वो 'जैकपॉट' जिसने बदल दिया देश का नक्शा! पश्चिम बंगाल के वो 5 किस्से जिनके बिना अधूरा है भारत का इतिहास
पश्चिम बंगाल चुनाव के दरमियान वो पांच किस्से जो आपको हैरान कर देंगे। ...और पढ़ें
-1776683110042_m.webp)
बंगाल का वो 'जैकपॉट' जिसने बदला देश का भूगोल!
गुरप्रीत चीमा, नई दिल्ली। फ्लैशबैक में आज आपको ले चलेंगे देश के उस राज्य में... जिसके बिना भारत का नक्शा और इतिहास दोनों अधूरे होते। जहां इतिहास सिर्फ किताबों में नहीं, बल्कि हुगली की लहरों और कोलकाता की गलियों में बहता है। अगर वो राज्य भारत के साथ न जुड़ता, तो शायद न हमें 'हावड़ा ब्रिज' जैसा अजूबा मिलता और न ही 'ऑपरेशन जैकपॉट' जैसी ऐतिहासिक जीत। पश्चिम बंगाल के वो 5 किस्से जो आपको हैरान कर देंगे!
CHAPTER1: वो 3 घंटे... जिसने भारत को गुलाम बनाया!
1757 की प्लासी की लड़ाई
1757 में जब प्लासी की लड़ाई लड़ी जा रही थी, तब शायद ही किसी ने सोचा होगा कि यही छोटा सा युद्ध आगे चलकर आज के पश्चिम बंगाल की नींव रखने वाला साबित होगा। उस समय यह सिर्फ सत्ता की लड़ाई थी, एक तरफ बंगाल के नवाब मिर्ज़ा मुहम्मद सिराज उद-दौला और दूसरी तरफ ईस्ट इंडिया कंपनी। लेकिन इस युद्ध का असर इतना गहरा हुआ कि इसने न केवल बंगाल, बल्कि पूरे भारत की दिशा बदल दी।
यह लड़ाई दिखने में छोटी थी, लेकिन इसके पीछे बड़ी साजिश छिपी थी। अंग्रेजों के लीडर रॉबर्ट क्लाइव ने नवाब के ही सेनापति मीर जाफर को अपने पक्ष में कर लिया था। बदले में उसे नवाब बनाने का वादा किया गया। नतीजा यह हुआ कि जब युद्ध शुरू हुआ, तो मीर जाफर ने अपनी सेना को Inactive रखा और सिराजुद्दौला अकेले पड़ गए। इसी धोखे ने अंग्रेजों को जीत दिला दी।

इस लड़ाई की एक दिलचस्प बात यह भी है कि उस दिन बारिश ने भी इतिहास का रुख मोड़ दिया। नवाब की सेना का बारूद भीग गया, क्योंकि उसे ठीक से ढका नहीं गया था, जबकि अंग्रेजों ने अपने हथियार सुरक्षित रखे थे। इसका फायदा उठाकर उन्होंने आसानी से हमला किया और जीत हासिल कर ली। यानी एक छोटी सी लापरवाही और एक गुप्त साजिश ने मिलकर पूरे युद्ध का फैसला कर दिया।
रॉबर्ट क्लाइव और ईस्ट इंडिया कंपनी ने यहीं से भारत में अपनी जड़ें जमानी शुरू कीं। बंगाल अंग्रेजों के लिए सत्ता का केंद्र और खजाने की चाबी बन गया। अगर यह लड़ाई न होती, तो शायद अंग्रेजों का भारत में राज इतना मजबूत नहीं हो पाता।
CHAPTER 2: Black Hole of Calcutta
146 अंग्रेज कैदी एक जेल में बंद
1756 बैटल ऑफ प्लासी से पहले एक ऐसी घटना हुई जिसे आज भी अफवाह कहा जाता है।
18 फीट लंबा और 14 फीट चौड़ा कमरा... यानी कुल 252 वर्ग फीट। अब ज़रा कल्पना कीजिए... क्या इसमें 146 लोग खड़े भी हो सकते हैं? टेक्निकली, अगर हर व्यक्ति को लगभग 1.5 से 2 वर्ग फीट जगह दी जाए तो इतने लोगों को ठूंसना संभव तो है, लेकिन इंसानी हालत में टिक पाना लगभग नामुमकिन हो जाता है। इतिहास में एक ऐसी ही भयावह घटना दर्ज है, जिसे 'Black Hole of Calcutta' कहा जाता है।
1756 की उस घटना को समझने के लिए पहले उस दौर का माहौल जानना जरूरी है। बंगाल उस समय भारत का सबसे अमीर प्रांत था और मिर्ज़ा मुहम्मद सिराज उद-दौला इसके नवाब थे। लेकिन ईस्ट इंडिया कंपनी अब सिर्फ व्यापार तक सीमित नहीं रही थी, वह बिना अनुमति के फोर्ट विलियम की किलेबंदी कर रही थी, अपनी सेना बढ़ा रही थी और नवाब के विरोधियों को शरण दे रही थी।

यह सब नवाब को अपनी सत्ता के लिए सीधा खतरा लगा। जब उनकी चेतावनियों को नजरअंदाज किया गया, तो उन्होंने जून 1756 में कलकत्ता पर हमला कर दिया और फोर्ट विलियम पर कब्जा कर लिया।
किले के गिरने के बाद पकड़े गए अंग्रेज कैदियों को एक छोटे से कमरे में बंद कर दिया गया, यही घटना 'Black Hole of Calcutta' के नाम से जानी जाती है। बताया जाता है कि 18×14 फीट के कमरे में दर्जनों लोगों को ठूंस दिया गया, जहां घुटन, गर्मी और पानी की कमी से रातभर में कई लोगों की मौत हो गई। हालांकि, इतिहासकारों का मानना है कि यह घटना शायद अव्यवस्था का नतीजा थी, न कि नवाब का सीधा आदेश।
इसके बाद अंग्रेजों ने इस घटना को बड़ा मुद्दा बनाया और 1757 में Battle of Plassey में नवाब को हरा दिया, यहीं से भारत में ब्रिटिश सत्ता की असली शुरुआत हुई।
कैसे बना 'The Bengal'?
आज का पश्चिम बंगाल किसी एक दिन में नहीं बना, बल्कि यह इतिहास की कई बड़ी घटनाओं का परिणाम है। पहले 'बंगाल' एक विशाल क्षेत्र हुआ करता था, जिसमें आज का पश्चिम बंगाल, बांग्लादेश, बिहार और ओडिशा के कुछ हिस्से शामिल थे। ब्रिटिश शासन के दौरान बंगाल में कई प्रशासनिक बदलाव हुए, लेकिन सबसे बड़ा मोड़ 1905 में आया, जब वायसराय लॉर्ड कर्जन ने बंगाल का विभाजन कर दिया। इस विभाजन में पूर्वी भाग मुस्लिम बहुल और पश्चिमी भाग हिंदू बहुल बनाया गया।

अंग्रेजों का उद्देश्य 'फूट डालो और राज करो' था, लेकिन इसका लोगों ने जोरदार विरोध किया। पूरे देश में आंदोलन हुए और आखिरकार 1911 में इस विभाजन को रद्द करना पड़ा। हालांकि, इससे यह साफ हो गया कि बंगाल को धार्मिक आधार पर बांटने की सोच शुरू हो चुकी थी।
असल बदलाव 1947 में आया, जब भारत का विभाजन हुआ। उस समय ब्रिटिश भारत को दो हिस्सों 'भारत और पाकिस्तान' में बांटा गया। बंगाल भी इससे अछूता नहीं रहा और इसे दो भागों में विभाजित कर दिया गया। पश्चिमी हिस्सा, जहां ज्यादातर हिंदू आबादी थी, भारत में शामिल हुआ और 'पश्चिम बंगाल' कहलाया, जबकि पूर्वी हिस्सा पाकिस्तान का भाग बना, जिसे बाद में 1971 में अलग होकर बांग्लादेश के रूप में पहचान मिली।
विभाजन के बाद पश्चिम बंगाल भारत का एक राज्य बना और कोलकाता इसकी राजधानी बनी। बाद में 1956 में राज्यों के पुनर्गठन के दौरान इसकी सीमाओं में कुछ बदलाव किए गए।
यह भी पढ़ें- पश्चिम बंगाल चुनाव: अल्पसंख्यक वोट बैंक में फिर से पैठ मजबूत करती दिख रही तृणमूल कांग्रेस
CHAPTER 3: बिना पिलर के कैसे टिका है हावड़ा ब्रिज?
बिना नट-बोल्ट वाला रवींद्र सेतु
हावड़ा ब्रिज के बारे में यह कहना बिल्कुल सही है कि यह लोहे का एक ढांचा मात्र नहीं, बल्कि कोलकाता की धड़कन है। हुगली नदी पर बना यह पुल कोलकाता को हावड़ा से जोड़ता है और हर दिन लाखों लोगों की जिंदगी को आसान बनाता है। यह पुल हुगली नदी के ऊपर बना है। कोलकाता की तरफ यह बड़ा बाज़ार और स्ट्रैंड रोड के पास खत्म होता है, जबकि दूसरी तरफ यह सीधे हावड़ा रेलवे स्टेशन तक ले जाता है।
-1776684384683.jpg)
इसके बनने से पहले, 1874 में यहां एक 'पंटून ब्रिज' यानी नावों पर टिका एक Temporary Bridge बनाया गया। लेकिन बढ़ती आबादी और व्यापार के बोझ को वह पुल सह नहीं पा रहा था। साथ ही हुगली नदी में आने वाले ज्वार-भाटे और जहाजों की आवाजाही के कारण एक ऐसा पुल चाहिए था जिसके नीचे कोई खंभा न हो।
यहीं से जन्म हुआ 'रवींद्र सेतु' की उस डिजाइन का जिसे आज हम देखते हैं। सेकंड वर्ल्ड वॉर के दौरान भी इसका Construction जारी रहा, जो अपने आप में एक बड़ी बात थी। आखिरकार 1943 में यह पुल बनकर तैयार हुआ और इसे आम लोगों के लिए खोल दिया गया।
प्रख्यात भारतीय सिविल इंजीनियर और संरचनात्मक विशेषज्ञ अमिताभ घोशाल अपनी किताब Engineering Aspects of Howrah Bridge at Kolkata (1943) में लिखते हैं-

हावड़ा ब्रिज को दुनिया का छठा सबसे बड़ा 'सस्पेंडेड कैंटिलीवर' पुल माना जाता है। इसकी सबसे बड़ी खूबी यह है कि यह नदी के बीच में किसी भी Pillar के सहारे नहीं टिका है। पूरे पुल का भार केवल नदी के दोनों किनारों पर बने चार विशाल खंभों पर है।
एक Interesting फैक्ट ये भी है कि 1943 में जब हावड़ा ब्रिज बनकर तैयार हुआ, तब दुनिया सेकंड वर्ल्ड वॉर की उथल-पुथल से गुजर रही थी। ऐसे हालात में इस भव्य पुल का कोई औपचारिक उद्घाटन नहीं हुआ। न कोई फीता कटा, न कोई समारोह हुआ। बस एक दिन इसे चुपचाप आम लोगों के लिए खोल दिया गया और देखते ही देखते यह कोलकाता की जिंदगी का अहम हिस्सा बन गया।
हावड़ा ब्रिज की सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इतने बड़े पुल को जोड़ने के लिए एक भी नट-बोल्ट का इस्तेमाल नहीं किया गया है। आमतौर पर हम घरों या मशीनों में चीजों को कसने के लिए नट-बोल्ट देखते हैं, लेकिन इस पुल को जोड़ने के लिए 'रिवेट्स'का इस्तेमाल किया गया।
-1776684461714.jpg)
रिवेट्स एक तरह की लोहे की कीलें होती हैं जिन्हें लाल गर्म करके दो प्लेटों के बीच डाला जाता है और फिर दोनों तरफ से ठोंककर पक्का कर दिया जाता है, जिससे जोड़ पत्थर की तरह मजबूत हो जाता है। इस विशाल ढांचे को बनाने में लगभग 26,500 टन स्टील लगा था।
खास बात यह है कि उस दौर में भी इस पुल के ह्यूज कंस्ट्रक्शन के लिए स्टील कहीं बाहर से नहीं मंगाया गया, बल्कि भारत की अपनी कंपनी टाटा स्टील ने इसकी पूरी सप्लाई की थी। यानी यह पुल न केवल इंजीनियरिंग का करिश्मा है, बल्कि भारतीय मजबूती का भी प्रतीक है।
CHAPTER 4: ऑपरेशन जैकपॉट
दो बंगाली गानों ने पाकिस्तान का किया 'गेम ओवर'
- आजादी के बाद पाकिस्तान दो टुकड़ों में बंटा था, एक पश्चिम (आज का पाकिस्तान) और दूसरा पूर्व (आज का बांग्लादेश)। दोनों के बीच फासला सिर्फ 1,600 किलोमीटर की भारतीय ज़मीन का नहीं था, बल्कि सोच और बर्ताव का भी था। पश्चिमी पाकिस्तान ने कहा, 'सब उर्दू बोलेंगे।' पूर्वी पाकिस्तान (जो अपनी बंगाली संस्कृति पर जान देता था) ने कहा, 'आमार शोनार बांग्ला!'
- 1970 के चुनाव में शेख मुजीबुर्रहमान और उनकी अवामी लीग ने ऐसी 'क्लीन स्वीप' मारी कि पश्चिमी पाकिस्तान के हुक्मरानों के पैरों तले ज़मीन खिसक गई। कायदे से मुजीब को प्रधानमंत्री बनना था, लेकिन रावलपिंडी में बैठे जनरल याह्या खान और जुल्फिकार अली भुट्टो को यह मंज़ूर नहीं था।
- उन्होंने खेल के बीच में ही नियम बदलने की कोशिश की। जब बातचीत नाकाम रही, तो 25 मार्च 1971 की आधी रात को पाकिस्तानी सेना ने 'ऑपरेशन सर्चलाइट' शुरू किया।
ढाका यूनिवर्सिटी के छात्र हों या आम नागरिक, सेना ने हर उस आवाज़ को खामोश करना चाहा जो 'आज़ादी' मांग रही थी। यहीं से एंट्री होती है "मुक्ति वाहिनी" की...
यह कोई प्रोफेशनल आर्मी नहीं थी बल्कि इसमें शामिल थे-
- कॉलेज के लड़के: जो किताबों की जगह ग्रेनेड पकड़ना सीख रहे थे।
- किसान: जो अपनी ज़मीन बचाने के लिए हल छोड़ चुके थे।
- बागी सैनिक: जो पाकिस्तानी सेना छोड़कर अपनी मिट्टी के लिए लड़ने आए थे। ये सभी गुरिल्ला युद्ध के जरिए पाकिस्तानी सेना को चुनौती देने लगे।
अब बारी आती है ऑपरेशन जैकपॉट की जो कि वह इंटरवल सीन था, जिसने पूरी कहानी का रुख ही बदल दिया। 13 अगस्त 1971... इस दिन आकाशवाणी (AIR) के कोलकाता केंद्र से सुबह 6 बजे पंकज मलिक का गाना 'आमी तोमाय जोतो शुनिये छिलेम गान' प्रसारित किया गया। यह पहला संकेत था, जिसका मतलब था, 'अगले 24 घंटों के भीतर कार्रवाई के लिए तैयार हो जाएं।'

फोटो- AI Generated
14 अगस्त 1971... अगले दिन उसी समय दूसरा गाना बजा, आमार पुतुल आजके प्रथम जाबे श्वशुर बाड़ी, इस गाने का मतलब था, 'आज मेरी गुड़िया पहली बार अपनी ससुराल जाएगी'। यह 'गो-अहेड' सिग्नल था, जिसका मतलब था, 'आज रात ही हमला करना है।'
जैसे ही 14 अगस्त की रात खत्म हुई और 15 अगस्त 1971 की तड़के कमांडो ने एक साथ चटगांव, मोंगला, चांदपुर और नारायणगंज में धमाके शुरू कर दिए। दिलचस्प बात यह है कि यह वही दिन था जब पाकिस्तान अपना स्वतंत्रता दिवस मना रहा था।
ऑपरेशन जैकपॉट के धमाकों ने पाकिस्तान की सप्लाई लाइन की धज्जियां उड़ा दीं और पाकिस्तान के पास पूर्वी पाकिस्तान में अपनी सेना को राशन, तेल और गोला-बारूद भेजने का कोई और सुरक्षित रास्ता नहीं बचा। समुद्र के रास्ते रसद आना बंद हो गई, जिसने पाकिस्तानी सैनिकों को 'भूखा और बेबस' कर दिया।
CHAPTER 5: जब टाटा ने बंगाल को कहा 'अलविदा'
‘लखटकिया कार’ का प्लांट
एक ऐसा प्रोजेक्ट, जिसने विकास का सपना जगाया, लेकिन देखते ही देखते जमीन और ज़िद की लड़ाई में फंस गया। हालात इतने बिगड़े कि नैनो के ड्रीम प्रोजेक्ट के साथ रतन टाटा की कंपनी को, हावड़ा ब्रिज जैसी ऐतिहासिक विरासत के बावजूद, रातों-रात पश्चिम बंगाल छोड़ना पड़ा।
2006 में टाटा मोटर्स ने अपनी महत्वाकांक्षी नैनो कार के लिए पश्चिम बंगाल के सिंगूर में प्लांट लगाने का फैसला किया। रतन टाटा का इरादा नेक था... मध्यम वर्गीय परिवारों को बारिश और धूप से बचाकर सुरक्षित चार पहियों वाली सवारी देना। इसके लिए उन्होंने 1,500 करोड़ रुपये का निवेश किया था। उस समय राज्य में वाम मोर्चा सरकार थी, जो औद्योगिक निवेश के जरिए बंगाल की अर्थव्यवस्था को नई रफ्तार देना चाहती थी।
-1776685311811.jpg)
इसके लिए करीब 1000 एकड़ उपजाऊ जमीन का अधिग्रहण किया गया, लेकिन यहीं से विवाद शुरू हो गया। कई किसानों ने आरोप लगाया कि जमीन जबरन ली गई और मुआवजा उनके नुकसान के मुकाबले कम था। खेती उनकी आजीविका थी, और जमीन छिनने का मतलब था सीधा अस्तित्व पर खतरा।
यहीं से यह मुद्दा राजनीति के केंद्र में आ गया। ममता बनर्जी ने सिंगूर को अपनी लड़ाई का मैदान बनाया और खुद को किसानों की आवाज़ के रूप में पेश किया। बढ़ते विरोध और अस्थिर माहौल का सीधा असर प्रोजेक्ट पर पड़ा। काम बार-बार रुका, सुरक्षा को लेकर सवाल उठे, और निवेश का माहौल खराब होने लगा।
आखिरकार 2008 में रतन टाटा ने एलान किया कि कंपनी सिंगूर से अपना नैनो प्रोजेक्ट हटा रही है, 'हमने यह फैसला बहुत भारी मन से लिया है। हम अपने कर्मचारियों की सुरक्षा के साथ समझौता नहीं कर सकते। हम ऐसी जगह निवेश नहीं कर सकते जहां हमारे लोगों को मारा-पीटा जाए और उन्हें डर के साये में रहना पड़े।' इसके बाद प्लांट गुजरात के सानंद में शिफ्ट कर दिया गया, जिससे पश्चिम बंगाल को बड़ा औद्योगिक झटका लगा।
Ratan Tata: A Life के लेखक डॉ. थॉमस मैथ्यू की ये किताब उस दृश्य को टाटा समूह के इतिहास के सबसे 'अंधेरे और कठिन क्षणों' में से एक बताती है।
तो ये थे पश्चिम बंगाल के वो पांच किस्से, जो बताते हैं कि यह राज्य सिर्फ भारत के नक्शे का एक हिस्सा नहीं, बल्कि हमारे इतिहास की धड़कन है। प्लासी की वो साजिश हो, हावड़ा ब्रिज की बेजोड़ इंजीनियरिंग या फिर ऑपरेशन जैकपॉट की वो जांबाजी... बंगाल ने हर दौर में खुद को साबित किया है। उतार-चढ़ाव आए, सिंगूर जैसे विवाद भी हुए, लेकिन हुगली की लहरों ने कभी थमना नहीं सीखा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।