सफेद बाल दिखते ही उखाड़ देती हैं? पहले जान लें, ऐसा करने से क्या हो सकता है
सफेद बालों को तोड़कर उसे काला नहीं किया जा सकता है, थोड़ी केयर और सही खानपान ही बालों की सेहत बरकरार रख सकता है।

सफेद बाल उखाड़ने से पहले जान लें इसके नुकसान और सही देखभाल के तरीके (Picture Credit- AI Generated)
HighLights
सफेद बाल उखाड़ने से हेयर फॉलिकल्स को नुकसान पहुंचता है, बाल पतले होते हैं
सफेद बाल तोड़ने से काले बाल नहीं उगते, यह एक मिथ है
सफेद बालों को मॉइश्चराइज रखें, धूप से बचाएं और नियमित ट्रिमिंग करें
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। बढ़ती उम्र के साथ बालों का सफेद होना एक नेचुरल प्रक्रिया है, लेकिन इसे स्वीकार करना इतना आसान नहीं। यही वजह है कि जैसे ही हमें एक-दो बाल सफेद दिखने लगते हैं उन्हें जड़ से उखाड़ देना ही हमें सही लगता है, ऐसा करने से भले ही आपके सफेद बालों की संख्या ज्यों की त्यों बनी रहे, लेकिन उनकी सेहत प्रभावित होती है। इस आर्टिकल में हम सफेद बालों से जुड़े इसी मिथ के बारे में जानेंगे।
सफेद बालों को जड़ो से निकलने के ये होते हैं नुकसान
चुन-चुन कर सफेद बालों को उखाड़ने से हेयर फॉलिकल्स को नुकसान पहुंचता है और बाल पतले होने लगते हैं। और इस तरह की परेशानियां हो सकती हैं:
- बार-बार बाल उखाड़ने से इंफ्लेमेंट्री हाइपरपिग्मेंटेशन हो सकता है
- परेशानी कम होने की बजाय बढ़ सकती है
- नए बाल उगने की दर कम हो सकती है
- स्थायी रूप से हेयर लॉस की समस्या हो सकती है
इन वजहों से भी जल्दी आ सकती है सफेदी
- क्रॉनिक स्ट्रेस
- सही नींद ना लेना
- पोषक तत्वों की कमी
- जेनेटिक्स
सफेद बाल तोड़ने से काले बाल नहीं उगते
यह एक मिथ है कि सफेद बाल तोड़ने से और सफेद तेजी से उगने लगते हैं। अमेरिकन एकेडमी ऑफ डर्मेटोलॉजी के अनुसार हेयर फॉलिकल्स में मौजूद मेलानिन बढ़ती उम्र के साथ कम होता जाता है और उनका रंग सफेद होने लगता है। एक बार ऐसा होना शुरू हो जाए फिर इसे रिवर्स नहीं किया जा सकता। यदि आप सफेद बाल तोड़ते भी हैं तो उस स्थान पर दोबारा सफेद बाल ही उगेंगे, काले नहीं।
सफेद बालों की ऐसे करें केयर
यदि आप अपने सफेद बालों को सफेद ही रखना चाहते हैं या कलर नहीं करना चाहते तो उसकी केयर भी वैसे ही करें जैसे आप अपने काले बालों की अब तक करते आए हैं:
- मॉइश्चराइज्ड रखें: काले बालों की तुलना में सफेद बाल जल्दी रूखे होते हैं। उन्हें स्वस्थ रखने के लिए मॉइश्चराइज करना जरूरी है। मैच्योर हेयर के लिए बनाए गए शैम्पू और कंडीशनर का इस्तेमाल करें।
- सन डैमेज से बचाएं: तेज धूप में निकलने से पहले हैट या छाते का इस्तेमाल करें। लंबे समय तक सीधी धूप में खड़े रहने से बचें।
- स्टाइलिंग: बालों को डैमेज से बचाने के लिए चौड़े दांतों वाली कंघी का इस्तेमाल करें। शैम्पू करने के बाद तेज-तेज बालों को सुलझाने से बचें। हीट-फ्री स्टाइलिंग के तरीके अपनाएं।
- ट्रिमिंग कराते रहें: दोमुंहे बालों से बचने और हेल्दी ग्रोथ के लिए नियमित रूप से उसे ट्रिम करवाते रहें।
- बैलेंस डाइट: आपके खाने में विटामिन ई, विटामिन बी12, आयरन और ओमेगा-3 फैटी एसिड जैसे विटामिन्स और मिनरल्स का सही बैलेंस जरूरी है।