हर किसी को पसंद आएगा नाश्ते में बना ये हाई-प्रोटीन चीला, सुबह की जल्दबाजी में झटपट कर सकते हैं तैयार
सुबह की भागदौड़ में झटपट और सेहतमंद नाश्ते के लिए हाई-प्रोटीन मूंग दाल चीला एक बेहतरीन विकल्प है।

स्वाद और सेहत से भरपूर 'हाई-प्रोटीन चीला' की आसान रेसिपी (Image Source: AI-Generated)
HighLights
सुबह के नाश्ते के लिए झटपट तैयार होने वाला विकल्प
मूंग दाल चीला प्रोटीन से भरपूर, दिनभर ऊर्जावान रखे
वजन घटाने में सहायक, लंबे समय तक पेट भरा रहे
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। सुबह का समय हमेशा भागदौड़ भरा होता है। ऑफिस जाने की जल्दी, बच्चों को स्कूल भेजने की टेंशन और इन सबके बीच सबसे बड़ा सवाल यही रहता है कि- "आज नाश्ते में ऐसा क्या बनाएं जो जल्दी बन जाए और सेहत के लिहाज से हेल्दी भी हो?"
अगर आप भी रोज-रोज इसी उलझन में रहते हैं, तो आज हम आपके लिए एक बेहतरीन उपाय लेकर आए हैं- हाई-प्रोटीन मूंग दाल का चीला। जी हां, यह न सिर्फ बनाने में बेहद आसान है, बल्कि स्वाद में भी इसका कोई जवाब नहीं है। मूंग दाल से बने होने के कारण इसमें प्रोटीन की भरपूर मात्रा होती है, जो आपको दिन भर एनर्जेटिक बनाए रखती है।
सबसे अच्छी बात यह है कि इसे खाने के बाद लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस होता है, इसलिए यह वजन कम करने वालों के लिए भी एक बहुत शानदार विकल्प है।

(Image Source: AI-Generated)
हाई-प्रोटीन चीला बनाने के लिए सामग्री
इसे बनाने के लिए आपको बहुत ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं है। आपके किचन में मौजूद सामान से ही यह तैयार हो जाएगा:
- एक कप पीली या हरी मूंग दाल (रात भर या कम से कम 2 घंटे भीगी हुई)
- 1 छोटा टुकड़ा अदरक और 1-2 हरी मिर्च
- बारीक कटा हुआ प्याज और टमाटर
- बारीक कटा हुआ हरा धनिया
- नमक, हल्दी और थोड़ा सा जीरा
- सेंकने के लिए थोड़ा-सा तेल या घी
आप चाहें तो इसमें अपनी पसंद की सब्जियां जैसे गाजर या शिमला मिर्च भी कद्दूकस करके डाल सकते हैं, इससे यह और भी पौष्टिक हो जाएगा।
हाई-प्रोटीन चीला बनाने का आसान तरीका
- सबसे पहले भीगी हुई मूंग दाल का पानी निकाल लें। अब दाल, अदरक और हरी मिर्च को मिक्सी में पीसकर एक स्मूद पेस्ट बना लें। ध्यान रहे, घोल न तो बहुत गाढ़ा होना चाहिए और न ही पानी जैसा पतला।
- अब इस घोल को एक बर्तन में निकाल लें और उसमें कटा हुआ प्याज, टमाटर, हरा धनिया, जीरा और अपने स्वाद के अनुसार नमक मिला लें।
- गैस पर एक नॉन-स्टिक पैन या तवा गरम करें और उस पर हल्का सा तेल या घी लगाएं। अब एक बड़ी चम्मच भरकर घोल तवे पर डालें और उसे गोल आकार में हल्के हाथों से फैलाएं। इसे धीमी से मध्यम आंच पर पकने दें। जब यह एक तरफ से सुनहरा हो जाए, तो पलटकर दूसरी तरफ से भी क्रिस्पी होने तक अच्छी तरह सेंक लें।
- बस, आपका गरमा-गरम और सेहतमंद हाई-प्रोटीन चीला एकदम तैयार है। इसे अपनी मनपसंद हरी चटनी, दही या टोमेटो केचअप के साथ परोसें। यकीन मानिए यह आपकी फैमिली का फेवरेट नाश्ता बन जाएगा।
यह भी पढ़ें- मलाई प्याज के आगे फीका है शाही पनीर का भी स्वाद, झटपट बन जाएगी यह सब्जी, नोट करें रेसिपी
