100% नेचुरल और हेल्दी के नाम पर बिकने वाली ये चीजें हैं सेहत की दुश्मन, चुपके-चुपके पहुंचाती हैं नुकसान
बाजार में हेल्दी के नाम पर बिकने वाले कई प्रोसेस्ड फूड्स चीनी, नमक और प्रिजर्वेटिव्स से भरे होते हैं।

सेहत के लिए हानिकारक हैं हेल्दी लगने वाली ये चीजें (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। आजकल लोगों के बीच सेहत को लेकर काफी जागरूकता बढ़ी है, लेकिन इसी के साथ मार्केट में हेल्दी के नाम पर प्रोसेस्ड फूड्स बेचने का चलन भी काफी बढ़ गया है। बाजार में आज कितनी ही ऐसी चीजें मौजूद हैं, जिन्हें हम हेल्दी समझते हैं, लेकिन वो अपने अंदर चीनी, नमक, प्रिजर्वेटिव्स और पाम ऑयल छिपाए हुए हैं।
इन चीजों को हेल्दी समझकर हम अपनी रोज की डाइट में शामिल कर लेते हैं, लेकिन हमारी सेहत को फायदे की जगह सिर्फ नुकसान पहुंचाते हैं। आइए जानें आपके किचन में ऐसी कौन-कौन सी चीजें मौजूद हो सकती हैं, जिन्हें आप हेल्दी समझते हैं, लेकिन असल में वो अनहेल्दी होती है।
फ्लेवर्ड योगर्ट
दही पाचन के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है, लेकिन फ्लेवर्ड योगर्ट फायदेमंद नहीं होता। फ्लेवर देने के लिए इसमें चीनी और आर्टिफिशियल फ्लेवर्स मिलाए जाते हैं। इससे वजन बढ़ सकता है और शुगर लेवल भी तेजी से बढ़ता है। साथ ही, गट हेल्थ को भी इससे कोई खास फायदा नहीं मिलता।
वेजिटेबल चिप्स
आलू के चिप्स का हेल्दी ऑप्शन मानकर लोग वेजिटेबल चिप्स खरीदते हैं। इसी तरह बाजार में रागी चिप्स जैसे ऑप्शन भी मौजूद हैं, लेकिन इन्हें भी डीप फ्राई किया जाता है और बहुत हाई टेंप्रेचर पर पकाने के कारण इनके पोषक तत्व खत्म हो जाते हैं। साथ ही, इनमें नमक और सैचुरेटेड फैट की मात्रा भी काफी होता है।
एनर्जी बार
एनर्जी बार को लोग हेल्दी स्नैक की तरह खाते हैं। एनर्जी बार्स अक्सर ड्राई फ्रूट्स और ओट्स से बने होने का दावा करते हैं, लेकिन इनकी बाइंडिंग और स्वाद के लिए इनमें कॉर्न सिरप, शुगर, वेजिटेबल ऑयल और कई तरह के प्रिजर्वेटिव्स का इस्तेमाल किया जाता है। इसलिए आप एनर्जी बार्स को जितना हेल्दी समझ रहे हैं, ये उतने फायदेमंद हैं नहीं।
पैकेटबंद जूस
पैकेटबंद जूस बेचने वाली कंपनियां अक्सर 100% नेचुरल या नो एडेड शुगर के दावे करती हैं, लेकिन फिर भी ये जूस ताजा फलों का मुकाबला नहीं कर सकते। इन्हें पैक करते समय फलों का सारा फाइबर निकल जाता है, जिससे केवर फ्रक्टोज बचता है। इससे शुगर लेवल तेजी से बढ़ सकता है। इसलिए 100% नेचुरल लेबल वाले फ्रूट जूस भी आपकी सेहत के लिए फायदेमंद नहीं हैं।
मल्टीग्रेन ब्रेड
सफेद ब्रेड के हेल्दी ऑप्शन के रूप में मल्टीग्रेन ब्रेड को काफी प्रमोट किया जाता है, लेकिन मल्टीग्रेन लिखा होने का ये मतलब नहीं कि ये होल व्हीट से बनी है। ज्यादातर ब्रेड्स में मैदा होता है, जिसमें ऊपर से केवल थोड़े से सीड्स या दूसरे अनाज मिला दिए जाते हैं। भूरा रंग देने के लिए इनमें कलर मिलाया जाता है, जो सेहत के लिए नुकसानदेह है।
