Trending

    loading ads...
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'आतंकवाद के बिना नहीं रह सकता पाकिस्तान', बासित के बड़बोलेपन पर भाजपा ने दिखाया आईना

    Updated: Sun, 22 Mar 2026 11:59 PM (IST)

    भाजपा ने पूर्व पाकिस्तानी राजनयिक अब्दुल बासित के भारत पर हमले की धमकी वाले बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा प्रवक्ता तुहीन सिन्हा ने कहा कि बासि ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    बासित का यह बयान पाकिस्तान की बौखलाहट को दर्शाता है।

    डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भाजपा ने पूर्व पाकिस्तानी राजनयिक अब्दुल बासित के बड़बोलेपन पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पाकिस्तान को आईना दिखाया है। कहा- बासित के बयान दर्शाते हैं कि पाकिस्तान आतंकवाद के बिना नहीं रह सकता।

    भारत में पाकिस्तान के उच्चायुक्त रह चुके बासित ने हाल ही में एक पाकिस्तानी चैनल पर कहा था कि यदि अमेरिका ने पाकिस्तान पर हमला किया तो भले ही अमेरिका हमारी परमाणु रेंज में न आए, हमारे पास विकल्प है। हम बदले में नई दिल्ली और मुंबई जैसे भारतीय शहरों पर हमला करेंगे।

    भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता तुहीन सिन्हा ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा- 'बासित का यह बयान पाकिस्तान की बौखलाहट को दर्शाता है। यह दिखाता है कि आज भी पाकिस्तान ऑपरेशन सिंदूर के दौरान मिले गहरे जख्मों से बुरी तरह बौखलाया हुआ है। उसने अपना मानसिक संतुलन खो दिया है।'

    उन्होंने पाकिस्तान को आतंकी देश करार देते हुए कहा- 'यह एक ऐसा देश है जिसकी रग-रग में आतंकवाद है। पिछले वर्ष पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर ने अमेरिका से कहा था कि यदि जरूरत पड़ी तो जामनगर में तेल रिफाइनरियों को उड़ा दिया जाएगा। अब देश के पूर्व राजदूत ने इस तरह की भाषा का प्रयोग किया है। यह दिखाता है कि आतंकवाद पाकिस्तान के स्वभाव में ही है और वह इसके बिना नहीं रह सकता।'

    इस्लामाबाद द्वारा काबुल में एक नशा मुक्ति केंद्र पर किए गए हवाई हमलों का उल्लेख करते हुए भाजपा नेता ने कहा कि पवित्र रमजान के महीने में पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर बमबारी की और वहां 400 लोगों की हत्या की। भारत ने उसकी भी निंदा की थी। अब वे भारत को धमकी दे रहे हैं।

    उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को अच्छी तरह समझ लेना चाहिए कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद आतंकवाद की उनकी दुकानदारी अब खत्म हो चुका है। सिंधु जल संधि को निलंबित करके भारत ने पाकिस्तान को इतना नुकसान पहुंचाया है कि वह आतंकवाद को बढ़ावा देने से पहले 10 बार सोचेगा। सिन्हा ने कांग्रेस के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती संप्रग सरकार पर भी पाकिस्तान-प्रायोजित आतंकवाद पर चुप रहने का आरोप लगाया।

    (न्यूज एजेंसी आईएएनएस के इनपुट के साथ)