विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चूहों को मारने की जरूरत नहीं! घर से भगाने के लिए आजमाएं ये 5 तरीके, आसानी से मिल जाएगा छुटकारा

Updated: Fri, 28 Aug 2026 06:00 PM (IST)

चूहों से छुटकारा पाने के लिए आप जहर या पिंजरे की बजाय कुछ घरेलू नुस्खे अपना सकते हैं।

चूहों को बिना मारे घर से दूर भगाने के आसान तरीके (Image Source: AI-Generated)

चूहों को बिना मारे घर से दूर भगाने के आसान तरीके (Image Source: AI-Generated) 

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। घर में चूहों का आतंक किसी को भी परेशान कर सकता है। ये न सिर्फ हमारे महंगे कपड़े और कीमती सामान कुतरते हैं, बल्कि खाने-पीने की चीजों को गंदा करके कई तरह की बीमारियां भी फैलाते हैं। अक्सर लोग चूहों से छुटकारा पाने के लिए बाजार में मिलने वाले जहर का इस्तेमाल करते हैं। हालांकि, घर में मरे हुए चूहे को ढूंढना और उसकी बदबू बर्दाश्त करना एक अलग ही सिरदर्द है।

साथ ही, अगर आप जीव हत्या में विश्वास नहीं रखते और चूहों को बिना नुकसान पहुंचाए घर से भगाना चाहते हैं, तो परेशान न हों। आपकी अपनी रसोई और घर में ही इसका पक्का इलाज मौजूद है। आइए जानते हैं चूहों को बिना मारे घर से भगाने के 5 सबसे आसान और असरदार तरीके।

पिपरमिंट ऑयल का जादू

चूहों को पुदीने की गंध बिल्कुल भी पसंद नहीं होती है। इसकी तेज महक उनके लिए असहनीय होती है। चूहों को भगाने के लिए रूई के छोटे-छोटे गोलों पर पिपरमिंट ऑयल की कुछ बूंदें डालें। अब इन गोलों को घर के उन कोनों, दरवाजों और रास्तों पर रख दें जहां से चूहे अक्सर अंदर आते हैं। इसकी महक से चूहे तुरंत उल्टे पैर भाग जाएंगे।

लाल मिर्च पाउडर आएगा काम

लाल मिर्च सिर्फ खाने का स्वाद ही नहीं बढ़ाती, बल्कि यह चूहों का सबसे बड़ा दुश्मन भी है। घर के जिन हिस्सों में चूहों का आना-जाना सबसे ज्यादा है, वहां थोड़ा सा लाल मिर्च पाउडर छिड़क दें। मिर्च की तीखी गंध और हल्की जलन चूहों को आपके घर के आस-पास भी फटकने नहीं देगी।

प्याज की तीखी गंध

प्याज काटते समय हम इंसानों की आंखों में आंसू आ जाते हैं, तो सोचिए चूहों का क्या हाल होता होगा! प्याज की तीखी और तेज महक चूहों के लिए बर्दाश्त करना बहुत मुश्किल होता है। चूहे के बिल या उनके छिपने की जगह के पास प्याज के एक-दो टुकड़े काटकर रख दें। इस बदबू से परेशान होकर चूहे खुद-ब-खुद आपका घर छोड़कर चले जाएंगे।

पूजा का कपूर भी है असरदार

घर में पूजा के लिए इस्तेमाल होने वाला कपूर भी चूहों को भगाने का एक बेहतरीन और खुशबूदार तरीका है। कपूर की तेज गंध से चूहों का दम घुटने लगता है और वे खुली हवा की तलाश में बाहर भागते हैं। बस कपूर की कुछ गोलियां घर के अंधेरे कोनों, किचन की अलमारियों और सोफे के नीचे रख दें।

लहसुन का स्प्रे

लहसुन की महक भी चूहों को दूर रखने में बहुत कारगर है। लहसुन की कुछ कलियों को बारीक पीस लें और उसे पानी में मिला लें। इस लहसुन वाले पानी को एक स्प्रे बोतल में भरकर उन जगहों पर छिड़कें जहां चूहे ज्यादा छिपते हैं। आप चाहें तो लहसुन की साबुत कलियां भी कोनों में रख सकते हैं।

इन घरेलू नुस्खों के साथ-साथ यह भी ध्यान रखें कि चूहों को घर में पनपने से रोकने के लिए साफ-सफाई बहुत जरूरी है। रात के समय जूठे बर्तन सिंक में न छोड़ें और खाने-पीने की सभी चीजों को एयरटाइट डिब्बों में बंद करके रखें। जब चूहों को खाना नहीं मिलेगा, तो वे अपने आप आपके घर से दूर रहेंगे।

यह भी पढ़ें- कॉकरोच ने नाक में कर रखा है दम, तो आजमाएं 5 घरेलू नुस्‍खे; घर से दुम दबाकर भाग जाएंगे सारे त‍िलचट्टे

यह भी पढ़ें- किचन से लेकर बेडरूम तक, क्या आपके घर में भी चींटियों ने मचा रखा है आतंक? 5 तरीकों से पाएं छुटकारा