ग्वालियर के डबरा में मकान ढहने से मां-बेटे की मौत, सात लोग दबे
ग्वालियर के डबरा स्थित जंगीपुरा में बुधवार रात एक कच्चे मकान की छत गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। इस दुर्घटना में मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई।

ग्वालियर में मकान की छत गिरने से मां-बेटे की मौत (AI जेनरेटेड फोटो)
HighLights
डबरा के जंगीपुरा में कच्चे मकान की छत गिरी।
हादसे में मां और बेटे की मौत हुई।
सात लोग मलबे में दबे, स्थानीय लोगों ने बचाया।
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा सिटी थाना क्षेत्र के जंगीपुरा में बुधवार रात करीब 11 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक कच्चे मकान की छत गिर गई, जिससे कमरे में सो रहे 7 लोग मलबे में दब गए। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई।
मकान की छत गिरते ही इलाके में चीख-पुकार मच गई। प्रशासन के पहुंचने से पहले आसपास के लोगों ने ही कड़ी मशक्कत कर सभी को मलबे से बाहर निकाला।
मकान ढहने से मां-बेटे की मौत
जानकारी के मुताबिक, जागेंद्र रजक नाम के शख्स की कच्चे मकान की छत की पट्टियां भरभराकर गिर गईं, जिससे कमरे में सो रहे 7 लोग मलबे में दब गए। हादसे में जागेंद्र की पत्नी सीमा (35) और उनके दो साल के बेटे आदित्य की मौके पर ही मौत हो गई।
परिवार के चार सदस्य ग्वालियर के अस्पताल में भर्ती हैं। जागेंद्र और उसकी तीन बेटियों खुशबू (10), वैशाली (12) और राखी (14) का इलाज चल रहा है।
परिजनों का आरोप है कि सभी घायलों को सिविल अस्पताल डबरा ले जाया गया, लेकिन वहां पर्याप्त सुविधाएं नहीं थीं और डॉक्टरों ने घायलों को काफी देर बाद देखा। हालत बिगड़ने पर सभी को रात में ही जयरोग्य अस्पताल ग्वालियर रेफर करना पड़ा, जहां उनका उपचार जारी है।
जांगेंद्र मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार की स्थिति बेहद दयनीय होने से ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन से तत्काल मुआवजा और पक्का मकान देने की मांग की है।
यह भी पढ़ें- कर्नल सोफिया कुरैशी पर आपत्तिजनक टिप्पणी मामला: विजय शाह पर नहीं चलेगा मुकदमा, मध्य प्रदेश सरकार ने किया साफ
