Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    घर पर हलवाई जैसी कुरकुरी और रसीली इमरती कैसे बनाएं? यहां पढ़ें स्टेप-बाय-स्टेप रेसिपी

    Updated: Mon, 13 Jul 2026 12:02 PM (IST)

    खाने के बाद अक्सर कुछ मीठा खाने की क्रेविंग होती है, तो आप हलवाई स्टाइल रेसिपी से घर पर एकदम कुरकुरी और रसीली इमरती तैयार करके रख सकते हैं। ...और पढ़ें

    सिर्फ कुछ आसान स्टेप्स में घर पर बनाएं एकदम क्रिस्पी और रसीली इमरती (Image Source: AI-Generated)

    सिर्फ कुछ आसान स्टेप्स में घर पर बनाएं एकदम क्रिस्पी और रसीली इमरती (Image Source: AI-Generated)

    HighLights

    1. उड़द दाल को बारीक पीसकर गाढ़ा बैटर बनाएं

    2. बैटर को एक ही दिशा में अच्छी तरह फेंटना जरूरी

    3. इमरती को सुनहरा तलकर गुनगुनी चाशनी में डुबोएं

    लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। चाशनी से लबालब भरी इमरती को देखकर भला किसके मुंह में पानी नहीं आता है? जहां जलेबी मैदा से बनती है, वहीं इमरती को उड़द की दाल से बनाया जाता है। यही वजह है कि इसका स्वाद बेहद लाजवाब और शाही होता है।

    अक्सर लोग सोचते हैं कि हलवाई जैसी कुरकुरी इमरती घर पर बनाना नामुमकिन है, लेकिन यकीन मानिए, कुछ छोटे सीक्रेट्स और सही तरीके के साथ आप इसे अपने किचन में बेहद आसानी से बना सकते हैं। आइए, आज आपको बताते हैं हलवाई स्टाइल इमरती की स्टेप-बाय-स्टेप रेसिपी।

    Imarti recipe

    (Image Source: AI-Generated)

    इमरती बनाने के लिए सामग्री

    • धुली उड़द दाल: 1 कप (कम से कम 4-5 घंटे या रात भर भीगी हुई)
    • चीनी: 2 कप (चाशनी के लिए)
    • पानी: 1 कप
    • कॉर्नफ्लोर या अरारोट: 2 छोटे चम्मच (इससे इमरती एकदम कुरकुरी बनेगी)
    • ऑरेंज फूड कलर: एक चुटकी (हलवाई जैसा रंग देने के लिए)
    • इलायची पाउडर: आधा छोटा चम्मच
    • तलने के लिए: घी या रिफाइंड तेल

    इमरती बनाने के लिए स्टेप-बाय-स्टेप रेसिपी

    • भीगी हुई उड़द दाल का पूरा पानी निकाल लें। अब इसे मिक्सी में निकालें और सिर्फ 1-2 चम्मच पानी डालकर एकदम बारीक और गाढ़ा पेस्ट पीस लें। ध्यान रहे, बैटर में दाल का कोई भी दाना नहीं बचना चाहिए।
    • पिसी हुई दाल को एक बड़ी परात या बर्तन में निकालें। अब अपने हाथों की मदद से इसे एक ही डायरेक्शन में 8 से 10 मिनट तक अच्छी तरह फेंटें। फेंटते-फेंटते दाल का रंग हल्का हो जाएगा और यह मक्खन की तरह फूली हुई दिखने लगेगी। इसी स्टेज पर इसमें फूड कलर और कॉर्नफ्लोर मिला लें।
    • बैटर परफेक्ट तैयार हुआ है या नहीं, यह जानने के लिए एक कटोरी पानी लें। उसमें थोड़ा-सा बैटर टपकाएं। अगर बैटर पानी के ऊपर तैरने लगे, तो समझ जाइए कि आपकी इमरती एकदम हल्की और रसीली बनेगी।
    • एक पैन में 2 कप चीनी और 1 कप पानी डालकर उबलने के लिए रखें। इसमें इलायची पाउडर और एक चुटकी फूड कलर डालें। इसे तब तक पकाएं जब तक कि यह एक तार की चाशनी न बन जाए। चाशनी बन जाने पर गैस बंद कर दें और इसे गुनगुना रहने दें।
    • इमरती बनाने के लिए आप बाजार में मिलने वाले पाइपिंग बैग, सॉस की बोतल या फिर किसी सूती कपड़े में छोटा-सा छेद करके इस्तेमाल कर सकते हैं। बैटर को इस बैग में भरें। अब एक चपटी कड़ाही में घी या तेल मीडियम गर्म करें। आंच को धीमा करें और पहले बीच में दो छोटे राउंड बनाएं, फिर उसके चारों तरफ छोटे-छोटे छल्ले बनाते हुए इमरती का आकार दें।
    • इमरती को लो टू मीडियम फ्लेम पर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें। जैसे ही इमरती कड़क हो जाए, इसे तेल से निकालें और तुरंत गुनगुनी चाशनी में डाल दें। इमरती को चाशनी में सिर्फ 2 से 3 मिनट तक ही डूबा रहने दें ताकि वह रस सोख ले, फिर इसे प्लेट पर निकाल लें।
    • आपकी गरमा-गरम, रसीली और बेहद कुरकुरी हलवाई स्टाइल इमरती बनकर तैयार है। आप चाहें तो इसे रबड़ी के साथ सर्व कर सकते हैं या फिर ऐसे ही खा सकते हैं।

    यह भी पढ़ें- न गुठलियां पड़ेंगी, न चिपकेगा! इस सीक्रेट ट्रिक से घर पर बनाएं हलवाई जैसा दानेदार 'बेसन का हलवा'

    यह भी पढ़ें- प्लेन नहीं, इस बार ट्राई करें ‘पनीर वाला भटूरा’, इस रेसिपी से घर पर बनाएं ढाबे जैसे फूले-फूले भटूरे

    खबरें और भी