Trending

    इस होली मेहमानों को खिलाएं घर की बनी खस्ता मसाला मठरी, नोट करें बनाने का सबसे आसान तरीका

    Updated: Tue, 03 Mar 2026 02:44 PM (IST)

    बाजार के स्नैक्स के बजाय, इस होली आप घर पर बनी खस्ता मथरी से मेहमानों को खुश कर सकते हैं। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    खस्ता मसाला मठरी बनाने की आसान रेसिपी (Image Source: AI-Generated) 

    लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। होली के दिन जब मेहमान घर आते हैं, तो मीठे के साथ-साथ कुछ नमकीन और चटपटा परोसना तो बनता है। अक्सर हम बाजार से रेडीमेड स्नैक्स ले आते हैं, लेकिन जो बात घर की बनी शुद्ध और कुरकुरी मठरी में है, वो बाजार के पैकेट बंद स्नैक्स में कहां।

    इस होली अपने हाथों से बनी 'खस्ता मसाला मठरी' खिलाकर अपने मेहमानों का दिल जीत लें। शाम की चाय हो या ठंडाई का गिलास, यह मठरी हर चीज के साथ एकदम परफेक्ट लगती है। आइए, बिना किसी झंझट के इसे बनाने का सबसे आसान तरीका जानते हैं।

    Crispy Masala Mathri Recipe

    (Image Source: AI-Generated) 

    मसाला मठरी बनाने के लिए सामग्री

    • मैदा: 2 कप
    • सूजी: 1/4 कप (मठरी को ज्यादा खस्ता बनाने के लिए)
    • अजवाइन: 1 छोटा चम्मच
    • कुटी हुई काली मिर्च: 1/2 छोटा चम्मच
    • कसूरी मेथी: 1 बड़ा चम्मच (स्वाद और महक के लिए)
    • नमक: स्वादानुसार
    • घी या तेल: 1/4 कप (मोयन के लिए)
    • गुनगुना पानी: आटा गूंधने के लिए
    • तेल: मठरी तलने के लिए

    मसाला मठरी बनाने की विधि

    • एक बड़े बर्तन में मैदा और सूजी को अच्छी तरह छान लें। अब इसमें अजवाइन को हाथों से हल्का रगड़ कर डालें (इससे खुशबू बहुत अच्छी आती है)। साथ ही कुटी हुई काली मिर्च, कसूरी मेथी और नमक डालकर सभी सूखी चीजों को अच्छे से मिला लें।
    • मठरी को खस्ता बनाने का असली राज 'मोयन' होता है। आटे के मिश्रण में 1/4 कप हल्का गरम घी या तेल डालें और इसे दोनों हाथों से अच्छी तरह मसल-मसल कर मिलाएं। जब आप आटे को मुट्ठी में बांधें और वह बंधने लगे (लड्डू जैसा आकार ले ले), तो समझ जाइए कि मोयन एकदम सही है।
    • अब इसमें थोड़ा-थोड़ा करके गुनगुना पानी डालें और एक सख्त आटा गूंध लें। ध्यान रहे, मठरी का आटा रोटी के आटे से काफी सख्त होना चाहिए। आटे को ज्यादा मसलने की जरूरत नहीं है, बस उसे अच्छी तरह इकट्ठा कर लें। अब इसे एक हल्के गीले सूती कपड़े से ढककर 15-20 मिनट के लिए सेट होने के लिए रख दें।
    • तय समय के बाद आटे को एक बार फिर हल्का सा गूंध लें। अब इसमें से छोटी-छोटी लोइयां तोड़ लें। इन्हें बेलन से बेलने की जरूरत नहीं है, बस अपनी हथेलियों के बीच दबाकर चपटा कर लें (किनारे हल्के फटे हुए हों तो कोई बात नहीं, यह हलवाई जैसी मठरी की पहचान है)। इसके बाद, एक कांटे की मदद से मठरी के दोनों तरफ छोटे-छोटे छेद कर दें, ताकि तलते समय ये फूलें नहीं और अंदर तक खस्ता बनें।
    • एक कड़ाही में तेल गरम करें। तेल बहुत ज्यादा तेज गरम नहीं होना चाहिए। गैस की आंच को धीमा रखें और एक-एक करके मठरियां तेल में डालें। इन्हें जल्दबाजी में न पलटें। जब ये हल्की सिंक कर ऊपर आ जाएं, तब इन्हें पलटें और सुनहरा होने तक आराम से तल लें।

    इन बातों का रखें ध्यान

    • मठरी को हमेशा धीमी या मध्यम आंच पर ही तलें। तेज आंच पर तलने से ये बाहर से तो लाल हो जाएंगी, लेकिन अंदर से कच्ची और नरम रह जाएंगी।
    • मठरियों को तेल से निकालकर एक पेपर नैपकिन पर रखें ताकि एक्स्ट्रा तेल निकल जाए।
    • जब मठरियां पूरी तरह से ठंडी हो जाएं, तभी इन्हें किसी एयरटाइट डिब्बे में बंद करके रखें। ये आराम से एक महीने तक खराब नहीं होती हैं।

    यह भी पढ़ें- इस होली मिनटों में बनाएं हलवाई जैसी गाढ़ी मखाना रबड़ी, नोट कर लें स्टेप-बाय-स्टेप रेसिपी

    यह भी पढ़ें- होली पर मेहमानों को क्या खिलाएं? शेफ से जानें झटपट बनने वाले 'सिंगल-बाइट' स्नैक्स की रेसिपी