Bhopal: चलती कार में थमी युवक की सांसें, डायल-112 के जवानों ने शीशा तोड़कर बाहर निकाला, CPR देकर बचाई जान
भोपाल में डायल-112 टीम ने चलती कार में दिल का दौरा पड़ने से बेहोश हुए 40 वर्षीय सचिन राठौर की जान बचाई। पुलिसकर्मियों ने कार का शीशा तोड़कर उसे बाहर न ...और पढ़ें

डायल 112 सेवा (प्रतीकात्मक चित्र)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी के टीटी नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम डायल-112 की टीम ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए एक व्यक्ति को नया जीवन दे दिया। चलती कार में हार्ट अटैक आने से बेसुध हुए चालक को पुलिसकर्मियों ने न केवल कार से बाहर निकाला, बल्कि मौके पर ही सीपीआर देकर उसकी उखड़ती सांसों को फिर से थाम लिया।
मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार शाम करीब 5 बजे डायल-112 को सूचना मिली कि एक कार में व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही प्रधान आरक्षक उमेश पटेल और चालक आशीष कुमार तत्काल मौके पर पहुंचे। वहां पहुंचकर उन्होंने देखा कि कार स्टार्ट हालत में थी और अंदर से लॉक थी, जबकि चालक सीट पर व्यक्ति बेहोश पड़ा हुआ था।
स्थिति की गंभीरता भांपते हुए टीम ने तुरंत कार का शीशा तोड़ा और चालक को बाहर निकाला। जांच करने पर उसकी नब्ज बेहद कमजोर मिली। एम्बुलेंस का इंतजार करने के बजाय दोनों पुलिसकर्मियों ने मौके पर ही सीपीआर देना शुरू किया। कुछ ही मिनटों की कोशिश के बाद व्यक्ति के शरीर में हलचल हुई और वह धीरे-धीरे होश में आने लगा।
इसके बाद उसे तुरंत जेपी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया।
अस्पताल में भर्ती व्यक्ति की पहचान कोटरा के नया बसेरा निवासी 40 वर्षीय सचिन राठौर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सचिन पेशे से ड्राइवर है और परिचित की कार लेकर निकला था, तभी अचानक उसे दिल का दौरा पड़ गया।
डॉक्टरों ने बताया कि यदि मौके पर सीपीआर नहीं दिया जाता, तो स्थिति जानलेवा हो सकती थी। फिलहाल सचिन की हालत स्थिर है। पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई और मानवीय संवेदनशीलता की शहरभर में सराहना हो रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।