टेकऑफ और लैंडिंग के वक्त क्यों खुलवाए जाते हैं खिड़की के शटर? ज्यादातर लोग नहीं जानते इस नियम की वजह
प्लेन में टेक-ऑफ और लैंडिंग के दौरान खिड़की के शटर खोलने का निर्देश यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ा है। ...और पढ़ें

प्लेन की खिड़की का ये नियम है सुरक्षा के लिए जरूरी (Picture Courtesy: Freepik)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। अगर आपने कभी प्लेन से यात्रा की है, तो ध्यान दिया होगा कि टेक-ऑफ और लैंडिंग के समय केबिन क्रू खिड़की के शटर खोलने का निर्देश देते हैं। सीट बेल्ट लगाना या सीट सीधी करके बैठने जैसे निर्देशों के पीछे की वजह समझ में आती है, लेकिन खिड़की शटर खोलने के लिए क्यों कहा जाता है?
दरअसल, इसके पीछे भी यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ी एक वजह है। आइए जानें प्लेन की खिड़की के शटर खोलना सुरक्षा के लिहाज से कैसे जरूरी है।
इमरजेंसी को तुरंत भांपना
अगर टेक-ऑफ या लैंडिंग के समय कोई तकनीकी खराबी या इमरजेंसी हो जाती है, तो केबिन क्रू के पास यात्रियों को बाहर निकालने के लिए बहुत कम समय होता है। खिड़कियों के खुले शटर से बाहर की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है, जैसे अगर विमान के दाहिनी तरफ आग लगी है, तो क्रू सिर्फ बाईं तरफ के इमरजेंसी एग्जिट डोर को खोलेंगे।
आंखों को बाहर की रोशनी के अनुकूल होना
इंसानों की आंखों को तेज रोशनी या अंधेरे में एडजस्ट होने में कुछ सेकंड का समय लगता है। अगर यात्री अचानक अंधेरे से उजाले में जाएंगे, तो उनकी आंखें चौंधिया जाएंगी, इससे एग्जिट करते समय दिक्कत हो सकती है। खुले शटर से यात्रियों की आंखें बाहर की रोशनी के हिसाब से एडज्ट हो जाती हैं, जो इमरजेंसी की स्थिति में तुरंत बाहर निकलने के लिए जरूरी है।
यात्रियों की नजरें
कुछ मामलों में प्लेन के इंजन से चिंगारी निकलने या किसी दूसरी तरह की खराबी क्रू की नजरों से बच सकती हैं, लेकिन खिड़की वाली सीट पर बैठे यात्री इसे देखकर तुरंत क्रू को सूचित कर सकते हैं। इससे तुरंत एक्शन लेने और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद मिलती है।
खबरें और भी
बाहर से रेस्क्यू टीम की मदद
अगर कोई बड़ी दुर्घटना होती है, तो बाहर मौजूद फायर ब्रिगेड या रेस्क्यू टीम खुली खिड़कियों के जरिए प्लेन के अंदर के हालात देख सकते हैं। इससे उन्हें तेजी से रेस्क्यू करने में मदद मिलती है।
इंटरनेशनल एविएशन रूल
टेक-ऑफ और लैंडिंग के समय प्लेन की खिड़की का शटर खोलने का नियम स्टैंडर्ड प्रोटोकॉल है, जिसे हर एयरलाइन को फॉलो करना होता है। ये सिर्फ एक देश की बात नहीं है, बल्कि दुनिया में आप किसी भी एयरलाइन में ट्रैवल करें, आपको ये नियम मानना ही पड़ेगा।