विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

स्वच्छता सर्वेक्षण में MP के 9 शहरों का जलवा: देवास-उज्जैन बने देश में नंबर-1, इंदौर-देपालपुर की जोड़ी को मिला दूसरा स्थान

Published: Wed, 11 Nov 2026 05:21 PM (IST)Updated: Wed, 11 Nov 2026 11:15 PM (IST)

मध्य प्रदेश ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में नौ राष्ट्रीय पुरस्कार जीते, जिसमें देवास और उज्जैन ने अपनी-अपनी श्रेणियों में पहला ...और पढ़ें

राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के हाथ सुपर स्वच्छ जोड़ी का पुरस्कार लेते मप्र के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, सांसद शंकर लालवानी।

राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के हाथ सुपर स्वच्छ जोड़ी का पुरस्कार लेते मप्र के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, सांसद शंकर लालवानी।

HighLights

  1. मध्य प्रदेश के नौ शहरों ने स्वच्छता में राष्ट्रीय पुरस्कार जीते।

  2. देवास और उज्जैन ने अपनी श्रेणियों में पहला स्थान पाया।

  3. इंदौर-देपालपुर जोड़ी को स्वच्छ शहर जोड़ी में दूसरा स्थान।

डिजिटल डेस्क, इंदौर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के राष्ट्रीय पुरस्कारों में मध्य प्रदेश ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन किया है। प्रदेश के नौ शहरों ने अलग-अलग श्रेणियों में राष्ट्रीय स्तर पर जगह बनाते हुए कुल 63 पुरस्कारों में से नौ अपने नाम किए। बुधवार को दिल्ली के विज्ञान भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने विजेता शहरों को सम्मानित किया। देवास और उज्जैन ने अपनी-अपनी श्रेणियों में देश में पहला स्थान हासिल किया, जबकि जबलपुर दूसरे पायदान पर रहा। इंदौर और देपालपुर की जोड़ी ने भी स्वच्छ शहर जोड़ी श्रेणी में देशभर में दूसरा स्थान प्राप्त किया।

इस बार कुल राष्ट्रीय पुरस्कारों में मध्य प्रदेश की हिस्सेदारी बढ़कर 14.28 प्रतिशत हो गई है। पिछले सर्वेक्षण में प्रदेश को 90 पुरस्कारों में से आठ मिले थे, तब यह हिस्सेदारी करीब 8.9 प्रतिशत थी। पुरस्कारों की संख्या के साथ-साथ कुल पुरस्कारों में प्रदेश की भागीदारी में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

इंदौर के लिए मिला-जुला परिणाम

लगातार आठ बार स्वच्छता में देश का नंबर-1 शहर रहने वाले इंदौर के लिए इस बार का परिणाम कुछ अलग रहा। शहर को सुपर स्वच्छ लीग के शीर्ष तीन स्थानों में जगह नहीं मिली। इस श्रेणी में नवी मुंबई पहले, सूरत दूसरे और विजयवाड़ा तीसरे स्थान पर रहे।

वहीं, स्वच्छ शहर जोड़ी श्रेणी में इंदौर ने देपालपुर के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। इस श्रेणी में अहमदाबाद और सानंद की जोड़ी पहले स्थान पर रही। इस तरह इंदौर को इस बार शीर्ष व्यक्तिगत श्रेणी में जगह नहीं मिली, लेकिन देपालपुर के साथ संयुक्त उपलब्धि जरूर मिली।

राष्ट्रपति से मिला सम्मान, केंद्रीय मंत्री ने की सराहना

विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव, देपालपुर नगर परिषद अध्यक्ष अनीता पुरी गोस्वामी और निगमायुक्त क्षितिज सिंघल ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से स्वच्छ शहर जोड़ी का पुरस्कार प्राप्त किया।

यह भी पढ़ें- भोपाली बेगमों की विरासत को फैशन बनाया, करीना कपूर खान को कांग्रेस नेता ने भेजा लीगल नोटिस; सार्वजनिक माफी की मांग

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने इंदौर की स्वच्छता यात्रा को प्रेरणादायक बताते हुए मध्य प्रदेश के नौ शहरों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने सुझाव दिया कि राज्यों के मुख्यमंत्री भी अपने स्तर पर शहरों के बीच स्वच्छता प्रतियोगिताएं आयोजित करें और बेहतर प्रदर्शन करने वाले शहरों को सम्मानित करें। उनके मुताबिक, इससे नगरीय निकायों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और स्वच्छता के नए मानक स्थापित होंगे।

swachchh survey result 2157

मध्य प्रदेश भवन में मुख्यमंत्री ने किया अभिनंदन

राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह के बाद नई दिल्ली स्थित मध्य प्रदेश भवन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में प्रदेश के नौ पुरस्कृत नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का अभिनंदन किया गया। मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि को प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया।

पीएम मोदी के मार्गदर्शन में ‘स्वच्छ भारत’ का संकल्प जन-जन तक पहुंचा है। मध्य प्रदेश ने इस संकल्प को आगे बढ़ाते हुए स्वच्छता के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। प्रदेश के छोटे से छोटे और बड़े से बड़े शहर ने इस सर्वेक्षण में अपना स्थान प्राप्त किया है। प्रदेश के सभी अंचलों ने अच्छा प्रदर्शन किया है। प्रदेश को नौ पुरस्कार मिले हैं यानी स्वच्छता के नवग्रह बलवान हैं। प्रदेश ने साबित कर दिखाया कि इच्छाशक्ति और प्रतिबद्धता से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। विभिन्न मापदंडों पर राज्य में स्वच्छता रैंकिंग शुरू की जाएगी।
- डॉ. मोहन यादव, मुख्यमंत्री, मध्य प्रदेश

इन श्रेणियों में मिला पुरस्कार

श्रेणी: स्वच्छ शहर जोड़ी
इंदौर (मेंटर-मार्गदर्शक)- देपालपुर (मेंटी-सहयोग प्राप्त शहर)
दूसरा स्थान (दो पुरस्कार)

श्रेणी: तीन से 10 लाख आबादी
उज्जैन, पहला स्थान

श्रेणी: 50 हजार से तीन लाख आबादी
देवास, पहला स्थान

श्रेणी: 50 हजार से तीन लाख आबादी
सागर, तीसरा स्थान

श्रेणी: 10 लाख से अधिक आबादी
जबलपुर, दूसरा स्थान

श्रेणी: राज्य का प्रथम स्वच्छ शहर
ग्वालियर

श्रेणी: स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी
रीवा, पहला स्थान

श्रेणी: 20 हजार से कम आबादी
बुधनी, तीसरा स्थान

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।