Maharashtra Politics: महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष का दावा, उद्धव को सीएम पद से हटाने के लिए शरद पवार के एजेंडे पर काम कर रहे हैं संजय राउत
Maharashtra Politics शिवसेना सांसद संजय राउत राकांपा प्रमुख शरद पवार के एजेंडे पर काम कर रहे हैं वह उद्धव ठाकरे को मुख्यमंत्री पद से हटाना और संजय राउत को मुख्यमंत्री बनाना है। यह दावा महाराष्ट्र भाजपा के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने किया है।
पुणे, प्रेट्र। महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने सोमवार को दावा किया है कि शिवसेना सांसद संजय राउत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख शरद पवार के एजेंडे पर काम कर रहे हैं, वह उद्धव ठाकरे को मुख्यमंत्री पद से हटाना और संजय राउत को मुख्यमंत्री बना चाहते हैं। यहां संवाददाताओं से बात करते हुए चंद्रकांत पाटिल ने यह भी कहा कि शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के मुंबई स्थित निजी आवास 'मातोश्री' की नींव को उखाड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वह माने या न मानें, उद्धव ठाकरे हमारे दोस्त हैं। वह शिवसेना सुप्रीमो दिवंगत बाला साहब ठाकरे के बेटे हैं। हमने कई सालों तक साथ काम किया है। भाजपा नेता ने कहा कि कौन हैं संजय राउत? वह हाल ही में शिवसेना में आए थे और वे किसे पढ़ा रहे हैं?।
शरद पवार के एजेंडे पर काम कर रहे हैं संजय राउतः चंद्रकांत पाटिल
भाजपा नेता चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि हम उद्धव ठाकरे से कहना चाहते हैं कि संजय राउत शरद पवार द्वारा दिए गए एजेंडे पर काम कर रहे हैं। एजेंडा आपको मुख्यमंत्री के पद से हटाना है, क्योंकि आपने सीएम के रूप में ढाई साल पूरे कर लिए हैं। चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि चूंकि सुप्रिया सुले को मुख्यमंत्री नहीं बनाया जा सकता है, इसलिए उनके लिए ( शरद पवार) संजय राउत को मुख्यमंत्री बनाना सुप्रिया सुले को मुख्यमंत्री बनाने के बराबर होगा। पुणे के बारामती से लोकसभा सदस्य सुप्रिया सुले शरद पवार की बेटी हैं। एक सवाल के जवाब में चंद्रकांत पाटिल ने राज्यसभा सदस्य संजय राउत द्वारा भाजपा नेताओं के खिलाफ अपने कुछ बयानों में इस्तेमाल की जाने वाली भाषा की निंदा की और कहा कि इस तरह की भाषा का इस्तेमाल हमारी संस्कृति नहीं है। गौरतलब है कि 2019 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के बाद शिवसेना ने मुख्यमंत्री पद साझा करने के मामले को लेकर दीर्घकालिक सहयोगी भाजपा के साथ संबंध तोड़ लिए थे। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी ने तब राज्य में सरकार बनाने के लिए राकांपा और कांग्रेस के साथ गठबंधन किया था।