बिना मारे, बिना केमिकल गमलों से भगाएं चीटियां; किचन में रखी ये चीजें आएंगी बड़ी काम
गमलों में चींटियों की समस्या से निजात पाने के लिए केमिकल-मुक्त और प्राकृतिक उपाय अपनाएं।

बिना केमिकल का इस्तेमाल करे चीटियों को भगाएं (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। हम घर में हरियाली और सुंदरता बढ़ाने के लिए पौधे तो लगा लेते हैं, लेकिन इसके साथ कई बार दूसरी चुनौती खड़ी हो जाती है। वो चुनौती है कि चीटियों का गमलों के आसपास घर बना लेना। इससे न केवल हमें परेशानी होती है, बल्कि पौधों की हेल्थ भी खराब हो जाती है।
फिर इससे बचने के लिए लोग ज्यादा हार्ड केमिकल का इस्तेमाल करने लगते हैं, जिससे चीटियां तो भाग जाती हैं, लेकिन पौधों को नुकसान हो जाता है। ऐसे में सवाल यह है कि बिना मारे और बिना केमिकल के चीटियों को कैसे भगाया जाए। बता दें कि इसके लिए घर में ही रखी कुछ चीजों का इस्तेमाल किया जा सकता है।
लहसुन का पानी
गमले की मिट्टी से चीटियों को भगाने के लिए लहसुन का पानी इस्तेमाल करें। इसके लिए 8-10 लहसुन की कलियां लेकर उसे पीस लें और पानी में मिलाकर कम से कम 4-5 घंटे के लिए ऐसे ही छोड़ दें। इसके बाद पानी को स्प्रे बोतल में भरकर पौधों की मिट्टी पर स्प्रे करें। आप पाएंगे कि थोड़े ही समय में गमले से चीटियां गायब हो गई हैं।
नीम का पानी
नाम एक एंटी-फंगल और एंटी-बैक्टीरियल गुणों से भरपूर सस्ता उपाय है। 10-12 नीम की पत्तियों को 2-3 गिलास पानी में अच्छे से उबाल लें। इसके बाद पानी ठंडा होने के लिए रख दें। अब इसे छानकर सक स्प्रे बोतल में भरें और गमले में चीटियों वाले स्थान पर हल्का-हल्का स्प्रे करें।
हल्दी
हल्दी भी अपने एंटी-बैक्टीरियल गुणों के कारण चीटियों की समस्या को दूर कर सकती है। इसके लिए बस 1 चम्मद हल्दी लेकर मिट्टी की ऊपरी परत पर हल्का छिड़क दें। थोड़ी देर बाद गमले से चीटियां गायब होने लगेंगी।
लकड़ी की राख
गमले में लकड़ी की राख का इस्तेमाल एक साथ दो काम करेगा। इससे मिट्टी की अतिरिक्त नमी दूर होगी और चीटियां हटने लगेंगी। बस इस बात का ध्यान रखें कि राख का इस्तेमाल बहुत मात्रा में नहीं करना है।
दालचीनी पाउडर
दालचीनी पाउडर की तेज गंध चीटियों को बर्दाश्त नहीं होती है, ऐसे में दालचीनी भी एक असरदार उपाय हो सकता है। दालचीनी पाउडर को या तो पानी में मिलाकर हल्का छिड़काव करें या फिर उसका पाउडर लेकर बहुत ही हल्की मात्रा में मिट्टी की ऊपरी परत पर डाल दें।
