विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'मोदी जी हैं तो यह देश है', अभिजीत दीपके ने क्यों कही यह बात? संविधान दिवस पर रैली का भी किया एलान

Published: Tue, 24 Nov 2026 06:44 PM (GMT+05:30)

अभिजीत दीपके ने 26 नवंबर को नागपुर में संविधान दिवस पर 'लोकतंत्र बचाओ और संविधान बचाओ' रैली की घोषणा की है। उन्होंने मेटा पर पीएम मोदी के पक्ष में पोस्ट को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए व्यंग्यात्मक टिप्पणी भी की।

HighLights

  1. अभिजीत दीपके ने नागपुर में संविधान दिवस रैली की घोषणा की।

  2. मेटा पर पीएम मोदी के पक्ष में पोस्ट को बढ़ावा देने का आरोप।

  3. लोकतंत्र और संविधान बचाने के लिए लोगों से जुड़ने की अपील।

डिजिटल डेस्क, नागपुर। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर नागपुर में एक रैली आयोजित करने की घोषणा की है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किए गए एक वीडियो में उन्होंने लोगों से लोकतंत्र बचाओ और संविधान बचाओ के नारे के साथ इस कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। इस दौरान उन्होंने सोशल मीडिया कंपनी मेटा पर भी तंज कसा। 

मेटा पर कसा तंज और पीएम मोदी को लेकर क्या कहा?

वीडियो में अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया है कि मेटा के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गुणगान करने वाले पोस्ट को अधिक तवज्जो और पहुंच मिलती है। इसी बात पर तंज कसते हुए दीपके ने अपने वीडियो की शुरुआत प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करते हुए की।

वीडियो में दीपके कहते नजर आ रहे हैं कि मोदी जी के तेज के आगे सूरज की रोशनी भी फीकी पड़ जाती है। मोदी जी की वाणी के आगे आकाशवाणी भी फीकी पड़ जाती है। उन्होंने आगे कहा कि मोदी जी हैं तो यह देश है, मोदी जी हैं तो यह दुनिया है। अगर मोदी नहीं हैं, तो कुछ भी नहीं है।

फिर बताया ऐसा क्यों बोला?

इसके तुरंत बाद उन्होंने अपने इस बयान का असली मकसद साफ किया। दीपके ने कहा कि यह तो मेटा के लिए था, अब काम की बात करते हैं। रिपोर्ट के अनुसार, दीपके की ये टिप्पणियां मेटा द्वारा पीएम मोदी के प्रति कथित रूप से दिखाई जाने वाली अत्यधिक प्रशंसा पर एक व्यंग्य के रूप में देखी जा रही हैं।

26 नवंबर को नागपुर में रैली का आह्वान

गौरतलब है कि व्यंग्यात्मक टिप्पणी के बाद, दीपके ने अपने मुख्य कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कॉकरोच जनता पार्टी 26 नवंबर को शाम 4 बजे नागपुर में संविधान दिवस के मौके पर एक रैली का आयोजन करेगी।

लोगों से इस रैली में जुटने का आग्रह करते हुए दीपके ने कहा कि आप सभी को वहां आना है और हमें मिलकर अपने देश के लोकतंत्र और संविधान के लिए खड़ा होना है। वीडियो के अंत में उन्होंने एक बार फिर 26 नवंबर को शाम 4 बजे पहुंचने की अपील दोहराई। खास बात यह रही कि वीडियो का समापन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक तस्वीर और मोदी है तो मुमकिन है गाने के साथ हुआ।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।