मध्य प्रदेश के गंजबासौदा में पटाखा बाजार में लगी भीषण आग, चार दुकानें जलकर खाक; कलेक्टर मौके पर पहुंचे
गंजबासौदा के पटाखा बाजार में गुरुवार शाम भीषण आग लग गई, जिससे चार दुकानें, दो बाइक और एक स्कूटर जलकर ...और पढ़ें

पटाखा बाजार में भड़की आग। (वीडियो ग्रैब)
HighLights
गंजबासौदा पटाखा बाजार में गुरुवार शाम भीषण आग लगी।
आग से चार दुकानें, दो बाइक और एक स्कूटर जले।
शॉर्ट सर्किट को आग का प्रारंभिक कारण बताया जा रहा है।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। प्रदेश के विदिशा जिले के गंजबासौदा में गुरुवार शाम करीब 6 बजे पटाखा बाजार में आग लग गई। गंजबासौदा के बरेठ रोड नवीन बस स्टैंड के पास प्रशासन ने पटाखा बाजार लगवाया है। शाम को अचानक यहां एक दुकान में आग लगी। आग तेजी से भड़की और आसपास की तीन दुकानों को भी चपेट में ले लिया। अचानक भड़की आग से पटाखा बाजार में अफरा-तफरी का माहौल हो गया और लोग इधर-उधर भागते नजर आए। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
दमकलों ने आग पर पाया काबू
सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची। दमकल वाहनों को बाजार के अंदर पहुंचने में करीब 20 मिनट लगे, हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। मौके पर पुलिस बल के अलावा शाम को कलेक्टर अंशुल गुप्ता भी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
यह भी पढ़ें- 'मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान...' गाने वाले सुनील लोधी की आंखों का इलाज शुरू, मुख्यमंत्री भी कर चुके मदद का ऐलान
शॉर्ट सर्किट की आशंका
बताया जा रहा है कि व्यापारी राकेश प्रजापति की दुकान थी, व्यापारी के अनुसार एक बल्ब के होल्डर में आग लगी थी, जिसके बाद दुकान में रखे पटाखों में चिंगारी लगने से आग भड़क गई। आग से चार दुकानों में नुकसान हुआ है, वहीं पास में रखीं दो बाइक और एक स्कूटर भी जल गई।
बता दें कि प्रशासन ने यहां 257 दुकानों का आवंटन किया है जिसमें करीब 100 दुकानें लग चुकी हैं।