रामानंद सागर की 'रामायण' का वो रहस्य जो कम ही लोग जानते हैं! गुजरात के इस छोटे से गांव में बसा था राम का दरबार
रामानंद सागर की रामायण की शूटिंग गुजरात के वलसाड जिले के उमरगाम गांव में हुई थी, जहां अयोध्या, जनकपुर और लंका के विशाल सेट बनाए गए थे।

इस जगह हुई थी रामायण की शूटिंग (Picture Courtesy: Instagram)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। रामानंद सागर की रामायण जब 1980 के दशक में शुरू हुई, तब लोगों में इसका अजब क्रेज था। लोग एक जगह रामायण देखने के लिए सारे काम छोड़कर एक जगह इकट्ठा हो जाते थे। अयोध्या और जनकपुर की खूबसूरती, लंका का वैभव और किष्किंधा की प्राकृतिक छंटा देखकर लोगों की नजरें टीवी स्क्रीन से हटती ही नहीं थी।
लेकिन क्या आप जानते हैं ये इस रामायण में दिखाई गई अयोध्या, लंका और जनकपुर आदि गुजरात के एक छोटे से गांव में बसे थे? जी हां, रामायण की इन जगहों की शूटिंग गुजरात के वलसाड जिले में स्थित गांव उमरगाम में हुई थी। आइए जानें इस गांव में क्या-क्या खास है और आप यहां कैसे जा सकते हैं।
रामायण-महाभारत जैसे शो की शूटिंग
ये छोटा-सा गांव समुद्र के किनारे बसा है। इस गांव में ही वृंदावन स्टूडियो है, जहां रामानंद सागर की रामायण का विशाल सेट तैयार किया गया था। यहीं अयोध्या, जनकपुर, किष्किंधा और लंका बनाई गई थी। अरब सागर से सटे इस गांव में ही रामायण के समुद्र तट वाले सीन भी शूट किए गए थे।
रामायण के अलावा, इस गांव में महाभारत, राधा कृष्ण और चंद्रगुप्त मौर्य जैसे शो को भी फिल्माया गया है। इसलिए अगर आप रामायण के फैन हैं, तो इस गांव में घूमना आपकी ट्रैवल बकेट लिस्ट में जरूर होना चाहिए।
उमरगाम कैसे पहुंचें?
उमरगाम महाराष्ट्र के बॉर्डर से सटा है। इसलिए आप यहां छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचकर टैक्सी या बस से आसानी से पहुंच सकते हैं। इसके अलावा, रेल मार्ग से भी आप यहां आसानी से पहुंच सकते हैं। मुंबई-अहमदाबाद रेल रूट के जरिए आप उमरगाम पहुंच सकते हैं। अगर आप सड़क के रास्ते उमरगाम आना चाहते हैं, तो मुंबई से ये सिर्फ 150 कि.मी. दूर है। कार या बस से आप आसानी से 3 घंटे में यहां पहुंच सकते हैं।
उमरगाम में क्या-क्या कर सकते हैं?
उमरगाम घूमने के लिए एक या दो दिन का ट्रैवल प्लान बिल्कुल ठीक है। यहां आप उमरगाम बीच घूम सकते हैं। ये समुद्र तट काफी शांत है और यहां से ढलते सूरज का नजारा बहुत खूबसूरत दिखता है। यहां लाइटहाउस और मछली पकड़ने वाले बंदरगाह भी घूम सकते हैं। रामायण के समुद्र तट का सीन भी इसी बीच पर शूट किया गया था।
इसके अलावा, आप यहां के लोकल फूड्स, जैसे भेलपुरी, पानीपुरी, सेवपुरी और वड़ा पाव का लुत्फ भी ले सकते हैं। उमरगाम में कई धार्मिक जगहें भी हैं, जैसे- कालगाम हनुमान मंदिर और अकड़ा मारुति मंदिर।
