पाकिस्तान बॉर्डर के पास सेना का शक्ति प्रदर्शन, भारतमाला हाईवे पर उतरे घातक अटैक हेलिकॉप्टर
भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे राजस्थान के बीकानेर जिले में मंगलवार को सेना के हेलिकॉप्टरों ने भारतमाला हाईवे पर लैंडिंग और टेकऑफ का अभ्यास किया।

पाक सीमा के पास भारतमाला हाईवे पर उतरे सेना के हेलिकॉप्टर
HighLights
सेना के रुद्र, ध्रुव और चेतक हेलिकॉप्टर हाईवे पर उतरे
अभ्यास के दौरान हाईवे पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई थी
जागरण संवाददाता, जयपुर। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे राजस्थान के बीकानेर जिले में मंगलवार को सेना के हेलिकॉप्टरों ने भारतमाला हाईवे पर लैंडिंग और टेकऑफ का अभ्यास किया।
अंतरराष्ट्रीय सीमा से करीब 80 किलोमीटर दूर हुए इस अभ्यास के दौरान सेना के रुद्र, ध्रुव और चेतक हेलिकॉप्टर हाईवे के निर्धारित हिस्से पर उतरे और फिर उड़ान भरी। करीब 30 मिनट तक चले इस अभ्यास के दौरान हाईवे पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई थी।
भारतीय सेना की एविएशन शाखा की ओर से किए गए इस प्रशिक्षण अभ्यास के लिए भारतमाला हाईवे के एक हिस्से को अस्थायी रनवे के रूप में इस्तेमाल किया गया।
इसका उद्देश्य पारंपरिक एयरबेस और हेलीपैड के अलावा वैकल्पिक क्षेत्रों से हेलिकॉप्टर संचालन की क्षमता का अभ्यास करना था।
अभ्यास के दौरान सतह की स्थिति, हवा की दिशा और गति, दृश्यता तथा सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए संचालन किया गया। इस दौरान पश्चिमी राजस्थान के चुनौतीपूर्ण रेगिस्तानी वातावरण में वैकल्पिक स्थानों से सैन्य हेलिकॉप्टरों के संचालन की तैयारियों को भी परखा गया।
