विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ट्रेन में छूट गया बैग या किसी ने कर लिया चोरी? घबराने के बजाय तुरंत करें ये काम, वापस मिल सकता है सामान

Updated: Tue, 25 Aug 2026 10:48 AM (IST)

ट्रेन में बैग छूट जाने या चोरी होने पर घबराने की बजाय यात्री कुछ आसान कदम उठा सकते हैं।

रेल यात्रा में बैग चोरी या गुम हो जाए तो क्या करें? (Image Source: AI-Generated)

रेल यात्रा में बैग चोरी या गुम हो जाए तो क्या करें? (Image Source: AI-Generated)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। ट्रेन में सफर के दौरान अक्सर ऐसा होता है कि हम अपनी ही धुन में होते हैं और हमारा कोई बैग सीट पर ही छूट जाता है। या फिर कई बार चोरों की नजर हमारे सामान पर पड़ जाती है। ऐसे पलों में घबराहट होना लाजमी है।

हालांकि, भारतीय रेलवे ने यात्रियों की इस परेशानी को दूर करने के लिए कुछ बेहद कारगर डिजिटल इंतजाम किए हुए हैं, जिनके बारे में ज्यादातर लोग नहीं जानते हैं। आइए समझते हैं कि ऐसी स्थिति में बिना पैनिक किए आपको क्या करना चाहिए।

चोरी का एहसास होने पर तुरंत लें ये एक्शन

अगर आपको चलती ट्रेन में पता चलता है कि आपका सामान गायब है, तो बिना देर किए ये कदम उठाएं:

  • स्टाफ को अलर्ट करें: सबसे पहले अपने कोच में मौजूद टीटीई, ट्रेन के गार्ड या अटेंडेंट को मामले की जानकारी दें।
  • गश्ती दल से मांगें फॉर्म: ट्रेन के अंदर ही रेलवे पुलिस या जीआरपी के जवान गश्त लगाते हैं। आप उनसे सीधे एफआईआर फॉर्म लेकर उसे भरकर जमा कर सकते हैं।
  • थाने में दें लिखित शिकायत: अगर आप अपनी मंजिल वाले स्टेशन पर उतर गए हैं, तो स्टेशन के ही जीआरपी थाने में जाकर अपनी शिकायत दर्ज करवाएं।

अगर जल्दबाजी में सीट पर ही रह गया हो बैग

स्टेशन पर उतरने के बाद अगर आपको याद आए कि सामान अंदर ही रह गया है, तो ये उपाय काम आएंगे:

  • स्टेशन मास्टर से मिलें: ट्रेन से बाहर आते ही सीधे स्टेशन मास्टर के दफ्तर पहुंचें। आपकी सूचना पर वे तुरंत अगले स्टेशनों पर अलर्ट भेजकर आपका सामान सुरक्षित उतारने का इंतजाम कर सकते हैं।
  • पोर्टल पर करें चेक: रेलवे के 'मिशन अमानत' पोर्टल पर भी आप नजर रख सकते हैं। आरपीएफ के जवान ट्रेन में मिले लावारिस सामान की तस्वीरें जोनल रेलवे की वेबसाइट पर इसी पोर्टल के तहत डालते हैं, जहां से आप अपने बैग को आसानी से पहचान सकते हैं।

शिकायत के लिए मौजूद आसान डिजिटल विकल्प

आप चाहें तो फोन या स्मार्टफोन की मदद से भी रेलवे तक अपनी बात पहुंचा सकते हैं:

  • हेल्पलाइन नंबर का करें इस्तेमाल: आप अपने फोन से सीधे 139 नंबर डायल कर सकते हैं। कॉल ऑपरेटर को अपना पीएनआर नंबर, कोच, सीट और ट्रेन की डिटेल बता दें।
  • ऐप से करें ऑनलाइन रिपोर्ट: अपने फोन में 'RailMadad App' डाउनलोड करें। इसके शिकायत वाले हिस्से में जाकर अपना पीएनआर भरें और घर बैठे ऑनलाइन रिपोर्ट दर्ज कर दें।

अपना सामान वापस लेते समय रखें ये सावधानियां

  • जरूरी बात: स्टेशन पर बरामद होने वाला कोई भी सामान वहां सिर्फ 24 घंटे तक ही रखा जाता है। इसके बाद उसे संबंधित रेलवे के जोनल डिवीजनल दफ्तर में भेज दिया जाता है।
  • पहचान पत्र ले जाना न भूलें: जब भी आप अपना सामान वापस लेने जीआरपी या रेलवे स्टेशन जाएं, तो अपनी पहचान साबित करने के लिए आधार कार्ड, वोटर आईडी या ड्राइविंग लाइसेंस जरूर साथ रखें।
  • टिकट दिखाना है जरूरी: अपनी यात्रा को साबित करने के लिए अपने सफर का पीएनआर या ट्रेन टिकट साथ ले जाना बिल्कुल न भूलें।

यह भी पढ़ें- अब अपने फोन से ही निकालें ट्रेन का जनरल टिकट! लंबी लाइन से मिलेगा छुटकारा और 3% की विशेष छूट भी

यह भी पढ़ें- सभी ट्रेनों में फ्री नहीं होता रेलवे स्टाफ का सफर! जानिए कब मान्य होता है पास और कहां खरीदना पड़ता है टिकट