विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

घर शिफ्ट करते समय अपना LPG कनेक्शन कैसे ट्रांसफर करें? जानें पूरी प्रक्रिया, नहीं रुकेगी गैस की सप्लाई

Published: Tue, 08 Sep 2026 03:13 PM (IST)

घर शिफ्ट करते समय एलपीजी गैस कनेक्शन ट्रांसफर करना बेहद आसान है, बशर्ते आपको सही नियमों की जानकारी हो।

LPG गैस कनेक्शन ट्रांसफर के नियम (Image Source: AI-Generated)

LPG गैस कनेक्शन ट्रांसफर के नियम (Image Source: AI-Generated)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। घर शिफ्ट करने की भागदौड़ में अक्सर सबसे बड़ी टेंशन गैस कनेक्शन ट्रांसफर करने की होती है। दिमाग में यही सवाल घूमता है कि कहीं नए घर में जाते ही गैस की सप्लाई न रुक जाए। हालांकि, सच तो यह है कि अगर आपको सही नियमों की जानकारी हो, तो यह काम किसी झंझट का नहीं है।

चाहे आप अपने मौजूदा LPG कनेक्शन को नए पते पर ले जाना चाहते हों, या फिर पाइप वाले गैस कनेक्शन पर शिफ्ट होने का मन बना रहे हों, सही प्रक्रिया अपनाने से आपकी गैस सप्लाई में कोई रुकावट नहीं आएगी। आइए जानते हैं वो जरूरी नियम, जो गैस कनेक्शन ट्रांसफर करने की पूरी प्रक्रिया को आपके लिए एकदम आसान बना देंगे।

गैस ट्रांसफर के लिए जरूरी डॉक्यूमेंट्स

गैस एजेंसी में ट्रांसफर के लिए आवेदन करते समय आपके पास ये जरूरी कागजात होने चाहिए:

  • पहचान पत्र
  • नए घर के पते का प्रमाण
  • गैस बुक या कंज्यूमर बुक
  • ओरिजिनल कनेक्शन वाउचर

एक ही एजेंसी के इलाके में घर बदलने पर क्या करें?

अगर आप उसी इलाके में शिफ्ट हो रहे हैं, जहां आपकी मौजूदा गैस एजेंसी ही सर्विस देती है, तो प्रक्रिया बहुत आसान रहेगी। जी हां, आपको बस अपनी गैस एजेंसी को नए पते की जानकारी देनी होगी। एजेंसी आपके पते को अपडेट कर देगी और आपके नए घर पर बिना किसी रुकावट के गैस सिलेंडर की डिलीवरी शुरू हो जाएगी।

दूसरे इलाके में जा रहे हैं, तो क्या करें?

अगर आपका नया घर किसी ऐसे इलाके में है जहां आपकी पुरानी गैस एजेंसी की सर्विस नहीं है, तो आपको यह तरीका अपनाना होगा:

  • सबसे पहले अपनी मौजूदा गैस एजेंसी से 'ट्रांसफर टर्मिनेशन वाउचर' हासिल करें।
  • इसके बाद अपने नए इलाके की गैस एजेंसी में जाकर यह TTV और अपने जरूरी दस्तावेज जमा कर दें। आपका कनेक्शन नए पते पर ट्रांसफर हो जाएगा।

शहर बदलने पर कैसे होगा गैस ट्रांसफर?

अगर आप पूरी तरह से एक शहर से दूसरे शहर में शिफ्ट हो रहे हैं, तो इसके नियम थोड़े अलग हैं:

  • सबसे पहले आपको अपनी पुरानी गैस एजेंसी को अपना गैस सिलेंडर और रेगुलेटर वापस करना होगा।
  • इसके बाद एजेंसी आपको एक 'टर्मिनेशन वाउचर' जारी करेगी और आपने जो सिक्योरिटी राशि जमा की थी, वो भी लौटा देगी।
  • नए शहर में पहुंचने के बाद, वहां की नई गैस एजेंसी में आपको अपने दस्तावेजों की जांच करानी होगी, जिसके बाद आपको एक नया कनेक्शन जारी कर दिया जाएगा।

TTV से TSV बनने की प्रक्रिया

जब आपके कनेक्शन ट्रांसफर की प्रक्रिया पूरी हो जाती है, तो नई गैस एजेंसी आपके TTV को TSV में बदल देती है। इसके बाद आपको एक नया कंज्यूमर नंबर मिल जाता है और आप अपने नए पते से गैस रीफिल की बुकिंग शुरू कर सकते हैं।

LPG छोड़कर PNG पर शिफ्ट होना चाहते हैं?

बता दें, सरकार ने देशभर में 60 लाख नए PNG कनेक्शन देने का लक्ष्य रखा है। पिछले छह महीनों में ही 13.4 लाख से ज्यादा नए PNG कनेक्शन बांटे जा चुके हैं, जो कुल लक्ष्य का लगभग 20% है।

अगर आप भी LPG छोड़कर PNG कनेक्शन लेना चाहते हैं, तो अपनी स्थानीय गैस एजेंसी से संपर्क करें और पात्रता व जरूरी दस्तावेजों की जानकारी लें।

इस बात का भी रखें ध्यान

गैस कनेक्शन ट्रांसफर करने या PNG पर शिफ्ट होने की पूरी प्रक्रिया के दौरान मिलने वाले सभी वाउचर और दस्तावेजों को हमेशा संभाल कर रखें। इससे भविष्य में आपको किसी भी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा और आपका काम आसानी से हो जाएगा।

यह भी पढ़ें- अब 45 दिन नहीं बुक होगा रसोई गैस सिलिंडर, शहर और गांव के लिए लागू किया गया एक सा नियम

यह भी पढ़ें- LPG Connection के बाद भी गरीबों की रसोई से नहीं हटा लकड़ी का धुआं, 70% शहरी ही पूरी तरह गैस पर निर्भर