पेट के बैक्टीरिया से लड़ते-लड़ते शरीर का इम्यून सिस्टम ही बन रहा दुश्मन! IIT मंडी के शोध में खुला राज
आईआईटी मंडी के शोधकर्ताओं ने हेलिकोबैक्टर पाइलोरी संक्रमण पर एक चौंकाने वाला तथ्य उजागर किया है।

इम्यून सिस्टम भी सेहत को पहुंचा सकता है नुकसान (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
हंसराज सैनी, मंडी। हम मानते हैं कि शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली (इम्यून सिस्टम) बाहरी संक्रमण से हमारी रक्षा करती है। लेकिन भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आइआइटी) मंडी के शोधार्थियों ने चौंकाने वाला तथ्य पता लगाया है। शोध के अनुसार, पेट में होने वाले खतरनाक जीवाणु संक्रमण हेलिकोबैक्टर पाइलोरी (एच. पाइलोरी) से लड़ने के दौरान शरीर की रक्षा कोशिकाएं अनजाने में पेट की स्वस्थ कोशिकाओं को ही नुकसान पहुंचाना शुरू कर देती हैं।
कोशिकाएं छोड़ती हैं बुलबुले जैसे बेहद सूक्ष्म पैकेट
आइआइटी मंडी के प्रोफेसर डॉ. अमित प्रसाद और उनकी टीम की ओर से किया गया यह अध्ययन अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिका जर्नल आफ एक्स्ट्रासेलुलर वेसिकल्स में प्रकाशित हुआ है। इस शोध में आनंद कुमार केशरी, सूरज सिंह रावत, दुर्गानंद ठाकुर, स्वाति शर्मा, पारुल मेहरा, अनुभा चौधरी व अनन्या कपूर भी शामिल रहे। प्रो. अमित के अनुसार, जब पेट में एच पाइलोरी बैक्टीरिया का संक्रमण होता है तो संक्रमण से लड़ने वाली श्वेत रक्त कोशिकाएं (न्यूट्रोफिल्स) सक्रिय हो जाती हैं।
ये कोशिकाएं बुलबुले जैसे बेहद सूक्ष्म पैकेट छोड़ती हैं, जिन्हें एक्स्ट्रासेलुलर वेसिकल्स (ईवी) कहा जाता है। इन्हें कोशिकाओं के बीच संदेश और जरूरी तत्व ले जाने वाले छोटे पैकेट की तरह समझा जा सकता है। शोध में पाया गया कि संक्रमण के दौरान इन पैकेटों की संख्या और आकार दोनों बदल जाते हैं। इनमें एलएल-37 नामक एक प्राकृतिक रोगाणुरोधी तत्व की मात्रा काफी बढ़ जाती है।
एलएल-37 का सीधे पेट की परत पर प्रभाव
शोधार्थियों ने पाया कि यद्यपि एलएल-37 हानिकारक रोगाणुओं को मारने के लिए बनता है, लेकिन जब ये पैकेट पेट की कोशिकाओं तक पहुंचते हैं तो वहां तनाव पैदा कर देते हैं। इससे कोशिकाओं के ऊर्जा केंद्र (माइटोकांड्रिया) की कार्यप्रणाली बाधित होती है और कोशिकाएं नष्ट होने लगती हैं। इन सूक्ष्म पैकेटों के भीतर बंद होने के कारण एलएल-37 शरीर के अन्य एंजाइम से सुरक्षित रहता है और सीधे पेट की परत को प्रभावित करता है। एच पाइलोरी से संक्रमित मरीजों के रक्त में भी इस तत्व का स्तर बढ़ा हुआ पाया गया।
कोशिकाओं से निकलने वाले सूक्ष्म कणों की भूमिका उजागर
आइआइटी मंडी के प्रो. अमित प्रसाद के मुताबिक यह शोध इस बात पर जोर देता है कि बीमारी को समझने के लिए केवल बैक्टीरिया को जानना काफी नहीं है, यह समझना भी जरूरी है कि हमारा शरीर उससे कैसे लड़ रहा है। इस शोध से भविष्य में पेट के अल्सर और संक्रमण से होने वाले नुकसान को रोकने के लिए नई दवाएं विकसित करने और बीमारी की शुरुआती पहचान करने में मदद मिलेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।