एक टिकट में देखें पूरा हिंदुस्तान! भारत की वो स्पेशल ट्रेनें जो कराती हैं कश्मीर से कन्याकुमारी तक की सैर
ट्रेन का सफर वाकई में रोमांचक हो सकता है, कल्पना करके देखिए एक ही टिकट पर 12-15 राज्यों की सैर हो जाए!

भारत की सबसे लंबी ट्रेनों के सफर (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। यह बात तो सभी को पता है कि इंडियन रेलवे दुनिया के सबसे बड़े रेलवे नेटवर्क में से एक है। इसे देखने पर ऐसा लगता है कि जैसे पूरे भारत की आवाजाही ताने-बाने पर टिकी हुई हो। पर क्या आप जानते हैं कि इस बड़े से रेलवे नेटवर्क में भारत की सबसे लंबी दूरी करने वाली ट्रेनें कौन सी हैं जो आपको पूरे देश की सैर करा सकती हैं? अगर नहीं तो चलिए आज आपको ट्रेन के इस सफर पर ले चलते हैं।
विवेक एक्सप्रेस
डिब्रूगढ़ से कन्याकुमारी तक चलने वाली विवेक एक्सप्रेस 4273 किलोमीटर लंबी है। अपने इस लंबे सफर को पूरा करने में इसे करीब 80 घंटे और 15 मिनट का समय लगता है। बताते चलें कि इस दौरान यह ट्रेंड 9 राज्यों से होकर गुजरती है जिसमें बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, केरल, तमिलनाडु के साथ ही असम और नागालैंड भी शामिल है।
अरोनाई सुपरफास्ट एक्सप्रेस
अरोनाई सुपरफास्ट एक्सप्रेस केरल के तिरुवनंतपुरम सेंट्रल से असम के सिलचर के बीच चलती है। यह सफर लगभग 3,917 किलोमीटर तक लंबा है जिसे पूरा करने में 71 से 73 घंटे यानी करीब 4 दिन तक का समय लगता है। इस रूट से जाते वक्त आप 8 राज्यों बिहार, ओडिशा, झारखंड, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल और असम की रास्तों का नजारा ले सकते हैं।
हिमसागर एक्सप्रेस
अगर आप कन्याकुमारी से माता वैष्णोदेवी तक जाना चाहते हैं तो यह ट्रेन स्पेशल है क्योंकि यह कन्याकुमारी से कटरा के बीच चलती है। खास बात यह कि हिमसागर एक्सप्रेस एक साप्ताहिक ट्रेन है जो अपने सफर में 3,797 किलोमीटर की दूरी तय करती है। इस ट्रेन को अपनी यात्रा पूरी करने में 68 से 72 घंटे तक का समय लगता है। वहीं, यह भारत के 12 राज्यों से होकर गुजरती है जिसके बीच में 65 से ज्यादा स्टेशन पड़ते हैं।
नवयुग एक्सप्रेस
यह भी हिमसागर की तरह हफ्ते में एक बार चलने वाली स्पेशल ट्रेन है। इसका रूट जम्मू तवी से मैंगलोर सैंट्रल तक है। 3607 किलोमीटर की दूरी करने वाली इस ट्रेन का सफर लगभग 68 घंटों का है जिसके बीच में 61 स्टेशन पड़ते हैं। वहीं, राज्यों की बात करें तो यह ट्रेन जम्मू-कश्मीर से शुरू होकर दक्षिण में कर्नाटक तक करीब 13 से 15 राज्यों से होकर गुजरती है।
