Trending

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    भारत टैक्सी एप: अब ड्राइवर ही मालिक, नहीं देना होगा कमीशन; ओला-उबर से कितना अलग और सस्ता है?

    Updated: Fri, 06 Feb 2026 09:45 PM (IST)

    Bharat Taxi: No Commission, Driver-Owned Cab Service Launched: भारत टैक्सी ‘सारथी ही मालिक’ की सोच पर आधारित है, जिसमें गाड़ी चलाने वाला ड्राइवर ही प् ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    Bharat Taxi एप गाइड: यात्रियों के लिए सस्ता किराया और ड्राइवरों के लिए जीरो कमीशन। ग्राफिक्‍स- राज तलवार।

    स्मार्ट व्यू- पूरी खबर, कम शब्दों में

    डिजिटल डेस्‍क, नई दिल्‍ली। देश की पहली सरकारी कैब टैक्सी सेवा ‘भारत टैक्सी’ (Bharat Taxi) 5 फरवरी, 2026 को आधिकारिक तौर पर नई दिल्ली में शुरू हो गई है।

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एप लॉन्च करते हुए कहा- इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि ड्राइवरों को कोई कमीशन नहीं देना होगा और वे खुद इस प्लेटफॉर्म के हिस्सेदार, यानी मालिक होंगे। वहीं यात्रियों को कम किराए में सफर मिलेगा और पीक आवर्स में भी किराया नहीं बढ़ेगा।

    भारत टैक्सी ‘सारथी ही मालिक’ की सोच पर आधारित है, जिसमें गाड़ी चलाने वाला ड्राइवर ही प्लेटफॉर्म का मालिक है, न कि कोई बड़ी कंपनी। इस सेवा का उद्देश्य ओला-उबर जैसी निजी कंपनियों की मनमानी पर लगाम लगाना है। भारत टैक्सी का ट्रायल नई दिल्ली और गुजरात के राजकोट में किया गया था, जो सफल रहा।

    आइए जानते हैं कि यात्री और ड्राइवर इस प्लेटफॉर्म पर कैसे रजिस्टर कर सकते हैं और इसकी खास बातें क्या हैं...

    Amit shah Bharat Taxi launch


    भारत टैक्सी कैसे काम करता है?

    भारत टैक्‍सी एप पर ड्राइवर खुद को रजिस्टर कर लेते हैं। जब कोई सवारी एप के जरिए टैक्सी बुक करती है तो पास में मौजूद ड्राइवर को राइड मिलती है। राइड पूरी होने के बाद किराया सीधे ड्राइवर के बैंक खाते में जाता है, न कि किसी कंपनी के वॉलेट में। यही वजह है कि इस मॉडल में ड्राइवर सिर्फ कर्मचारी नहीं, बल्कि प्लेटफॉर्म के हिस्सेदार होते हैं।

    भारत टैक्‍स के दो एप हैं-

    • सवारियों के लिए Bharat Taxi – Cab, Auto & Bike एप है।
    • यात्री इस एप को गूगल प्‍ले स्‍टोर से डाउनलोड कर आसान तरीके से रजिस्टर कर सकते हैं।
    • एप में मोबाइल नंबर डालते ही OTP आता है, जिसे भरने पर नंबर वेरिफाई हो जाता है।
    • इसके बाद यात्री को अपना नाम दर्ज करना होता है।
    • रजिस्ट्रेशन पूरा होते ही एप के जरिए कैब, ऑटो या बाइक बुक की जा सकती है।
    Bharat Ki taxi inside 2
     

    कैसे जुड़ सकते हैं ड्राइवर?

    • गूगल प्‍ले स्‍टोर से Bharat Taxi Driver एप डाउनलोड करें।
    • फिर अपना नंबर डालें। OTP से वेरिफाई करें।
    • आधार कार्ड और पैन कार्ड जैसे पहचान-पत्र अपलोड करें।
    • वैध कमर्शियल ड्राइविंग लाइसेंस (CDL) अपलोड करें, जिसमें नाम और फोटो साफ दिखाई दें।
    • जिस वाहन को चलाएंगे, उसके आरसी, बीमा (इंश्योरेंस) और पीयूसी से जुड़े कागजात अपलोड करें।
    • बैंक डिटेल भरे और वेरिफाई करें ताकि आपकी कमाई सीधे आपके खाते में जा सके।
    • कुछ मामलों में ड्राइवर का बैकग्राउंड/पुलिस वेरिफिकेशन हो सकता है।
    • इसके बाद आप राइड उठा सकते हैं। 

    भारत टैक्‍सी सेवा अभी कहां-कहां चालू है?

    भारत टैक्‍सी सेवा की शुरुआत दिल्ली-NCR में पायलट प्रोजेक्‍ट के तौर पर की गई है। इसके बाद मुंबई, पुणे, भोपाल, लखनऊ, जयपुर जैसे बड़े शहरों में सेवा शुरू की जाएगी।

    Bharat Ki Taxi

    ओला-उबर से कैसे अलग है?

    भारत टैक्‍सी का मॉडल ओला-उबर से एकदम अलग है। यहां न कोई कमीशन लगता है और न सर्ज प्राइसिंग। ओला-उबर में कंपनी मालिक होती है, ड्राइवर सिर्फ काम करता है। 

    विशेषता  भारत टैक्सी    अन्‍य एप आधारित टैक्‍सी 
    कमीशन 0% (कोई कमीशन नहीं) 20% से 30% तक की कटौती
    सर्ज प्राइसिंग  नहीं लगता (किराया स्थिर रहता है) पीक ऑवर्स में किराया कई गुना बढ़ जाता है
    ड्राइवर की स्थिति को-ओनर/शेयरधारक (मालिक के समान) कॉन्ट्रैक्ट वर्कर (सिर्फ कर्मचारी)
    डेली एक्सेस फीस ₹30 फ्लैट (निश्चित शुल्क) प्रतिशत के आधार पर हर ट्रिप से कटौती
    किराया निर्धारण नियंत्रित और पारदर्शी (डिमांड से प्रभावित नहीं) एल्गोरिदम आधारित (डिमांड बढ़ने पर अधिक)
    मुनाफे का हकदार सीधे ड्राइवर विदेशी या कॉर्पोरेट कंपनियां
    मॉडल का आधार ड्राइवर वेलफेयर और पारदर्शिता कॉर्पोरेट प्रॉफिट और एल्गोरिदम

    यही कारण है कि भारत टैक्‍सी का किराया यात्रियों के लिए 30% तक सस्ता हो सकता है। दूसरी ओर ड्राइवरों को कमीशन नहीं देना है तो ज्‍यादा कमाई होगी।

    महिलाओं के लिए क्‍या है खास?

    भारत टैक्‍सी महिलाओं को बढ़ावा दे रहा है, जिसमें 'बाइक दीदी' या 'महिला सारथी' प्रोग्राम के तहत अब तक 150 से ज्यादा महिलाएं जुड़ चुकी हैं। साल 2030 तक 15,000 महिलाओं को फ्री ट्रेनिंग देने का लक्ष्‍य रखा है। महिलाएं भी जीरो कमीशन मॉडल का फायदा उठाकर रोजाना कमाई कर सकती हैं।

    भारत टैक्सी में सेफ्टी फीचर क्या हैं?

    भारत टैक्‍सी में सवारी और ड्राइवर दोनों की सुरक्षा के जरूरी इंतजाम किए हैं...

    • ड्राइवर का वेरिफिकेशन (आईडी, लाइसेंस आदि)
    • राइड का डिजिटल रिकॉर्ड
    • एप के जरिए ट्रिप ट्रैकिंग
    • इमरजेंसी की स्थिति में सपोर्ट सिस्टम
    Bharat Ki taxi inside

    ड्राइवर बदसलूकी करे तो शिकायत कहां करें?

    अगर किसी सवारी के साथ गलत व्यवहार होता है तो घबराने की जरूरत नहीं है। भारत टैक्सी ऐप के हेल्प/सपोर्ट सेक्शन में जाकर कस्टमर केयर या शिकायत नंबर पर राइड डिटेल्स के साथ लिखित शिकायत कर सकते हैं, क्योंकि ड्राइवर खुद इस सिस्टम का हिस्सा हैं, इसलिए जवाबदेही भी ज्यादा तय की जाती है।

    भारत टैक्‍सी के बारे में यह भी जान लें ...

    • भारत टैक्सी एप पर हर दिन 10,000 राइड्स पूरी की जा रही हैं।
    • 150 से ज्‍यादा महिला ड्राइवर ‘बाइक दीदी’ योजना के तहत प्लेटफॉर्म से जुड़ी हैं।
    • ड्राइवरों को अब तक ₹10 करोड़ से ज्‍यादा का भुगतान किया जा चुका है।
    • भारत टैक्सी लॉन्‍च करने का एलान 6 जून 2025 को किया गया।
    • दिल्ली-NCR और गुजरात में भारत टैक्सी की सेवाएं शुरू हो चुकी हैं।
    • पांच लाख से अधिक यूजर्स एप पर रजिस्टर हो चुके हैं।
    • एक लाख से अधिक ड्राइवर भारत टैक्सी प्लेटफॉर्म से जुड़े हैं।

    कार चालक देवेंद्र सिंह ने क्‍या बताया- 

     मैंने भारत टैक्‍सी एप डाउनलोड करके रजिस्‍टर कर लिया है। वेरिफिकेशन भी हो गया है, लेकिन अभी तक एक भी राइड आई नहीं है। जब ज्‍यादा लोग रजिस्‍टर करेंगे। फिर राइड आना शुरू होंगी। तभी मैं मेरा सही एक्‍सपीरिएंस शेयर कर पाऊंगा। सरकार का कहना है कि पूरा किराया मिलेगा। अब देखते हैं कि क्‍या सच में पूरा किराया मिलेगा। 

    मेरा भारत टैक्‍सी के साथ एक्‍सपीरिएंस-

    मैंने ऑफिस से घर लौटने के लिए सबसे पहले ओला एप खोला। किराया चेक किया तो ऑटो का भाड़ा 87 रुपये दिखा। इसके बाद भारत टैक्सी एप देखा, जहां वही राइड 69 रुपये में उपलब्ध थी। राइड बुक होगी या नहीं, इस संशय के साथ मैंने ऑटो बुक किया, लेकिन कुछ ही सेकंड में बुकिंग कन्फर्म हो गई। महज दो मिनट के भीतर ऑटो ऑफिस बिल्डिंग के गेट पर पहुंच गया। पिन साझा किया और राइड शुरू हुई। बातचीत के दौरान ड्राइवर भूपेंद्र पोद्दार ने बताया कि एप पर तो बहुत दिन पहले ही रजिस्‍टर कर लिया था, लेकिन भारत टैक्सी एप पर यह उनकी भी मेरी तरह पहली राइड है। 

     

    Bharat Taxi use

    ये भारत टैक्‍सी एप और ओला - दोनों के स्‍क्रीनशॉट हैं। 


    यह भी पढ़ें- सरकार ने लॉन्च किया 'भारत टैक्सी', ओला-उबर को मिलेगी कड़ी टक्कर; ड्राइवर खुद होंगे मालिक