उज्जैन में शाही मस्जिद विवाद में फिर पथराव और लाठीचार्ज: महिला पुलिस अफसर घायल; 10 पर FIR, 5 गिरफ्तार
उज्जैन में शाही मस्जिद के एक हिस्से को गिराने से पहले भारी बवाल हो गया। सड़क चौड़ीकरण परियोजना के लिए ...और पढ़ें
HighLights
उज्जैन शाही मस्जिद पर बुलडोजर कार्रवाई से पहले बवाल
सड़क चौड़ीकरण के लिए मस्जिद का हिस्सा गिराने की योजना
पुलिस पर पथराव, भीड़ और पुलिस के बीच झड़प
डिजिटल डेस्क, उज्जैन। एक तरफ जहां महाकाल की नगरी उज्जैन में सिंहस्थ-2028 की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं तो वहीं दूसरी तरफ शाही मस्जिद के एक हिस्से को गिराने को लेकर बवाल मच गया है। शहर काजी की अपील को न मानते हुए उपद्रवियों ने फिर से पत्थरबाजी की।
स्थिति पर काबू पाने के लिए पुलिस को लाठी चार्ज करना पड़ा। मामले में 10 लोगों पर एफआईआर दर्ज हुई है और पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उज्जैन प्रशासन और शहर काजी ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें।
पुलिस और उपद्रवियों के बीच हिंसक झड़प
इससे पहले सोमवार सुबह प्रशासन जब बाधक हिस्सा हटाने पहुंचा तो उपद्रवियों और पुलिस के बीच हिंसक झड़प हुई। इस दौरान नारेबाजी हुई और कुछ समाजजन ने कार्रवाई का विरोध भी किया। उपद्रव करने की कोशिश कर रहे लोगों पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। कार्रवाई के विरोध में मुस्लिम समाज का एक तबका आगर नाके पर जमा हो गया।

शहर काजी ने क्या अपील की?
उज्जैन में शादी मस्जिद का हिस्सा हटाने को लेकर शहर काजी खलीर्कुरहमान ने कहा कि मस्जिद का मसला रात में ही हल हो चुका है। समाज के लोग अफवाहों पर ध्यान न दें। बिना वजह बाजार में न खड़े हो और वहां न जाएं। ऐसी कोई बात नहीं है जिसके पीछे हम वहां जाएं। जिस बात के लिए वादा हुआ है वो काम पूरा होना है। वो लोग अपने काम को कर रहे हैं। अफवाहों पर बिल्कुल ध्यान न दें। अफवाहों की वजह से घर से बाहर न निकलें।
उज्जैन के कलेक्टर ने क्या कहा?
इसे लेकर उज्जैन कलेक्टर रोशन सिंह ने कहा कि 2028 में सिंहस्थ महाकुंभ का आयोजन होना है। बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए निर्माण कार्य चल रहे हैं, मास्टर प्लान के हिसाब से मार्गों का चौड़ीकरण चल रहा है। इसमें अच्छी बात यह है कि सभी धर्म-समुदाय के लोग स्वतः इसमें अपना योगदान दे रहे हैं। उनके मकान, धर्मस्थल जो भी बीच में आ रहे हैं, उन्हें वे स्वतः हटा रहे हैं।
क्राइम ब्रांच की महिला टीआई को लगी चोट
शाही मस्जिद के पास बैरिकेडिंग की गई थी, जिसे भीड़ ने हटाने की कोशिश की। उपद्रवियों की ओर से किए गए पथराव में क्राइम ब्रांच की महिला टीआई पुष्पा पांचाल को चोट लगी है।

क्या है मामला?
कंठाल चौराहा से गोपाल मंदिर तक मार्ग चौड़ीकरण के लिए शाही मस्जिद का करीब 10 फीट बाधक हिस्सा हटाया जाना है। सोमवार सुबह प्रशासन और मुस्लिम समाज के बीच बातचीत के बाद समाजजन खुद बाधक हिस्सा हटाने पहुंचे। हालांकि इस दौरान नारेबाजी हुई और कुछ समाजजन ने कार्रवाई का विरोध भी किया।

उल्लेखनीय है कि उज्जैन मास्टर प्लान 2035 के तहत कंठाल चौराहा से गोपाल मंदिर तक 15 मीटर चौड़ा मार्ग प्रस्तावित है। शाही मस्जिद का कुछ हिस्सा इस सड़क की निर्धारित सीमा में बाधक बन रहा था। इसी हिस्से को हटाने के लिए कार्रवाई की जा रही है।
यह मार्ग महाकालेश्वर मंदिर, गोपाल मंदिर और शिप्रा तट को जोड़ता है। सिंहस्थ 2028 और धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनाने के लिए मार्ग चौड़ीकरण किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण की जद में आया मुख्यमंत्री का पैतृक घर, भावुक होकर सीएम मोहन यादव ने खुद चलाया फावड़ा
