सीएम बनने के बाद शुभेंदु का पहला दिल्ली दौरा, पीएम मोदी और केंद्रीय मंत्रियों से कर सकते हैं मुलाकात
शुभेंदु शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात करेंगे। मालूम हो कि बंगाल में हाल में संपन्न विधानसभा चुनाव में भा ...और पढ़ें

बंगाल के सीएम बनने के बाद पहली बार कल दिल्ली जा सकते हैं मुख्यमंत्री शुभेंदु (फोटो- एएनआई)
HighLights
प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से भी करेंगे मुलाकात
पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ बंगाल में मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर भी कर सकते हैं चर्चा
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के करीब दो सप्ताह बाद शुभेंदु अधिकारी पहली बार दिल्ली दौरे पर जा रहे हैं। गुरुवार शाम उनके राष्ट्रीय राजधानी पहुंचने की संभावना है। मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालने के बाद दिल्ली की इस पहली यात्रा के दौरान उनकी कई अहम बैठकें प्रस्तावित हैं।
शुभेंदु शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात करेंगे। मालूम हो कि बंगाल में हाल में संपन्न विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली प्रचंड जीत के बाद शुभेंदु अधिकारी ने नौ मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।
बंगाल में शुभेंदु की अगुवाई में बनी पहली भाजपा सरकार के ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री शाह सहित कई अन्य केंद्रीय मंत्रियों के अलावा एनडीए शासित 22 राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हुए थे।
शपथ लेने के बाद से ही शुभेंदु सरकार चुनावी संकल्प पत्र में किए गए वादों को तेजी से लागू करने में जुटी हुई है। नई सरकार ने दो सप्ताह के भीतर ही कई बड़े और कड़े निर्णय लिए हैं।
नई सरकार अब तक महिलाओं के लिए 3,000 रुपये मासिक सहायता वाली अन्नपूर्णा भंडार योजना और मुफ्त बस सेवा, भारत-बांग्लादेश सीमा पर बीएसएफ को भूमि हस्तांतरण प्रक्रिया की शुरुआत सहित आयुष्मान भारत जैसी केंद्रीय योजनाओं को राज्य में लागू करने जैसे कई बड़े फैसले ले चुकी है। इन सबके बीच मुख्यमंत्री का यह दिल्ली दौरा राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी इस समय इटली दौरे पर हैं और गुरुवार को भारत लौटेंगे। ऐसे में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और प्रधानमंत्री मोदी की मुलाकात शुक्रवार को हो सकती है।
गृह मंत्री शाह से भी मुलाकात तय है। विपक्ष के नेता रहते हुए भी शुभेंदु अधिकारी जब-जब दिल्ली जाते थे, अमित शाह से उनकी बैठक होती रही है।
उधर, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य भी बुधवार रात दिल्ली गए हैं। माना जा रहा है कि दोनों नेता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ बंगाल में मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर भी चर्चा कर सकते हैं। शुभेंदु के साथ केवल पांच मंत्रियों ने शपथ ली थी।
खबरें और भी
ऐसे में जल्द ही राज्य में मंत्रिमंडल के विस्तार की संभावना है। इसके अलावा राज्य सरकार के शुरुआती दो सप्ताह के कामकाज, प्रशासनिक प्राथमिकताओं और आने वाले दिनों की रणनीति पर भी भाजपा नेतृत्व के साथ विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।