह सिर के कुछ हिस्सों पर लगातार रगड़ खाता है। बालों की जड़ों पर पड़ने वाले इस दबाव से वे कमजोर होने लगते हैं। इसके अलावा, हेलमेट के अंदर जमा होने वाला पसीना, गर्मी और सिर का प्राकृतिक तेल स्कैल्प को परेशान करता है, जिससे जड़ों को नुकसान पहुंचता है और बाल तेजी से गिरने लगते हैं।

    बचाव के आसान तरीके

    अच्छी खबर यह है कि आप इस समस्या को आसानी से रोक सकते हैं:

    • सही हेलमेट चुनें: हमेशा ऐसा हेलमेट खरीदें जो आपके सिर पर सही फिट बैठे और जिसमें हवा आने-जाने की थोड़ी जगह हो।
    • इनर कैप का इस्तेमाल: हेलमेट पहनने से पहले सूती या पसीना सोखने वाली टोपी पहनें। इससे बालों पर सीधा रगड़ नहीं लगेगा और पसीना भी सूख जाएगा।
    • सफाई का रखें ध्यान: हेलमेट के अंदर के पैड को हमेशा साफ और सूखा रखें ताकि उसमें कोई फंगस या बैक्टीरिया न पनपे।
    • बालों को टाइट न बांधें: लंबे बालों वाले लोगों को हेलमेट के अंदर टाइट पोनीटेल या चोटी बनाने से बचना चाहिए। बालों पर खिंचाव कम करने के लिए उन्हें हल्का ढीला ही छोड़ दें।

    अगर बाल झड़ने लगें तो क्या करें?

    अगर आपने महसूस किया है कि आपके बाल पतले हो रहे हैं या सिर के आगे से बाल गायब हो रहे हैं, तो जल्दी से किसी डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह लें। अगर शुरुआत में ही इसका पता चल जाए, तो 'ट्रैक्शन एलोपेसिया' को पूरी तरह से ठीक किया जा सकता है। डैमेज बालों को फिर से उगाने के लिए आजकल कई मॉडर्न ट्रीटमेंट्स मौजूद हैं, जैसे - टॉपिकल मिनोक्सिडिल, हेयर पेप्टाइड्स और हेयर एक्सोसोम थेरेपी।

    इसके अलावा, पीआरपी और एलईडी हेलमेट थेरेपी (लो-लेवल लाइट थेरेपी) की मदद से सिर में ब्लड सर्कुलेशन को बढ़ाकर नए बालों की ग्रोथ को तेज किया जा सकता है।

    बता दें, हेलमेट आपकी जान बचाने के लिए है और अगर सिर और बालों की सही देखभाल की जाए, तो यह आपके बालों को बिल्कुल नुकसान नहीं पहुंचाएगा।

    यह भी पढ़ें- सिर्फ चेहरे की ही नहीं, गर्मियों में स्कैल्प की देखभाल भी है जरूरी; अपनाएं ये 8 टिप्स

    यह भी पढ़ें- क्या होली के रंग बन सकते हैं हेयर फॉल की वजह? डर्मेटोलॉजिस्ट से जानें इस सवाल का जवाब