दीवाली पर पटाखे न जलाने की दीया मिर्जा की अपील से बीजेपी नाराज, बीएमसी ने वीडियो हटाया
बीएमसी के दिवाली पर पटाखे न जलाने के अभियान में दीया मिर्जा के वीडियो को लेकर मुंबई में सियासी विवाद खड़ा हो गया है।

दीया मिर्जा की दीवाली अपील से बीजेपी नाराज
HighLights
बीएमसी ने दिवाली पर पटाखे न जलाने का अभियान चलाया।
दीया मिर्जा के वीडियो पर भाजपा ने कड़ी आपत्ति जताई।
विवाद के बाद बीएमसी ने दीया मिर्जा का वीडियो हटाया।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। दीवाली के मौके पर पटाखों के खिलाफ BMC के जन जागरुकता अभियान को लेकर मुंबई में नया सियासी विवाद खड़ा हो गया है।
भाजपा और सहयोगी दलों की तीखी आपत्ति के बाद बीएमसी ने अभिनेत्री दीया मिर्जा का वीडियो संदेश अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स से हटा दिया है।
हालांकि इसी अभियान के तहत पोस्ट किए गए अभिनेत्री माधुरी दीक्षित, मराठी कलाकार निशिगंधा वाड और क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे के वीडियो संदेश अभी भी नगर निकाय के पेज पर मौजूद हैं।
दीया मिर्जा की वीडियो में क्या था?
मुंबई में वायु प्रदूषण के स्तर को नियंत्रित करने और बॉम्बे हाईकोर्ट के निर्देशों का पालन कराने के उद्देश्य से BMC ने दीवाली अभियान शुरू किया था।
इसमें शामिल हस्तियों ने नागरिकों से पटाखे न जलाने और ध्वनि व वायु प्रदूषण से बचने की अपील की थी। दीया मिर्जा ने भी अपने वीडियो में नागरिकों से पर्यावरण के अनुकूल दीवाली मनाने का आग्रह किया था।
हमें सीखने की जरूरत नहीं-भाजपा
BMC द्वारा वीडियो पोस्ट किए जाने के बाद मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर कड़ा ऐतराज जताया।
BMC को टैग करते हुए साटम ने लिखा, 'हमें दीया मिर्जा से यह सीखने की जरूरत नहीं है कि दीवाली कैसे मनाई जाए। हमारी परंपराएं हमारी संस्कृति में गहराई से रची बसी है।'
अन्य हस्तियों के वीडियो पर आपत्ति न जताने के सवाल पर साटम ने तर्क दिया कि माधुरी दीक्षित और आजिंक्य रहाणे जैसे लोग कला और खेल का प्रतिनिधित्व करते हैं, जबकि उन्होंने दीया मिर्जा पर अतीत में भारत विरोधी ताकतों और अराजक तत्वों के प्रति सहानुभूति रखने का आरोप लगाया।
हालांकि साटम ने स्पष्ट किया कि उन्होंने बीएमसी से औपचारिक तौर पर वीडियो हटाने को नहीं कहा था, फिर भी विवाद बढ़ता देख नगर प्रशासन ने चुपचाप वीडियो हटा लिया।
शिवसेना और केंद्रीय मंत्री की आई प्रतिक्रिया
इस मामले में शिवसेना प्रवक्ता शायना एनसी ने बयान दिया। उन्होंने कहा, 'दीवाली रोशनी का त्योहार है। दीया मिर्जा, जिनके नाम में ही दीया जुड़ा है, उन्हें समझना चाहिए कि दीवाली से गहरी सांस्कृतिक पहचान जुड़ी है। कोई प्रदूषण को बढ़ावा नहीं दे रहा, लेकिन मुंबईकरों को क्या करना चाहिए, इसके लिए किसी बाहरी सीख की जरूरत नहीं है।'
वहीं केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने भी टिप्पणी करते हुए कहा कि संविधान हर समुदाय को अपने त्योहार मनाने का अधिकार देता है। उन्होंने कहा कि जिस तरह सभी ईद का सम्मान करते हैं, उसी तरह हिंदू दीवाली मनाते हैं। पटाखों के बिना दीवाली का उत्साह फीका पड़ सकता है, हालांकि प्रदूषण को लेकर भी सतर्क रहने की जरूरत है।
बॉम्बे हाई कोर्ट की सख्ती के बाद अभियान
बॉम्बे हाई कोर्ट ने शहर में लगातार बिगड़ती वायु गुणवत्ता और त्योहारों पर पटाखे रोकने में विफलता को लेकर बीएमसी को कड़ी फटकार लगाई थी।
अदालत ने सार्वजनिक सड़कों, पार्कों और साझा स्थलों पर पटाखे जलाने पर पूर्ण पाबंदी लगाने के साथ सुझाव दिया था कि जन जागरूकता के लिए मशहूर हस्तियों की मदद ली जाए। इसी के तहत बीएमसी ने पहली बार विभिन्न हस्तियों से निःशुल्क वीडियो संदेश रिकॉर्ड कराकर अभियान शुरू किया था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।