विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुंबई-नागपुर एक्सप्रेसवे पर गैस लीक से हड़कंप, 24 किलोमीटर तक सड़क करनी पड़ी बंद

Updated: Sun, 30 Aug 2026 09:01 AM (IST)

छत्रपति संभाजीनगर में समृद्धि एक्सप्रेसवे पर गेल की पाइपलाइन से गैस रिसाव के कारण 24 किमी का हिस्सा बंद कर ...और पढ़ें

समृद्धि एक्सप्रेसवे पर गैस रिसाव (फाइल फोटो)

समृद्धि एक्सप्रेसवे पर गैस रिसाव (फाइल फोटो)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले में मुंबई-नागपुर समृद्धि एक्सप्रेसवे पर गंगापुर तालुका के तकलीवाड़ी गांव के पास गेल (GAIL) की पाइपलाइन से अचानक गैस रिसाव हो गया। जिसके चलते समृद्धि एक्सप्रेसवे पर हदास पिंपलगांव और मालीवाड़ा के बीच 24 किलोमीटर लंबे हिस्से में यातायात को शनिवार शाम सुरक्षा के लिहाज से बंद कर दिया गया।

सुरक्षा कारणों से वाहनों को धुले-सोलापुर हाईवे की तरफ डायवर्ट किया गया है, हालांकि, गेल के विशेषज्ञों ने पाइपलाइन के वाल्व बंद कर स्थिति को नियंत्रण में ले लिया है। जिसके बाद पाइपलाइन के अंदर का दबाव धीरे-धीरे कम हो रहा है।

क्या बोले अधिकारी?

अधिकारियों ने बताया कि छत्रपति संभाजीनगर जिले में शनिवार शाम करीब 5 बजे समृद्धि एक्सप्रेसवे के किनारे, गंगापुर तालुका के तकलीवाड़ी के पास गेल (GAIL) की पाइपलाइन से गैस रिसाव की सूचना मिली। घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन तुरंत हरकत में आया और गेल के अधिकारियों को सतर्क करने के साथ ही एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए।

सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए घटनास्थल पर अग्निशमन उपकरणों की तैनाती की गई और एक्सप्रेसवे के 24 किलोमीटर लंबे प्रभावित हिस्से पर यातायात को तुरंत दूसरे रास्ते पर डायवर्ट कर दिया गया।

मुंबई जाने वालों के लिए रूट डायवर्ट

जिला कलेक्टर विनय गौड़ा जीसी ने विज्ञप्ति जारी कर बताया कि समृद्धि एक्सप्रेसवे पर चेनेज 447 से 470 (हदास पिंपलगांव और मालीवाड़ा) के बीच यातायात को एहतियातन धुले-सोलापुर राजमार्ग पर डायवर्ट किया गया है। इसके तहत मुंबई जाने वाले वाहनों को हदास पिंपलगांव इंटरचेंज से बाहर निकलकर धुले-सोलापुर राजमार्ग से जाना होगा और आगे मालीवाड़ा इंटरचेंज से वे वापस समृद्धि एक्सप्रेसवे पर प्रवेश कर सकेंगे।

अधिकारियों ने बताया कि जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी स्थिति पर नजर रख रहे हैं और जल्द से जल्द सामान्य यातायात बहाल करने के प्रयास जारी हैं। (समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)