सागर जहरीली शराब कांड: 30 हजार के इनामी आरोपी शिवांजय राजपूत का हाफ एनकाउंटर, पैर में लगी गोली
सागर जहरीली शराब कांड के 30 हजार के इनामी आरोपी शिवांजय राजपूत को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर ...और पढ़ें
HighLights
शिवांजय राजपूत, 30 हजार का इनामी, मुठभेड़ में गिरफ्तार।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में लगी गोली।
जहरीली शराब कांड में रवि लखेरा भी पहले हो चुका गिरफ्तार।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। बंडा जहरीली शराब कांड के आरोपी 30 हजार रुपये के इनामी शिवांजय राजपूत (21 वर्ष) को पुलिस ने रविवार तड़के बहरोल थाना क्षेत्र के कठुआ नाला के पास जंगल में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार घेराबंदी के दौरान शिवांजय ने पुलिस टीम पर तीन फायर किए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दो राउंड फायर किए, जिसमें उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपित को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस में जंगल में घेराबंदी करके शुरू किया सर्च अभियान
पुलिस के अनुसार 13 सितंबर की तड़के सूचना मिली थी कि शराब कांड का आरोपित शिवांजय राजपूत निवासी छापरी, थाना बंडा, कठुआ नाला के पास जंगल से निकलकर धामोनी-बहरोल मार्ग होते हुए अपने घर जाने का प्रयास कर रहा है। सूचना पर बान्द्री थाना प्रभारी सतेंद्र सिंह और बहरोल थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जंगल की घेराबंदी कर सर्चिंग शुरू की।
पुलिस को देखकर आरोपी ने शुरू की फायरिंग
पुलिस टीम को देखकर शिवांजय ने फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया। आरोपित के कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा, तीन जिंदा और तीन खाली कारतूस, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार शिवांजय पूर्व से शराब तस्करी में संलिप्त रहा है और उसके खिलाफ तीन आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
शराब कांड का आरोपी रवि लेखरा भी हो चुका है गिरफ्तार
दो दिन पहले रवि लखेरा भी मुठभेड़ में पकड़ा गया था। जहरीली शराब कांड में आरोपित रवि लखेरा को भी पुलिस ने दो दिन पहले शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया था। इस तरह मामले में अब तक दो आरोपित पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
