Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

विमान में तकनीकी खराबी के कारण Air India ने सैन फ्रांसिस्को-मुंबई फ्लाइट की रद, तकनीकी समस्या का दिया हवाला

एयरलाइन के प्रवक्ता ने बताया कि उपभोक्ताओं के उन खर्चों का भी भुगतान किया जाएगा जो होटल में ठहरने और उड़ान मिलने तक ट्रांसपोर्टेशन पर खर्च होंगे। उड़ान को पहले विमान के टायर में किसी समस्या की वजह से विलंबित किया गया था और बाद में रद कर दिया गया।

By AgencyEdited By: Shashank MishraUpdated: Sat, 10 Jun 2023 12:19 AM (IST)
Hero Image
हाल में तकनीकी खराबी के कारण एअर इंडिया के विमान ने रूस में की थी आपात लैंडिंग।

नई दिल्ली, पीटीआई। एअर इंडिया ने अप्रत्याशित तकनीकी खराबी के कारण अपनी सैन फ्रांसिस्को से मुंबई की उड़ान (बोइंग-777 विमान) रद कर दी है। यह उड़ान (एआइ-180) आठ जून को संचालित होनी थी। अभी छह जून को ही एअर इंडिया की दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को की उड़ान को इंजन में खराबी की वजह से रूस के मगदान में उतारना पड़ा था।

एअर इंडिया ने अपने उपभोक्ताओं से सेवा में बाधा के लिए खेद प्रकट करते हुए कहा कि सैन फ्रांसिस्को-मुंबई उड़ान के प्रभावित लोगों को वैकल्पिक उड़ान या पूरा किराया वापस लेने का विकल्प दिया गया है।

एयरलाइन के प्रवक्ता ने बताया कि उपभोक्ताओं के उन खर्चों का भी भुगतान किया जाएगा जो होटल में ठहरने और उड़ान मिलने तक ट्रांसपोर्टेशन पर खर्च होंगे। सूत्रों ने बताया कि उड़ान को पहले विमान के टायर में किसी समस्या की वजह से विलंबित किया गया था और बाद में उड़ान को रद कर दिया गया। यह पता नहीं चल सका कि इस उड़ान के लिए कितने यात्रियों ने बुकिंग कराई थी।

यात्रियों ने रूसी अधिकारियों को दिया धन्यवाद

विमान के इंजन में खराबी की वजह से एअर इंडिया के जो यात्री रूस के मगदान में फंस गए थे, उनमें से भारतीय यात्रियों ने अपनी सहायता के लिए रूसी अधिकारियों को धन्यवाद दिया है। एअर इंडिया ने एक रिजर्व उड़ान के जरिये इन यात्रियों को गुरुवार को सैन फ्रांसिस्को पहुंचा दिया था। रूसी दूतावास ने शुक्रवार को ट्वीट किया, एक तकनीकी खराबी की वजह से एअर इंडिया के विमान को मगदान में आपात लैंडिंग करनी पड़ी थी।

एक रिजर्व उड़ान ने सभी यात्रियों और चालक दल सदस्यों को सैन फ्रांसिस्को पहुंचा दिया है। भारत के यात्रियों ने रूसी लोगों द्वारा उपलब्ध कराई गई सहायता के लिए अपना आभार व्यक्त किया है। दूतावास द्वारा जारी एक वीडियो में मगदान से रवाना होने से पहले एक यात्री कहता है, हम सुरक्षित रूप से विमान में सवार हो गए हैं और विमान उड़ान भरने वाला है।

हम सभी यात्री काफी खुश हैं कि जल्द ही हम अपने परिवारों से मिलेंगे। मैं विशेष रूप से रूसी अधिकारियों, रूसी लोगों व उस जगह के लोगों को धन्यवाद देना चाहता हूं जहां हम ठहरे थे।

सहायता करने और सेवाएं देने के लिए मैं तहेदिल से सभी यात्रियों की ओर से हर व्यक्ति को धन्यवाद देना चाहता हूं। मैं अपने परिवार से मिलने को लेकर बहुत खुश हूं, इसलिए उम्मीद है सब कुछ अच्छा होगा। हमें यहां ठहराने के लिए धन्यवाद। मैं इसकी सराहना करता हूं।