विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जब 26 जनवरी को लागू हुआ, तो 26 नवंबर को क्यों मनाते हैं संविधान दिवस? 2015 में शुरू हुई थी यह खास पहल

Published: Wed, 25 Nov 2026 08:00 PM (IST)

इतिहास के पन्नों में 26 नवंबर की तारीख इसलिए दर्ज है, क्योंकि साल 1949 में इसी तारीख को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अपनाया था।

26 नवंबर को ही क्यों मनाया जाता है संविधान दिवस? (Image Source: AI-Generated)

26 नवंबर को ही क्यों मनाया जाता है संविधान दिवस? (Image Source: AI-Generated) 

HighLights

  1. 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने इसे अपनाया था

  2. डॉ. बी.आर. अंबेडकर को संविधान का मुख्य शिल्पकार माना जाता है

  3. 2015 से आधिकारिक तौर पर संविधान दिवस मनाया जा रहा है

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। क्या आपने कभी सोचा है कि 26 नवंबर की तारीख भारत के लिए इतनी अहम क्यों है? दरअसल, यही वह दिन है, जब देश में संविधान दिवस मनाया जाता है। बता दें, इसे 'राष्ट्रीय कानून दिवस' के नाम से भी जानते हैं।

संविधान सिर्फ किताब में लिखा कोई पुराना दस्तावेज नहीं, बल्कि यह हमारे लोकतंत्र, हमारी आजादी, अधिकारों और देश के पूरे सिस्टम की असली ताकत है। आइए, सीधे उस सवाल पर आते हैं जो अक्सर लोगों को कन्फ्यूज करता है।

आखिर 26 नवंबर को ही क्यों मनाया जाता है संविधान दिवस?

इस तारीख का सीधा कनेक्शन साल 1949 से है। 26 नवंबर 1949 को भारत की संविधान सभा ने देश के संविधान को औपचारिक रूप से स्वीकार किया था। इसी ऐतिहासिक पल को याद रखने के लिए हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है।

अब सवाल यह उठता है कि जब संविधान नवंबर में ही अपना लिया गया था, तो 26 जनवरी को क्या हुआ था? दरअसल, संविधान को पूरी तरह लागू करने की तारीख 26 जनवरी 1950 तय की गई थी। उसी दिन भारत एक संप्रभु लोकतांत्रिक गणराज्य बना, इसलिए हम 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस मनाते हैं।

साल 2015 में भारत सरकार ने तय किया कि 26 नवंबर को आधिकारिक तौर पर संविधान दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इसके पीछे दो बड़े मकसद थे- पहला, संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को सम्मान देना और दूसरा, देश के लोगों को संविधान के प्रति और ज्यादा जागरूक करना।

ऐसे बना था हमारा संविधान

दुनिया के सबसे विस्तृत लिखित संविधानों में से एक को तैयार करना कोई छोटा काम नहीं था। इसके लिए बकायदा एक संविधान सभा बनाई गई थी, जिसकी पहली बैठक 9 दिसंबर 1946 को हुई।

आगे चलकर 29 अगस्त 1947 को संविधान की प्रारूप समिति यानी ड्राफ्टिंग कमेटी बनी। इसकी कमान डॉ. भीमराव अंबेडकर को सौंपी गई। संविधान सभा के तमाम सदस्यों ने मिलकर कुल 11 सत्रों में एक-एक पहलू पर गहन चर्चा की। लगभग 2 साल, 11 महीने और 18 दिन की लगातार मेहनत के बाद आखिरकार 26 नवंबर 1949 को देश को उसका संविधान मिल गया।

हर नागरिक को बराबरी का मौका

डॉ. बीआर अंबेडकर को यूं ही भारतीय संविधान का मुख्य शिल्पकार नहीं कहा जाता। ड्राफ्टिंग कमेटी के अध्यक्ष के तौर पर उन्होंने संविधान में सामाजिक न्याय, समानता और मौलिक अधिकारों को सबसे ऊपर रखा।

उनका विजन एकदम साफ था, देश के हर इंसान को आगे बढ़ने का बराबर मौका मिलना चाहिए। जाति, धर्म, लिंग या सामाजिक स्थिति के नाम पर किसी के साथ कोई भेदभाव न हो। आज भारतीय लोकतंत्र जिस मजबूत नींव पर खड़ा है, उसमें उनके इन्हीं विचारों का सबसे बड़ा योगदान है।

अधिकारों के साथ जिम्मेदारी की भी याद दिलाता है यह दिन

संविधान हमें समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व जैसे बड़े अधिकार देता है, लेकिन यह सिर्फ हक मांगने की बात नहीं करता, बल्कि इसमें हमारे मौलिक कर्तव्य भी साफ तौर पर लिखे गए हैं।

यही वजह है कि 26 नवंबर सिर्फ कैलेंडर की एक तारीख नहीं है। इस दिन स्कूलों, कॉलेजों और सरकारी संस्थानों में संविधान की प्रस्तावना पढ़ी जाती है। युवाओं और छात्रों को जोड़ने के लिए भाषण, निबंध प्रतियोगिताएं और कई तरह के जागरूकता कार्यक्रम भी रखे जाते हैं।

देश की एकता, अखंडता और लोकतंत्र की असली मजबूती हमारे संविधान में ही छिपी है। 26 नवंबर का यह दिन हमें मौका देता है कि हम संविधान बनाने वालों के योगदान को सलाम करें और अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों को निभाकर एक जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प लें।

यह भी पढ़ें- Constitution Day 2026: संविधान दिवस पर 10 लाइन, फैक्ट्स GK Quiz के लिए इम्पॉर्टेंट

यह भी पढ़ें- इन प्रेरणादायक संदेशों से अपनों को भेजें संविधान दिवस की शुभकामनाएं

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।