विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आलू उबालने या छीलने का झंझट नहीं! सूजी से घर पर बनाएं कैफे स्टाइल क्रिस्पी फ्रेंच फ्राइज, सिंपल है रेसिपी

Updated: Mon, 31 Aug 2026 08:13 PM (IST)

शाम की चाय हो, अचानक घर आए मेहमान या वीकेंड की मूवी नाइट- कुछ क्रिस्पी खाने की क्रेविंग कभी भी हो सकती है।

सूजी फ्रेंच फ्राइज बनाने की आसान रेसिपी (Image Source: AI-Generated)

सूजी फ्रेंच फ्राइज बनाने की आसान रेसिपी (Image Source: AI-Generated)

HighLights

  1. आलू के झंझट के बिना सूजी से फ्राइज बनाएं

  2. बाहर से क्रिस्पी और अंदर से बेहद सॉफ्ट होते हैं

  3. घर पर आसानी से कैफे-स्टाइल फ्राइज तैयार करें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। फ्रेंच फ्राइज का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है। चाहे बच्चे हों या बड़े, कैफे वाले क्रिस्पी फ्राइज हर किसी को बहुत पसंद होते हैं, लेकिन जब भी इन्हें घर पर बनाने की बात आती है, तो आलू छीलने, काटने और उबालने के लंबे झंझट के कारण हम अक्सर अपना मन बदल लेते हैं।

कैसा हो अगर आपको फ्राइज बनाने के लिए आलू की जरूरत ही न पड़े? जी हां, आज हम आपके लिए लेकर आए हैं 'सूजी के फ्रेंच फ्राइज' की एक बेहद आसान और मजेदार रेसिपी। ये बाहर से सुपर क्रिस्पी और अंदर से बेहद सॉफ्ट होते हैं। आइए जानते हैं इसे बनाने का सिंपल तरीका।

 

सूजी फ्रेंच फ्राइज बनाने के लिए सामग्री

  • 1 कप सूजी (बारीक वाली)
  • 2 कप पानी
  • नमक स्वादानुसार
  • 1 चम्मच तेल या मक्खन (डो बनाने के लिए)
  • तलने के लिए तेल
  • गार्निश के लिए: चाट मसाला या पेरी-पेरी मसाला

सूजी फ्रेंच फ्राइज बनाने की विधि

  • सबसे पहले एक पैन या कड़ाही में 2 कप पानी डालकर गैस पर रखें। इसमें थोड़ा सा नमक और एक चम्मच तेल या मक्खन डाल दें। जब पानी में उबाल आ जाए, तो गैस की आंच बिल्कुल धीमी कर दें। अब धीरे-धीरे सूजी डालते हुए इसे लगातार चलाते रहें ताकि इसमें कोई गांठ न पड़े। इसे तब तक पकाएं जब तक सूजी सारा पानी सोख न ले और एक गाढ़े आटे की तरह न बन जाए। अब गैस बंद करें और इसे ढककर 5 मिनट के लिए छोड़ दें ताकि सूजी भाप में अच्छे से पक जाए।
  • जब सूजी हल्की ठंडी हो जाए, तो उसे एक बड़े बर्तन में निकाल लें। अब अपने हाथों में हल्का सा तेल लगाएं और इसे नॉर्मल आटे की तरह अच्छी तरह गूंथकर एकदम चिकना कर लें। अगर आप फ्राइज को एक्स्ट्रा क्रिस्पी बनाना चाहते हैं, तो गूंथते समय इसमें 2 चम्मच कॉर्नफ्लोर या चावल का आटा मिला सकते हैं।
  • अब इस तैयार डो की एक बड़ी लोई बनाएं। एक चॉपिंग बोर्ड या चकले पर थोड़ा सा तेल लगाकर इसे मोटा बेल लें। ध्यान रहे, इसे रोटी की तरह पतला नहीं करना है, बल्कि फ्राइज जितनी मोटाई रखनी है। अब एक चाकू की मदद से इसके किनारों को काटकर चकोर कर लें और फिर इसे लंबे-लंबे फ्रेंच फ्राइज के शेप में काट लें।
  • एक कड़ाही में तेल गरम करें। फ्राइज तलने के लिए तेल अच्छा गरम होना चाहिए। अब कटे हुए सूजी के फ्राइज को सावधानी से तेल में डालें। इन्हें मीडियम से हाई फ्लेम पर सुनहरा और क्रिस्पी होने तक तल लें। शुरुआत में इन्हें तुरंत न पलटें, जब ये हल्के सिक जाएं तब झारे की मदद से अलट-पलट कर क्रिस्पी कर लें।
  • लीजिए, बिना किसी झंझट के आपके गरमागरम कैफे स्टाइल क्रिस्पी सूजी फ्रेंच फ्राइज बिल्कुल तैयार हैं। इन्हें एक प्लेट में निकालें और ऊपर से थोड़ा-सा चाट मसाला या पेरी-पेरी मसाला छिड़क दें।

यह भी पढ़ें- हर किसी को पसंद आएगा नाश्ते में बना ये हाई-प्रोटीन चीला, सुबह की जल्दबाजी में झटपट कर सकते हैं तैयार

यह भी पढ़ें- प्याज के बिना भी ग्रेवी बनेगी गाढ़ी और टेस्टी, रसोई के बजट को बिगड़ने से बचाएंगे शेफ के ये कुकिंग टिप्स