BRICS Summit 2026 Live Updates: चिनफिंग दिल्ली के लिए रवाना, PM मोदी के साथ आज होगी द्विपक्षीय वार्ता
भारत नई दिल्ली के भारत मंडपम में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। इस सम्मेलन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग और ईरान, दक्षिण अफ्रीका व मिस्र के राष्ट्रपतियों सहित कई वैश्विक नेता हिस्सा ले रहे हैं।

भारत की अध्यक्षता में ब्रिक्स समिट 2026 (फोटो: पीटीआई)
BRICS Summit 2026: डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत 12 और 13 सितंबर (शनिवार और रविवार) को नई दिल्ली के भारत मंडपम में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। इस बड़े आयोजन में ब्रिक्स देशों के नेता, उनके सहयोगी और कुछ खास मेहमान एक ही मंच पर साथ नजर आएंगे।
इस बार भारत की अध्यक्षता में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की थीम रेजिलियंस, इनोवेशन, कोऑपरेशन और सस्टेनेबिलिटी रखी गई है। सीधे शब्दों में कहें तो थीम इंसानियत सबसे पहले की भावना से जुड़ी है।
इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ-साथ रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंज और ईरान, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र के राष्ट्रपतियों सहित कई प्रमुख वैश्विक नेता हिस्सा ले रहे हैं।
'रूस का यूरोप को धमकाने का कोई इरादा नहीं', ब्रिक्स समिट 2026 से पहले पुतिन का बयान
BRICS Summit 2026: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने स्पष्ट किया है कि रूस का यूरोपीय देशों को धमकाने या उनसे किसी भी तरह के टकराव का कोई इरादा नहीं है। उन्होंने कहा कि द्वितीय विश्व युद्ध और सोवियत संघ के विघटन के बाद बनी व्यवस्था को रूस पहले ही स्वीकार कर चुका है, इसलिए विवाद की कोई वजह नहीं बचती।
BRICS समिट 2026 के लिए WHO महानिदेशक पहुंचे भारत
BRICS Summit 2026: WHO के महानिदेशक टेड्रोस एडनॉम घेब्रेयसस 18वें ब्रिक्स समिट 2026 के लिए भारत पहुंचे।
आज शाम चीन के राष्ट्रपति चिनफिंग और PM मोदी की वार्ता
BRICS Summit 2026: ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग के बीच एक महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठक होगी। दोनों नेताओं के बीच बातचीत शाम 5:45 बजे शुरू होगी। भारत में चीनी राजनयिक शू फेइहोंग ने भी इस बात की पुष्टि की है।
