विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हूती विद्रोहियों की धमकी के बाद AI का बड़ा फैसला, 24 अक्टूबर तक सऊदी अरब की सभी उड़ानों पर लगा ब्रेक

Published: Sat, 17 Oct 2026 02:12 PM (IST)Updated: Sat, 17 Oct 2026 02:23 PM (IST)

हूती विद्रोहियों के हमलों के कारण बढ़ते तनाव को देखते हुए एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने सऊदी अरब ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. एअर इंडिया ने सऊदी अरब की उड़ानें निलंबित कीं।

  2. हूती विद्रोहियों के हमलों के कारण लिया गया फैसला।

  3. यात्रियों को निःशुल्क यात्रा तिथि बदलने की सुविधा।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में हूती विद्रोहियों के हमलों के चलते बढ़ते तनाव को देखते हुए एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने सऊदी अरब के लिए अपनी सभी उड़ानों के अस्थायी निलंबन को 24 अक्टूबर 2026 तक बढ़ा दिया है।

इस फैसले के कारण जेद्दा, रियाद और दम्माम जाने वाली तथा वहां से आने वाली सभी उड़ान सेवाएं बाधित रहेंगी। एयरलाइन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा और मौजूदा हालात को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।

विमानन कंपनी ने यात्रियों की सुविधा और लचीलापन देने के उद्देश्य से एक ट्रेवल एडवाइजरी जारी की है। इस निर्देश के तहत जिन यात्रियों के टिकट 15 अक्टूबर 2026 या उससे पहले जारी हुए थे और जिनकी यात्रा 9 अक्टूबर से 25 अक्टूबर 2026 के बीच तय थी, वे बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के अपनी यात्रा की तारीख एक बार बदल सकते हैं। यह नि:शुल्क बदलाव 10 नवंबर 2026 तक की यात्रा तिथियों के लिए लागू रहेगा।

खाड़ी क्षेत्र के अन्य हवाई अड्डों से रीबुकिंग का विकल्प

सऊदी अरब के मूल गंतव्यों के अलावा यात्रियों को खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी) क्षेत्र के अन्य हवाई अड्डों से अपनी उड़ानें रीबुक करने का विकल्प भी दिया गया है। एयर इंडिया के यात्री रियाद, जेद्दा या दम्माम के स्थान पर दुबई या दोहा से यात्रा का चयन कर सकते हैं।

वहीं, एअर इंडिया एक्सप्रेस के ग्राहक अबू धाबी, अल ऐन, बहरीन, दोहा, दुबई, कुवैत, मस्कट, रास अल खैमाह, सलालाह या शारजाह जैसे शहरों से टिकट रीबुक करवा सकते हैं।

हालांकि, वैकल्पिक शहर तक पहुंचने और वहां के वीजा नियमों को पूरा करने की जिम्मेदारी स्वयं यात्रियों की होगी। जो यात्री यात्रा नहीं करना चाहते, वे अपना टिकट रद कराकर पूरा रिफंड भी ले सकते हैं।

उड़ानों को स्थगित करने का यह फैसला 10 अक्टूबर को रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले के बाद लिया गया है। रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने पुष्टि की है कि इस हमले में घायल हुए एक भारतीय नागरिक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिसके साथ ही हमले में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है।

हूती विद्रोहियों की चेतावनी

क्षेत्र में तनाव लगातार गंभीर रूप लेता जा रहा है। यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार के सूचना मंत्री मोअम्मर अल-इरियानी ने हूती विद्रोहियों पर अदन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दो मिसाइलें दागने का आरोप लगाया है, जो काहिरा जाने की तैयारी कर रहे यमेनिया एयरलाइंस के विमान के पास गिरीं।

इसके साथ ही हूती विद्रोहियों ने मक्का और मदीना के पवित्र शहरों को छोड़कर पूरे सऊदी हवाई क्षेत्र को असुरक्षित घोषित कर दिया है और अंतरराष्ट्रीय विमानन कंपनियों व विदेशी नागरिकों को सऊदी हवाई अड्डों का उपयोग न करने की चेतावनी जारी की है।