NEET PG Re-Exam 2026: नीट पीजी री-एग्जाम 5 सितंबर को होगा आयोजित, जयपुर सेंटर में के 2445 उम्मीदवार देंगे परीक्षा
जयपुर के सेंटर पर बिजली की समस्या के कारण परीक्षा आयोजित नहीं हो सकी। अब इस सेंटर की परीक्षा का आयोजन 5 सितंबर को अपरान्ह 3 बजे से करवाया जायेगा।

NEET PG Re-Exam 2026
HighLights
NBEMS ने जयपुर के सेंटर पर रद हुई परीक्षा के लिए डेट की घोषित।
5 सितंबर को री-एग्जाम का होगा आयोजन।
एजुकेशन डेस्क, नई दिल्ली। नीट पीजी 2026 परीक्षा का आयोजन आज देशभर के 1,111 सेंटर्स पर आयोजित करवाई जा रही है। लेकिन, जयपुर के जयपुर के ION डिजिटल जोन iDZ सीतापुरा क्षेत्र के सेंटर पर इंटरनल पावर फेलियर की वजह से परीक्षा को रद कर दिया गया है। एग्जाम रद होने के बाद इस सेंटर के छात्रों ने बवाल किया और एनटीए और अधिकारियों से परीक्षा के बारे में स्पष्टता मांगी।
NBEMS ने नोटिस जारी कर नई डेट का किया एलान
छात्रों का रोष बढ़ता देख एनबीईएमएस ने X पर नोटिस जारी कर नई एग्जाम डेट की घोषणा कर दी है। अब इस सेंटर की परीक्षा का आयोजन 5 सितंबर 2026 को करवाया जायेगा। एग्जाम का आयोजन अपरान्ह 3 बजे से किया जायेगा।
एडमिट कार्ड जल्द होंगे जारी
नीट पीजी री-एग्जाम के लिए इस सेंटर के अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड जल्द ही दोबारा जारी किये जायेंगे। इसलिए सभी उम्मीदवारों को समय समय पर ऑफिशियल वेबसाइट पर विजिट करने की सलाह दी जाती है।
सभी उम्मीदवार ध्यान रखें कि वे परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड एवं एक वैलिड पहचान पत्र अनिवार्य रूप से साथ लेकर जाएं ताकी आपका वेरिफिकेशन हो सके। प्रवेश पत्र एवं आईडी कार्ड के बिना आपको परीक्षा केंद्र पर एंट्री नहीं दी जाएगी और आप एग्जाम देने से वंचित हो जायेंगे।
नोटिस में दी गई ये डिटेल
नोटिस जारी कर एनबीईएमएस की ओर से जानकारी दी गई है- "NEET-PG 2026 परीक्षा 30.08.2026 को 2,73,096 रजिस्टर्ड कैंडिडेट्स के लिए आयोजित की गई थी, जिसमें देश भर के 1111 सेंटर्स पर 2,65,980 कैंडिडेट्स शामिल हुए। लगभग 2,63,535 कैंडिडेट्स के लिए परीक्षा पूरी हो गई।
हालांकि, जयपुर, राजस्थान में iON Digital Zone IDZ सीतापुरा सेंटर्स (TC नंबर 41682 और 41683) पर, सेंटर में बिजली की समस्या के कारण परीक्षा पूरी नहीं हो सकी; यह समस्या परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी M/s TCS Ltd. की वजह से हुई थी।
जो कैंडिडेट्स परीक्षा पूरी नहीं कर सके, NBEMS उन्हें हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त करता है। उनकी दोबारा परीक्षा 05.09.2026 (शनिवार) को दोपहर 03:00 बजे जयपुर, राजस्थान में आयोजित की जाएगी। वेन्यू के बारे में और जानकारी अलग से दी जाएगी, जिसमें ऐसे कैंडिडेट्स के लिए संशोधित एडमिट कार्ड जारी करना भी शामिल है।"

नीट पीजी परीक्षा से जुड़ी किसी भी प्रकार की समस्या या जानकारी के लिए अभ्यर्थी हेल्प लाइन नंबर +91- 7996165333 (सुबह 09:30 बजे से शाम 06:00 बजे तक) संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा उम्मीदवार वेबसाइट पोर्टल natboard.edu.in पर जाकर भी जानकारी हासिल कर सकते हैं।
