विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'जात कहां हो..' अंतरिक्ष तक पहुंचा ब्रज की गलियों में गूंजने वाला ये ठुमरी गीत, NASA मिशन से इसका कनेक्शन

Published: Mon, 23 Nov 2026 04:56 PM (IST)

नासा के वॉयजर-1 मिशन पर 26 अरब किमी दूर भारतीय ठुमरी गीत 'जात कहां हो' पहुंचा है। 

राग भैरवी का ठुमरी गीत नासा के मिशन वॉयजर-1 के साथ पहुंचा अंतरिक्ष (Image Source: AI Generated)

राग भैरवी का ठुमरी गीत नासा के मिशन वॉयजर-1 के साथ पहुंचा अंतरिक्ष (Image Source: AI Generated)

HighLights

  1. 'जात कहां हो' ठुमरी गीत नासा के वॉयजर-1 मिशन पर

  2. केसरबाई केरकर ने गाया, गोल्डन रिकॉर्ड में शामिल भारत का गीत

  3. 26 अरब किमी दूर अंतरिक्ष में गूंज रहा भारतीय संगीत

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। क्या आप कल्पना कर सकते हैं कि एक गीत धरती से 26 अरब कि.मी. दूर अपना नाम बनाने किसी स्पेस मिशन पर निकला हो? आपको यह कोई फिल्म की कहानी लग रही होगी, पर यही सच है। ऐसा इसलिए क्योंकि बीते कुछ दिनों से नासा के अंतरिक्ष मिशन में शामिल एक ठुमरी गीत 'जात कहां हो..' सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। 

आइए इस गीत के बारे में बात करते हैं कि आखिर क्या है इसका इतिहास और कैसे अंतरिक्ष तक पहुंच गया। 

राग भैरवी का ठुमरी गीत 

 'जात कहां हो..' राग भैरवी की बेहद लोकप्रिय होरी ठुमरी बंदिश है, जिसे जयपुर-अतरौली घराने की मशहूर गायिका केसरबाई केरकर ने साल 1953 में गाकर अमर कर दिया था। इसके बोल कुछ इस तरह हैं : ‘जा'त कहाँ हो अकेली गोरी, जाने न पैय्यों केसर रंग के माठ भये होय, होरी खेलत कान्हा रे’। यहां गोरी यानी लड़की से कहा जा रहा है कि तुम कहां जा रही हो, क्या तुम्हें पता नहीं कि बाहर केसरिया रंग फैला हुआ है और कान्हा होली खेल रहे हैं। 

ब्रज की गलियों का होरी (होली) गीत 

भैरवी राग और ठुमरी शैली का 'जात कहां हो..' गीत ब्रज भाषा में है, यही वजह है कि होली के समय ब्रज की गलियों में इसके बोल गूंजते हैं। इस तरह यह भारतीय शास्त्रीय संगीत और लोकगीत परंपरा दोनों को संजोए हुए है। 

अंतरिक्ष और नासा से क्या है कनेक्शन? 

साल 1977 में नासा का वॉयजर-1 अंतरिक्ष यान लॉन्च किया गया था, जो अब 49 सालों में अपना सफर तय कर इस धरती से 26 अरब कि.मी. दूर पहुंच चुका है। इस मिशन की सबसे खास बात यह थी कि इसमें 115 तस्वीरें, हवा, बारिश और पक्षियों के साउंड्स, दुनिया भर के 27 संगीत और 'अस्सलामु अलैकुम’, नमस्ते जैसे 55 भाषाओं में अभिवादन शामिल हैं। 

गोल्डन रिकॉर्ड में भारत का इकलौता गीत 

इन सभी चीजों को जिस तांबे की डिस्क में भेजा गया, उसपर सोने की परत चढ़ी थी। वहीं, सबसे दिलचस्प बात यह है कि इन 27 गीतों में भारत का इकलौता गीत 'जात कहां हो' शामिल था। आज 3 मिनट 30 सेकंड के इस गीत की आवाज 26 अरब किमी दूर स्पेस में कहीं सफर कर रही है। 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।